विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पुरानी दिल्ली से पटेल नगर तक पानी बचाने की पहल, 22 लाख लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करेगा जल बोर्ड

Published: Mon, 09 Nov 2026 03:11 PM (IST)

दिल्ली जल बोर्ड चंद्रावल जल शोधन संयंत्र कमांड क्षेत्र में पानी की बर्बादी रोकने और जल संरक्षण के प्रति जन जागरूकता अभियान चलाएगा।

JICA की मदद से शुरू होगा 3 साल का जागरूकता अभियान

JICA की मदद से शुरू होगा 3 साल का जागरूकता अभियान

HighLights

  1. पानी के उचित इस्तेमाल और संरक्षण हेतु जागरूकता अभियान।

  2. चंद्रावल जल शोधन संयंत्र कमांड क्षेत्र में होगा लागू।

  3. 1.53 करोड़ रुपये की लागत से 36 महीने का कार्यक्रम।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। पानी की बर्बादी रोकने के लिए जल बोर्ड जन जागरूकता अभियान चलाएगा। दिल्ली जल बोर्ड द्वारा यह जागरूकता अभियान चंद्रावल जल शोधन संयंत्र के कमांड क्षेत्र में पानी की आपूर्ति व्यवस्था सुधारने के साथ लोगों को भी जागरूक करने के लिए चलाया जाएगा।

जापान अंतरराष्ट्रीय सहयोग एजेंसी (जेआइसीए) की सहायता से चल रही दिल्ली जलापूर्ति सुधार परियोजना के तहत जनसंपर्क कार्यक्रम पर करीब 1.53 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए जल बोर्ड ने निविदा जारी की है।

कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को पानी के उचित इस्तेमाल, जल संरक्षण और बेहतर जलापूर्ति व्यवस्था में जनभागीदारी के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसी परियोजना के तहत वर्ष 2019 में भी जनसंपर्क कार्यक्रम की निविदा जारी हुई थी। मगर परियोजना पर काम आगे नहीं बढ़ सका था।

पुरानी दिल्ली समेत कई इलाके शामिल

इस कमांड क्षेत्र में पुरानी दिल्ली, चांदनी चौक, पहाड़गंज, सदर बाजार, सिविल लाइंस, करोल बाग, कमला नगर, मल्कागंज, पटेल नगर, राजेंद्र नगर, शादीपुर और नारायणा सहित कई इलाके आते हैं। दिल्ली जल बोर्ड के अनुसार इसका क्षेत्रफल करीब 92 वर्ग किलोमीटर है, जो दिल्ली के कुल भौगोलिक क्षेत्र का लगभग 6.2 प्रतिशत है। इसमें करीब 22 लाख लोग अाते हैं।

महत्वपूर्ण तथ्य

  • परियोजना- जन-जागरूकता कार्यक्रम
  • क्षेत्र- चंद्रावल जल शोधन संयंत्र कमांड क्षेत्र
  • अनुमानित लागत- 1.52 करोड़ रुपये
  • कार्य अवधि- 36 महीने

जनसंपर्क कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार, पानी के सही इस्तेमाल और जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके तहत प्रमुख रूप से इन विषयों पर जानकारी दी जाएगी और कार्यक्रम चलाए जाएंगे।

  • पीने के पानी का जरूरत के अनुसार इस्तेमाल और बर्बादी रोकना।
  • पानी की पाइपलाइनों में रिसाव की सूचना संबंधित विभाग को देना।
  • पेयजल की गुणवत्ता और स्वच्छता के प्रति जागरूकता।
  • पानी की आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों के लिए उपलब्ध व्यवस्था की जानकारी।
  • जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देना।

दिल्ली में पानी की मांग, उपलब्धता और बर्बादी

  • दिल्ली में प्रतिदिन 1250 मिलियन गैलन (एमजीडी) पेयजल की आवश्यकता आंकी गई है।
  • दिल्ली जल बोर्ड प्रतिदिन करीब 1000 एमजीडी पानी उपलब्ध करा रहा है।
  • मांग और उपलब्धता के बीच करीब 250 एमजीडी का अंतर है।

अनुमान के अनुसार दिल्ली में कुल आपूर्ति का 51 से 53 प्रतिशत पानी गैर-राजस्व जल की श्रेणी में रहता है। इसमें पाइपलाइन से रिसाव, चोरी, बिना बिल की आपूर्ति और मीटर संबंधी गड़बड़ियां शामिल हैं।

51-53 प्रतिशत गैर-राजस्व जल का मतलब यह नहीं है कि इतना पूरा पानी सड़कों पर बहकर बर्बाद हो जाता है। इसमें वह पानी भी शामिल है जिसकी आपूर्ति का हिसाब या बिल नहीं बन पाता। दिल्ली में कई जलापूर्ति पाइपलाइन 40 से 50 साल पुरानी हैं। इनके कारण भी पानी का रिसाव होता है।

यह भी पढ़ें- स्मॉग की चादर में लिपटी दिल्ली पर राजनीति तेज, BJP बोली- 'रची गई साजिश'; AAP-कांग्रेस ने AQI आंकड़ों पर उठाए सवाल

यह भी पढ़ें- दीवाली की रात आग से राजस्थान-दिल्ली समेत देशभर में 23 मौतें, MP में 13 तो महाराष्ट्र में 6 लोग जिंदा जले

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।