दिल्ली जल बोर्ड घोटाले में बढ़ेंगी सत्येंद्र जैन की मुश्किलें! जमानत रद करने की याचिका पर HC ने ACB से मांगा जवाब
दिल्ली जल बोर्ड भ्रष्टाचार मामले में आम आदमी पार्टी नेता सत्येंद्र जैन की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। दिल्ली हाईकोर्ट ने उनकी जमानत रद्द करने की एंटी-करप्शन ब्रांच की याचिका पर नोटिस जारी किया है।

आप नेता सत्येंद्र जैन। फाइल फोटो
HighLights
सत्येंद्र जैन की जमानत रद्द करने पर हाईकोर्ट का नोटिस।
एसीबी ने दिल्ली जल बोर्ड भ्रष्टाचार मामले में याचिका दायर की।
अगली सुनवाई 22 दिसंबर को, जैन पर नीतिगत फैसलों का आरोप।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली: दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) में अनियमितताओं से जुड़े भ्रष्टाचार मामले में आम आदमी पार्टी (आप) नेता सत्येंद्र जैन की मुश्किलें फिर बढ़ सकती हैं।
दिल्ली हाईकोर्ट ने शुक्रवार को उनकी जमानत रद करने की मांग वाली एंटी-करप्शन ब्रांच की याचिका पर नोटिस जारी किया है। अगली सुनवाई के लिए 22 दिसंबर को होगी। एसीबी ने याचिका में कहा है कि ट्रायल कोर्ट ने तीन सितंबर को जमानत देते हुए जांच एजेंसी की आलोचना की थी और कहा था कि सत्येंद्र जैन को अचानक और जल्दबाजी में गिरफ्तार किया गया।
एसीबी का तर्क है कि ट्रायल कोर्ट ने इस बात को नजरअंदाज कर दिया कि एक ही साजिश में अलग-अलग आरोपितों की अलग-अलग भूमिकाएं थीं। एसीबी ने विशेष रूप से सत्येंद्र जैन पर नीति और प्रशासनिक स्तर पर मंजूरी और फैसले लेने का आरोप लगाया है।