विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चोरी का सोना-चांदी खपाने वाला ज्वेलर दबोचा गया! बाराहाट कांड में जमुई व जसीडीह में छापेमारी, 10.1 KG चांदी बरामद

Published: Sat, 26 Sep 2026 07:42 PM (IST)

बांका के बाराहाट बाजार में 50 लाख रुपये के जेवरात चोरी मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। ...और पढ़ें

बांका बाराहाट में 50 लाख की भीषण चोरी का खुलासा।

बांका बाराहाट में 50 लाख की भीषण चोरी का खुलासा।

HighLights

  1. बाराहाट चोरी मामले में जमुई का सराफा कारोबारी गिरफ्तार।

  2. आरोपी उमेश पोद्दार से 10.1 किलोग्राम चांदी, सोने के जेवर बरामद।

  3. बिहार-झारखंड में पुलिस की छापेमारी, आगे की जांच जारी।

संवाद सूत्र, बाराहाट (बांका)। बांका जिले के बाराहाट बाजार स्थित व्यवसायी अमित चौधरी के आवास से करीब 50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात की भीषण चोरी के बहुचर्चित मामले में पुलिस को अंतरराज्यीय स्तर पर बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। बौंसी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम ने चोरी के आभूषणों की खरीद-बिक्री के इनपुट के आधार पर जमुई जिले के चंद्रमंडी टोला निवासी सराफा कारोबारी उमेश पोद्दार उर्फ गुड्डू पोद्दार को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपित की निशानदेही पर बिहार और झारखंड स्थित उसकी आभूषण दुकानों पर सघन छापेमारी कर 10.1 किलोग्राम चांदी, सोने के जेवरात और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। बाराहाट बाजार में 25 जुलाई को हुई इस वारदात ने पूरे इलाके के व्यवसायियों को हिलाकर रख दिया था। मामले में पूर्व में कुछ मुख्य चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था।

पूछताछ और तकनीकी अनुसंधान में यह बात पुख्ता हुई कि चोरी किए गए अधिकांश आभूषण जमुई के चंद्रमंडी टोला निवासी ज्वेलर उमेश पोद्दार को औने-पौने दाम पर बेचे गए थे। इसके बाद पुलिस टीम ने जाल बिछाकर अप्राथमिक आरोपित उमेश पोद्दार को दबोच लिया।

जमुई और देवघर की दुकानों में ताबड़तोड़ रेड

गिरफ्तारी के बाद पुलिसिया पूछताछ में आरोपित ने चोरी का माल खरीदने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक साथ दो राज्यों के ठिकानों पर दबिश दी। एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने बताया कि झारखंड के देवघर जिला अंतर्गत जसीडीह थाना क्षेत्र के खौरीपानन स्थित दुकान से करीब 6.03 किलोग्राम चांदी के विभिन्न आभूषण, चांदी की मोती वाली माला और 3.5 ग्राम सोने के जेवर बरामद किए गए।

10 किलो से अधिक चांदी जब्त

वहीं, जमुई जिले के माधोपुर बाजार स्थित आरोपित की दूसरी दुकान 'मां तारा ज्वेलर्स' में की गई छापेमारी के दौरान करीब 4.070 किलोग्राम चांदी के जेवर, 30 ग्राम 15 मिलीग्राम सोने के आभूषण, 130 ग्राम चांदी के लॉकेट, 600 ग्राम मोतियों की माला और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया। दोनों दुकानों को मिलाकर कुल 10.1 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद हुए हैं।

चोरी का माल खपाने वाले गिरोह पर नजर

एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने बताया कि बाराहाट थानाध्यक्ष अशोक कुमार और अपर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार की टीम ने सटीक सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए यह बड़ी रिकवरी की है। पुलिस अब बरामद आभूषणों का मिलान पीड़ित अमित चौधरी की चोरी गई सूची से करा रही है।

अन्य कड़ियों की तलाश

इसके साथ ही इस बात की भी गहन तफ्तीश की जा रही है कि जमुई और देवघर के इस नेटवर्क में चोरी का सोना गलाने या री-साइकिल करने वाले और कौन-कौन से बड़े कारोबारी शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरी का माल खरीदने वालों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

यह भी पढ़ें- खेत को पिला दी 21 हजार लीटर शराब! बांका में नष्ट की गई मदिरा बहकर खेत में पहुंची, पीली पड़ी धान की फसल