'हमें बेवकूफ बना रहे हैं क्या', दिल्ली HC ने AAP नेताओं को लगाई फटकार; जस्टिस स्वर्णकांता केस में मांगा जवाब
दिल्ली हाई कोर्ट ने आपराधिक अवमानना मामले में अरविंद केजरीवाल और AAP नेताओं को फटकार लगाई। कोर्ट ने उन्हें जवाब ...और पढ़ें
-1794904665741_m.webp)
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल। सोशल मीडिया
HighLights
दिल्ली हाई कोर्ट ने केजरीवाल और AAP नेताओं को फटकारा।
अवमानना मामले में जवाब दाखिल करने का अंतिम मौका दिया।
न्यायाधीश के खिलाफ टिप्पणी पर कोर्ट ने जताई नाराजगी।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली हाई कोर्ट ने आपराधिक अवमानना मामले में जवाब दाखिल करने में देरी को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और अन्य नेताओं को कड़ी फटकार लगाई है।
अदालत ने नेताओं को जवाब दाखिल करने के लिए तीन सप्ताह का अंतिम मौका देते हुए स्पष्ट किया कि इसके बाद कोई अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा। सुनवाई के दौरान नाराजगी जताते हुए पीठ ने कहा कि आप हमें गुमराह कर रहे हैं। अदालत ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में जवाब दाखिल नहीं करने पर उनका जवाब देने का अधिकार स्वत: समाप्त हो जाएगा।
यह आपराधिक अवमानना की कार्यवाही दिल्ली हाई कोर्ट की न्यायमूर्ति स्वर्णकांता शर्मा के खिलाफ आप नेताओं की सोशल मीडिया टिप्पणियों को लेकर शुरू की गई थी।
छवि खराब करने का आरोप
मई में न्यायमूर्ति स्वर्णकांता शर्मा ने आप नेता अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और सौरभ भारद्वाज सहित अन्य नेताओं के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू की थी। इन नेताओं पर आबकारी नीति मामले की सुनवाई के दौरान न्यायाधीश के खिलाफ इंटरनेट मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने और उनकी छवि खराब करने का आरोप है।
अदालत के फैसले को चुनौती दी
दरअसल, न्यायमूर्ति स्वर्णकांता शर्मा आबकारी नीति मामले में सीबीआई की उस याचिका पर सुनवाई कर रही थीं, जिसमें आरोपियों को बरी किए जाने के निचली अदालत के फैसले को चुनौती दी गई थी। इस दौरान आप नेताओं ने सोशल मीडिया पर न्यायमूर्ति की राजनीतिक निष्ठा पर सवाल उठाए थे। साथ ही वाराणसी के एक शिक्षण संस्थान में दिए गए उनके भाषण का संपादित वीडियो भी साझा किया गया था।
न्यायमूर्ति स्वर्णकांता शर्मा ने अपनी टिप्पणी में कहा था कि अरविंद केजरीवाल ने कानूनी उपाय अपनाने के बजाय सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ सुनियोजित तरीके से अभियान चलाया और उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया।
अवमानना की कार्यवाही शुरू
उन्होंने स्पष्ट किया था कि न्यायाधीश के खिलाफ अवमानना की कार्यवाही शुरू करने के कारण आबकारी नीति मामले से जुड़ी सीबीआइ की याचिका को दूसरी पीठ के समक्ष भेजा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा था कि इसे न्यायाधीश के मामले से अलग होने के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।