28 साल पुराने मामले में दिल्ली हाई कोर्ट ने दो दोषियों को किया बरी, अदालत में लंबित मामलों पर उठा सवाल
दिल्ली हाई कोर्ट ने 28 साल पुराने हत्या के मामले में दो दोषियों को बरी कर दिया है। न्याय मिलने ...और पढ़ें

दिल्ली हाई कोर्ट। फोटो-जागरण आर्काइव
HighLights
दिल्ली हाई कोर्ट ने 28 साल पुराने हत्या मामले में बरी किया।
सबूतों और गवाहों के बयानों पर गंभीर संदेह जताया गया।
निचली अदालत का 2002 का दोषसिद्धि आदेश रद्द हुआ।
विनीत त्रिपाठी, नई दिल्ली। कहते हैं देरी से मिला न्याय भी अन्याय ही होता है। हत्या के एक मामले में यह पंक्ति सटीक बैठती हैं, जिसमें दिल्ली हाई कोर्ट ने हत्या के 28 साल पुराने एक मामले में दो दोषियों को बरी कर दिया है।
न्यायमूर्ति नवीन चावला व न्यायमूर्ति रविंदर डुडेजा की पीठ ने अपीलकर्ता यशपाल व बनारसी दास को बरी करते हुए कहा कि बयानों और अपराध में इस्तेमाल की गई तलवार की बरामदगी पर गंभीर संदेह पैदा होता है।
हाई कोर्ट में लंबित मामलों पर उठें सवाल
अदालत ने आरोपित द्वारा खून के धब्बे वाले कपड़े पांच दिनों तक पहने रहने की बात पर भी सवाल उठाए हैं। हालांकि, दो दशक से भी अधिक समय में आए इस निर्णय ने एक बार फिर अदालतों में लंबित मामलों और इसके निपटारे पर सवाल खड़ा कर दिया है। दिल्ली हाई कोर्ट में लंबित आपराधिक मामलों पर नजर डालें तो दस साल और इससे पुराने कुल 6501 मामले लंबित हैं।
1998 का है मामला
यह मामला 13 अक्टूबर 1998 को सुल्तानपुरी पुलिस स्टेशन में हरि चंद नाम के व्यक्ति की हत्या के मामले में हुई प्राथमिकी से जुड़ा है। अपीलकर्ताओं ने आजीवन कारावास व दो हजार रुपये का जुर्माना लगाने संबंधी 31 जनवरी 2002 को दिए गए ट्रायल कोर्ट के आदेश को चुनौती दी थी।
2002 में दोषसिद्धि सजा रद
पीठ ने कहा कि अदालत को लगता है कि ट्रायल कोर्ट ने अपीलकर्ताओं के खिलाफ परिस्थितियों की उस कड़ी को जोड़ने की कोशिश की है, जिसे अभियोजन पक्ष साबित करने में नाकाम रहा था।
पीठ ने कहा कि असल में, ट्रायल कोर्ट ने अपीलकर्ताओं को दोषी ठहराते समय सह-आरोपित वीरेंद्र को संदेह का लाभ दिया था। पीठ ने संदेह का लाभ देते हुए 31 जनवरी 2002 को सुनाए गए दोषसिद्धि व इसके बाद सजा के आदेश को रद कर दिया।
क्या है पूरा मामला?
याचिका के अनुसार 13 अक्टूबर 1998 को सुल्तानपुरी में एक हत्या हुई थी और मृतक हरि चंद का शव सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल और अंबेडकर पार्क के बीच की गली में पड़ा था। मृतक के सिर, गर्दन, छाती और पीठ पर कई घाव और चोटें थीं। अभियोजन पक्ष का पूरा मामला मुख्य गवाह रतन लाल की गवाही पर टिका था। हालांकि, ट्रायल कोर्ट ने खुद ही उसे घटना का चश्मदीद गवाह मानने से इन्कार कर दिया था।
पीठ ने कहा कि ट्रायल कोर्ट ने रतन लाल को अपराध का चश्मदीद गवाह न मानने के बावजूद, अपीलकर्ता बनारसी दास के बताने और निशानदेही पर अपराध में इस्तेमाल हथियार व गिरफ्तारी के समय अपीलकर्ता यशपाल द्वारा पहने गए खून से सने कपड़ों की बरामदगी को मुख्य आधार माना। हालांकि, पीठ ने कहा कि यह कानूनन तय है कि साक्ष्य अधिनियम की धारा 25 और 26 के तहत, किसी आरोपित द्वारा पुलिस अधिकारी के सामने दिया गया कबूलनामा अदालत में मान्य नहीं होता है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में ICU हेल्पलाइन पर हर हफ्ते ड्रॉप हो रहे सैकड़ों कॉल, HC ने सरकार से मांगी रिपोर्ट
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।