विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ताजमहल के फोटोग्राफरों के लिए 65 साल में रिटायरमेंट का नियम खत्म, दिल्ली HC ने ASI की पाबंदी कैंसिल की

Published: Wed, 25 Nov 2026 11:15 PM (IST)

दिल्ली हाई कोर्ट ने ताजमहल में लाइसेंस प्राप्त फोटोग्राफरों के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की 65 साल की सेवानिवृत्ति उम्र वाली नीति को रद कर दिया। 

ताजमहल में फोटोग्राफरों की रिटायरमेंट उम्र को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट ने अहम फैसला दिया। फोटो: आर्काइव

ताजमहल में फोटोग्राफरों की रिटायरमेंट उम्र को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट ने अहम फैसला दिया। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. एएसआइ की 65 साल सेवानिवृत्ति नीति दिल्ली हाई कोर्ट ने रद की।

  2. कोर्ट ने कहा, यह नीति भेदभावपूर्ण और आजीविका अधिकार का हनन है।

  3. फोटोग्राफरों को स्वतंत्र पेशेवर मानते हुए काम जारी रखने की अनुमति।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। ताजमहल में काम करने वाले लाइसेंस प्राप्त फोटोग्राफरों के लिए 65 साल की सेवानिवृत्ति उम्र तय करने की भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की नीति को दिल्ली हाई कोर्ट ने रद कर दिया।

न्यायमूर्ति प्रतिभा एम. सिंह व न्यायमूर्ति दिनेश भट्ट की पीठ ने कहा कि यह पाबंदी भेदभावपूर्ण है और फोटोग्राफरों के आजीविका के अधिकार को प्रभावित करती है।

पीठ ने कहा कि फोटोग्राफर एएसआई के कर्मचारी नहीं, बल्कि स्वतंत्र पेशेवर हैं। उन्हें तब तक काम करने की इजाजत मिलनी चाहिए, जब तक उनकी शारीरिक और मानसिक क्षमता इसकी अनुमति देती है।

65 साल की उम्र में सेवानिवृत्ति का नियम रद

पीठ ने उक्त टिप्पणी और आदेश एएसआई की 24 मई 2017 की नीति के क्लाज नौ और 9.3 को चुनौती देने वाले दो फोटोग्राफरों की याचिका पर दिया। इस नीति में 60 साल के बाद मेडिकल फिटनेस और 65 साल में सेवानिवृत्ति तय की गई थी।

याचिकाकर्ताओं ने कहा था कि ताजमहल पर फोटोग्राफी ही उनके परिवार की रोजी-रोटी का इकलौता जरिया है और वे पिछले 30-40 सालों से वहां काम कर रहे हैं।

एएसआई ने दलील दी थी कि युवाओं को मौका देने के लिए उम्र सीमा जरूरी है। ताजमहल पर करीब 500 फोटोग्राफर लाइसेंस प्राप्त हैं। एएसआई ने यह भी कहा कि कई बुजुर्ग फोटोग्राफर अपने बदले किसी और को भेज देते हैं और नई तकनीक से वाकिफ नहीं हैं।

65 साल के बाद मेडिकल फिटनेस टेस्ट जरूरी

दोनों पक्ष को सुनने के बाद कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के बी.पी. शर्मा बनाम भारत सरकार मामले का हवाला दिया, जिसमें शीर्ष अदालत ने टूरिस्ट गाइड्स के लिए ऐसी ही उम्र सीमा को रद किया गया था।

उक्त तथ्यों को देखते हुए पीठ ने क्लाज 9.3 को रद कर दिया। कोर्ट ने कहा कि एएसआई 65 साल के बाद मेडिकल फिटनेस टेस्ट ले सकता है और कोई भी फोटोग्राफर अपना लाइसेंस किसी दूसरे को नहीं दे सकता।

ऐसा करने पर लाइसेंस तुरंत रद होगा। पीठ ने कहा कि फोटोग्राफरों को एएसआई द्वारा कराए जाने वाले रिफ्रेशर कोर्स और टेस्ट में शामिल होना होगा और दिव्यांग लाइसेंस धारकों के नामिनी को छोड़कर, किसी और नामिनी को काम करने की इजाजत नहीं मिलेगी।

कोर्ट ने निर्देश दिया कि याचिकाकर्ताओं के लाइसेंस, जो अब तक रिन्यू होते रहे हैं, इस साल के अंत तक और फिर हर साल रिन्यू किए जाएं।

यह भी पढ़ें- अब चिल्ड्रेन कोर्ट में होगी जूवेनाइल जस्टिस एक्ट के केसों की सुनवाई, पेंडिंग मामलों पर दिल्ली HC का फैसला

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।