दिल्ली में हिट एंड रन: आउटर रिंग रोड पर अज्ञात वाहन ने पैदल चल रहे युवक को मारी टक्कर, मौके पर मौत
दिल्ली के आउटर रिंग रोड पर एक दर्दनाक हिट एंड रन की घटना में एक ट्रक ड्राइवर की मौके पर ...और पढ़ें

AIIMS ट्रॉमा सेंटर पहुंचने से पहले गई युवक की जान (AI-Generated Image)
HighLights
दिल्ली आउटर रिंग रोड पर हिट एंड रन की घटना।
ट्रक ड्राइवर नेम सिंह की मौके पर ही मौत।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की तलाश में।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली के आउटर रिंग रोड पर हिट एंड रन का एक मामला सामने आया है। आईटीओ (ITO) की तरफ जाने वाले रोड पर आईपी पार्क (IP Park) के गेट नंबर-4 के पास एक अज्ञात वाहन ने पैदल चल रहे ट्रक ड्राइवर को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी ड्राइवर वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
सूचना के बाद मौके पर पुलिस
जानकारी के अनुसार, सनलाइट कॉलोनी थाने की पुलिस को इमरजेंसी जीडी (GD) नंबर 16A के जरिए हादसे की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर एएसआई (ASI) गजेंद्र सिंह और कांस्टेबल राकेश मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि सड़क किनारे एक अशोका लेलैंड ट्रक (HR 38 Y 2163) खड़ा था और उससे कुछ दूरी पर एक व्यक्ति खून से लथपथ पड़ा था।
पुलिस ने तुरंत क्राइम टीम को मौके पर बुलाया। घायल की तलाशी के दौरान उसके पास से मिले आईडी कार्ड से उसकी पहचान नेम सिंह (46 वर्ष) के रूप में हुई। वह उत्तर प्रदेश के कासगंज (एटा) जिले के पटियाली थाना क्षेत्र के गांव सहारी अंशिक का रहने वाला था। पुलिस ने जब ट्रक मालिक से संपर्क किया तो पता चला कि नेम सिंह उसी खड़े ट्रक का ड्राइवर था।
अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
घायल नेम सिंह को तुरंत कैट्स (CAT) एंबुलेंस से एम्स (AIIMS) ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के मुताबिक, नेम सिंह अपने ट्रक से उतरकर सड़क पर पैदल चल रहा था, तभी किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी।
पुलिस ने सनलाइट कॉलोनी थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर नंबर 368/26 के तहत धारा 281 और 106(1) BNS में मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही, आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर आरोपी की तलाश जारी है।
