दिल्ली में करनाल बाईपास पर हिट एंड रन, टक्कर लगने से स्कूटी सवार युवक की मौत; दूसरा साथी घायल
बाहरी दिल्ली के करनाल बाईपास पर अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार दो युवक घायल हो गए, जिसमें 19 वर्षीय अभिषेक की मौत हो गई। भलस्वा डेयरी पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश कर रही है, जबकि दूसरा युवक शिवम घायल है।

दिल्ली में हादसे में एक युवक की मौत हो गई। सांकेतिक तस्वीर - जागरण
HighLights
करनाल बाईपास पर अज्ञात वाहन ने स्कूटी को टक्कर मारी।
हादसे में 19 वर्षीय अभिषेक की उपचार के दौरान मौत हुई।
पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी हुई है।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। बाहरी दिल्ली के भलस्वा डेयरी थाना क्षेत्र में करनाल बाईपास आउटर रिंग रोड पर शनिवार तड़के अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार दो युवक घायल हो गए।
वहीं, दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान 19 वर्षीय अभिषेक की मौत हो गई। हादसे में शिवम (22) भी घायल हुआ है। पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 4:40 बजे हादसे की पीसीआर कॉल भलस्वा डेयरी थाने में मिली। सूचना पर एएसआई गजराज मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक घायल शिवम पुत्र किशन और अभिषेक पुत्र अशोक को बीजेआरएम अस्पताल पहुंचाया जा चुका था।
अज्ञात वाहन ने स्कूटी को मारी टक्कर
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी कब्जे में लेकर थाने में रखवा दी। पीसीआर कॉल करने वाले प्रवीण ने बताया कि वह रास्ते से गुजर रहे थे, तभी सड़क पर दोनों युवक घायल अवस्था में पड़े दिखे। किसी अज्ञात वाहन ने स्कूटी को टक्कर मारी थी।
इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। दोनों घायलों को बाद में बीजेआरएम अस्पताल से एलएनजेपी अस्पताल स्थानांतरित किया गया। वहां उपचार के दौरान अभिषेक की मौत हो गई। उसके स्वजन ने जांच अधिकारी को इसकी जानकारी दी। भलस्वा डेयरी थाना पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने और फरार वाहन चालक की पहचान करने में जुटी है।