सोने की महंगाई के बीच हल्के गहनों का क्रेज, दिल्ली ज्वेलरी फेयर में 3000 ब्रांड और 1.5 लाख से ज्यादा डिजाइन
दिल्ली के भारत मंडपम में तीन दिवसीय ज्वेलरी एंड जेम फेयर शुरू हो गया है, जहाँ देशभर के आभूषण कारोबारी ...और पढ़ें

भारत मंडपम में दिल्ली ज्वेलरी एंड जेम फेयर में आभूषणों के डिजाइन देखते दर्शक। जागरण
HighLights
भारत मंडपम में तीन दिवसीय दिल्ली ज्वेलरी एंड जेम फेयर शुरू।
प्रदर्शनी में 650 से अधिक प्रदर्शक, 1.5 लाख से ज्यादा डिजाइन।
सोने की बढ़ती कीमतों के बीच हल्के आभूषणों की मांग बढ़ी।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। अगर आपको सोने, चांदी, हीरे और दूसरे कीमती गहनों के नए डिजाइन देखने में दिलचस्पी है तो दिल्ली में चल रही ज्वेलरी प्रदर्शनी खास आकर्षण का केंद्र है।
शनिवार से सोमवार तक भारत मंडपम में आयोजित तीन दिवसीय दिल्ली ज्वेलरी एंड जेम फेयर में देशभर के आभूषण कारोबारियों ने अपने उत्पाद प्रदर्शित किए हैं। इस प्रदर्शनी का उदघाटन शनिवार को सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने किया।
प्रदर्शनी में हाल नंबर एक से पांच में 650 से अधिक प्रदर्शक, 3000 से ज्यादा ब्रांड और 1.5 लाख से अधिक डिजाइन देखने को मिलेंगे। पारंपरिक भारतीय आभूषणों से लेकर आधुनिक डिजाइन तक, लोगों को गहनों की बदलती पसंद को करीब से देखने का मौका मिलेगा। चांदी के आभूषणों के लिए विशेष मंडप और आभूषण बनाने वाली मशीनों के लिए अलग बड़ा हाल भी आकर्षण का केंद्र है।
सोने की बढ़ती कीमतों के बीच बढ़ी गहनों की मांग
खास आकर्षण हल्के वजन के आभूषण हैं। सोने की बढ़ती कीमतों के बीच ऐसे गहनों की मांग बढ़ रही है, जिन्हें कम वजन में भी पहना जा सके। रोजाना पहनने वाले गहनों से लेकर शादी और विशेष अवसरों के लिए तैयार डिजाइन यहां देखे जा सकते हैं। कारीगरों की कला और आभूषण बनाने की नई तकनीक को देखने का अवसर भी मिलेगा।
आयोजक इनफार्मा मार्केट्स इंडिया के प्रबंध निदेशक योगेश मुद्रास ने कहा कि सोने की ऊंची कीमतों और ग्राहकों की बदलती पसंद के कारण हल्के, किफायती और अलग डिजाइन वाले आभूषणों पर जोर बढ़ रहा है। साथ ही हालमार्क, पारदर्शिता और जिम्मेदार तरीके से आभूषण तैयार करने पर भी ध्यान बढ़ रहा है।
