विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IGI एयरपोर्ट ने लगाई ऊंची छलांग, वैश्विक रैंकिंग में मिला 28वां स्थान; बना दुनिया का नया 'कनेक्टिंग हब'

Published: Thu, 24 Sep 2026 06:45 AM (IST)

दिल्ली का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (IGI) अब सिर्फ यात्रा का माध्यम नहीं, बल्कि एक प्रमुख कनेक्टिंग हब के ...और पढ़ें

दिल्ली IGI एयरपोर्ट बना वैश्विक कनेक्टिविटी का नया केंद्र, रैंकिंग में भी उछाल।

दिल्ली IGI एयरपोर्ट बना वैश्विक कनेक्टिविटी का नया केंद्र, रैंकिंग में भी उछाल।

HighLights

  1. IGI एयरपोर्ट 160 गंतव्यों से जुड़ा, 50 हजार यात्री रोज बदलते उड़ान।

  2. वैश्विक ओएजी मेगाहब्स इंडेक्स में 28वें स्थान पर पहुंचा, भारत का शीर्ष।

  3. फिलीपीन एयरलाइंस, ईवीए एयर से बढ़ेगी अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। देश के अलग-अलग शहरों को विदेशों से जोड़ने वाले प्रमुख विमानन केंद्र के रूप में दिल्ली का आइजीआइ एयरपोर्ट लगातार अपनी कनेक्टिविटी बढ़ा रहा है। यहां, अब 70 अंतरराष्ट्रीय और 90 घरेलू समेत 160 गंतव्यों के लिए हवाई संपर्क उपलब्ध है। वहीं, रोजाना करीब 50 हजार यात्री यहां उड़ान बदलते हैं। यानी हर महीने करीब 15 लाख यात्री दिल्ली को ट्रांजिट हब के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं।

एयरपोर्ट की बढ़ती कनेक्टिविटी का असर वैश्विक रैंकिंग में भी दिखाई दिया है। ओएजी (ऑफिशियल एयरलाइन गाइड) मेगाहब्स इंडेक्स-2026 में दिल्ली एयरपोर्ट 11 पायदान ऊपर चढ़कर 28वें स्थान पर पहुंच गया है। वर्ष 2025 में यह 39वें स्थान पर था। दिल्ली इस सूची के वैश्विक शीर्ष 30 में शामिल होने वाला एकमात्र भारतीय एयरपोर्ट है। वहीं, कम लागत वाली एयरलाइंस (एलसीसी) के कनेक्शन के लिहाज से दिल्ली को 11,045 संभावित कनेक्शनों के साथ दुनिया का प्रमुख एलसीसी मेगाहब बताया गया है।

हब मॉडल मुख्य रूप से देश के बड़े घरेलू विमानन नेटवर्क पर आधारित

दिल्ली का हब मॉडल मुख्य रूप से देश के बड़े घरेलू विमानन नेटवर्क पर आधारित है। जयपुर, लखनऊ, पटना, रांची, इंदौर, भुवनेश्वर और गुवाहाटी जैसे शहरों से आने वाले यात्री दिल्ली के रास्ते यूरोप, उत्तरी अमेरिका, दक्षिण-पूर्व एशिया, आस्ट्रेलिया, मध्य एशिया और मध्य-पूर्व के गंतव्यों तक पहुंच सकते हैं। हाल में बीजिंग और उज्बेकिस्तान के नमनगन के लिए कनेक्टिविटी जुड़ी है। जबकि बरेली, दमन, अंबिकापुर, हलवारा और किशनगढ़ जैसे घरेलू गंतव्य भी नेटवर्क में शामिल हुए हैं।

आने वाले महीनों में दिल्ली से अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी और बढ़ने की संभावना है। फिलीपीन एयरलाइंस के नवंबर में दिल्ली-मनीला सेवा शुरू करने की उम्मीद है। वहीं, ईवीए एयर एक दिसंबर से दिल्ली-ताइपे सेवा शुरू करने वाली है। एयरपोर्ट रूस, मंगोलिया और अफ्रीकी देशों के साथ भी सीधी कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए बातचीत कर रहा है।

यात्रियों के लिए टर्मिनल कनेक्टिविटी सुधारने की दिशा में टर्मिनल-1 और टर्मिनल-3 के बीच एयरसाइड ट्रांसफर की सुविधा पर भी विचार किया जा रहा है। प्रस्ताव फिलहाल ब्यूरो आफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (बीसीएएस) के विचाराधीन है।

यह भी पढ़ें- पश्चिमी दिल्ली के कीर्ति नगर में पार्किंग में लगी भीषण आग, 15 कारें जलकर राख