सरोजिनी नगर के प्रीमियम फ्लैटों की नई नीलामी पर दिल्ली हाई कोर्ट ने लगाई रोक, जानिए क्या है पूरा विवाद?
दिल्ली हाई कोर्ट ने सरोजिनी नगर में एनबीसीसी द्वारा प्रीमियम फ्लैटों की ताजा नीलामी पर रोक लगा दी है। इस मामले पर एक दिसंबर को निर्णय सुनाया जाएगा।

सरोजिनी नगर फ्लैटों के नीलामी पर हाई कोर्ट ने रोक लगा दी। फोटो-जागरण आर्काइव
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। सरोजिनी नगर में प्रीमियम फ्लैटों की सरकारी निर्माण कंपनी एनबीसीसी द्वारा नीलामी रद करने के खिलाफ दायर विभिन्न याचिकाओं पर सभी पक्षों को सुनने के बाद दिल्ली हाई कोर्ट ने ताजा नीलामी पर रोक लगा दी है।
कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नितिन वासुदेव साम्ब्रे व न्यायमूर्ति संजय शर्मा की पीठ ने कहा कि मामले पर अदालत एक दिसंबर को अपना निर्णय सुनाएगी। अदालत ने निर्देश दिया कि एक दिसंबर तक एनबीसीसी द्वारा कोई भी ताजा नीलामी नहीं की जाएगी।
एनबीसीसी की तरफ से पेश हुए वकील ने क्या कहा?
सुनवाई के दाैरान एनबीसीसी की तरफ से पेश हुए अधिवक्ता अबीर फुकन ने तर्क दिया कि बोली दस्तावेजों को रद करने का उसे अधिकार है। एनबीसीसी ने कहा कि 49 यूनिट्स के लिए लगाई गई बोलियां असामान्य रूप से कम और व्यावसायिक रूप से असंतोषजनक थीं, इसलिए नीलामी रद करनी पड़ी।
एनबीसीसी ने कहा कि बोली लगने के बाद और आवंटन पत्र जारी होने से पहले बिल्डर ने व्यावसायिक आकलन किया, जिसमें कीमतों में उतार-चढ़ाव पाया गया।
क्या है एनबीसीसी का तर्क?
एनबीसीसी ने कहा कि नीलामी का मकसद सभी 245 यूनिट्स के लिए अधिकतम बिक्री मूल्य हासिल करना है और इन फ्लैटों की बिक्री से मिलने वाली अधिकतम कीमत से ही वह और सीपीडब्ल्यूडी, सरकारी कर्मचारियों के लिए जर्जर हो चुके आवासों के पुनर्विकास की योजना को फाइनेंस करेगी।
क्या है शिकायतकर्ताओं का आरोप?
एनबीसीसी ने सरोजिनी नगर में 245 प्रीमियम अपार्टमेंट का प्रोजेक्ट विकसित किया है। प्रमुख स्थान पर होने के कारण इन फ्लैटों की कीमत 15 करोड़ रुपये से अधिक है। इनमें से 49 फ्लैटों के लिए बोली प्रक्रिया हुई थी। याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि उन्हें सबसे ऊंची बोली लगाने वाला और सफल बोलीदाता घोषित करने के बाद एनबीसीसी ने पूरी प्रक्रिया रद कर दी।
उक्त निर्णय को बोलीदाताओं ने चुनौती दी है। उनका आरोप है कि एनबीसीसी ने चुनिंदा तरीके से बोलियां रद कीं और इसका ठोस कारण नहीं बताया। खरीदारों ने पुरानी बोलियां रद कर नई रिजर्व प्राइस तय करने के लिए अपनाए गए अर्थमेटिक क्राइटेरियन पर भी सवाल उठाए हैं।
याचिकाकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि नई नीलामी के दस्तावेजों में एनबीसीसी ने कहा है कि जमीन, प्रोजेक्ट या प्रस्तावित संपत्ति से जुड़ा कोई मुकदमा अदालत में लंबित नहीं है, जबकि इस मामले में हाई कोर्ट में तीन याचिकाएं पहले से लंबित हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।