विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में रविवार को हाफ मैराथन, इंडिया गेट-कर्तव्य पथ समेत कई रास्तों पर डायवर्जन; ट्रैफिक एडवाइजरी जारी  

Published: Sat, 17 Oct 2026 07:45 PM (IST)

दिल्ली हाफ मैराथन के कारण रविवार को नई दिल्ली और मध्य दिल्ली में यातायात प्रभावित रहेगा, जिसमें 40 हजार प्रतिभागी ...और पढ़ें

हाफ मैराथन के चलते दिल्ली में रविवार सुबह रहेगा डायवर्जन। फोटो: आर्काइव

हाफ मैराथन के चलते दिल्ली में रविवार सुबह रहेगा डायवर्जन। फोटो: आर्काइव

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी में रविवार को होने वाली दिल्ली हाफ मैराथन के चलते नई दिल्ली और मध्य दिल्ली के कई इलाकों में यातायात प्रभावित रहेगा।

इस आयोजन में करीब 40 हजार प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। दौड़ सुबह 5:10 बजे जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से शुरू होगी।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को जाम से बचने के लिए प्रभावित मार्गों से दूर रहने और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। सुबह 4:45 बजे से 11 बजे तक यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे।

हाफ मैराथन के तहत एलीट पुरुष वर्ग की दौड़ सुबह 5:18 बजे, एलीट महिला वर्ग की 5:20 बजे और एमेच्योर वर्ग की दौड़ 5:30 बजे शुरू होगी।

इसके अलावा दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के लिए 2.5 किलोमीटर की दौड़ सुबह 6:30 बजे, ओपन 10 किलोमीटर दौड़ 7:35 बजे, कारपोरेट रन सुबह नौ बजे और ग्रेट दिल्ली रन 9:05 बजे आयोजित होगी।

इंडिया गेट और कर्तव्य पथ के आसपास असर

दौड़ का प्रमुख मार्ग जेएलएन स्टेडियम से भीष्म पितामह मार्ग, लोधी रोड, अरबिंदो मार्ग, मथुरा रोड, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, डा. जाकिर हुसैन मार्ग, सी-हेक्सागन, कर्तव्य पथ और इंडिया गेट के आसपास से होकर गुजरेगा।

इस दौरान राजेश पायलट मार्ग, अमृता शेरगिल मार्ग, लाला लाजपत राय मार्ग, भैरों रोड, तिलक मार्ग और संसद मार्ग सहित कई प्रमुख सड़कों व चौराहों पर यातायात नियंत्रित किया जाएगा।

वैकल्पिक मार्गों का करें इस्तेमाल

ट्रैफिक पुलिस ने उत्तर-दक्षिण और पूर्व-पश्चिम काॅरिडोर के लिए वैकल्पिक मार्ग सुझाए हैं। उत्तर-दक्षिण दिशा में आश्रम चौक, सराय काले खां, रिंग रोड और आईपी फ्लाईओवर का इस्तेमाल किया जा सकता है।

वहीं, पूर्व-पश्चिम दिशा में डीएनडी फ्लाईओवर, बाबा बंदा सिंह बहादुर मार्ग, एम्स चौक और रिंग रोड से आवाजाही की सलाह दी गई है।

विकास मार्ग से आने वाले वाहन आईटीओ, दीनदयाल उपाध्याय मार्ग और मिंटो रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं। आपातकालीन वाहनों की आवाजाही निर्बाध रखने की व्यवस्था की जाएगी।

यह भी पढ़ें- दिल्ली यूनिवर्सिटी में PhD एडमिशन के लिए नया नियम, 100 नंबर की होगी परीक्षा; इंटरव्यू को 30% का वेटेज