दिल्ली के बांसेरा में होगा अंतरराष्ट्रीय पतंग उत्सव, जनवरी में 20 देशों के पतंगबाज 3 दिन दिखाएंगे हुनर
दिल्ली विकास प्राधिकरण 15 से 17 जनवरी 2027 तक बांसेरा में चौथा पतंग उत्सव आयोजित करेगा। इस उत्सव में 20 देशों के अंतरराष्ट्रीय और 7 राज्यों के भारतीय पतंगबाज हिस्सा लेंगे।

दिल्ली के बांसेरा पार्क में होगा तीन दिवसीय पतंग उत्सव। फोटो: आर्काइव
HighLights
डीडीए बांसेरा में चौथा पतंग उत्सव आयोजित करेगा।
20 देशों के 50 अंतरराष्ट्रीय पतंगबाज शामिल होंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम, फूड कोर्ट और बच्चों की गतिविधियां होंगी।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। मकर संक्रांति के अवसर पर दिल्ली के आसमान में विश्व भर की पतंगें उड़ेंगी। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) 15 से 17 जनवरी 2027 तक बांसेरा में चौथा पतंग उत्सव आयोजित करेगा।
इस उत्सव में 20 देशों के 50 अंतरराष्ट्रीय और 7 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के 54 भारतीय पतंगबाज हिस्सा लेंगे।
20 देशों के 50 अंतरराष्ट्रीय पतंगबाज लेंगे हिस्सा
आस्ट्रेलिया, कोलंबिया, फ्रांस, इंडोनेशिया, दक्षिण कोरिया और ट्यूनीशिया समेत कई देशों के पतंगबाज इसमें शामिल होने के लिए आएंगे। वहीं, गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, कर्नाटक, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली और पुडुचेरी के पतंगबाज शामिल होंगे।
यहां पहुंचकर लोग विशाल पतंगें, सटीक उड़ान और टीमों के समन्वित प्रदर्शन देख सकेंगे। पतंगों के इतिहास पर एक मंडप भी होगा। फोटोग्राफी प्रदर्शनी में विश्व के पतंग उत्सवों की झलक देखने को मिलेगी।
लोग पारंपरिक स्टाल से पतंग और धागा खरीदकर खुद भी पतंग उड़ा सकेंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ फूड कोर्ट भी
इस अवसर पर तीनों दिन संगीतमय शाम आयोजित होगी, जिसमें सूफी, कव्वाली, लोकगीत और फ्यूजन प्रस्तुतियां होंगी। छह सांस्कृतिक दल अपना प्रदर्शन करेंगे।
फूड कोर्ट में कम से कम 10 स्टाल होंगे। बच्चों के लिए मिट्टी के बर्तन बनाना, पेंटिंग, कठपुतली शो और टॉय ट्रेन राइड होगी। डीडीए प्रवक्ता का कहना है कि आयोजन के समय, कार्यक्रम और ऑनलाइन बुकिंग की जानकारी शीघ्र दी जाएगी।