दिल्ली जिम ट्रेनर हत्याकांड में गैंग कनेक्शन का शक, नीरज फरीदपुरिया और रणदीप भाटी से जुड़ रहे तार
दक्षिणी दिल्ली के आया नगर में जिम ट्रेनर विजय कुमार की हत्या में सुपारी किलिंग और गैंग कनेक्शन का खुलासा ...और पढ़ें
-1789380074286_v-1789495081277_m.webp)
दिल्ली के आया नगर में जिम ट्रेनर की गोलियां मारकर हत्या का मामला। जागरण
HighLights
जिम ट्रेनर विजय कुमार की हत्या में गैंग कनेक्शन सामने आया।
नीरज फरीदपुरिया और रणदीप भाटी गैंग के शूटरों का शक।
गैंगस्टर हिमांशु भाऊ ने सोशल मीडिया पर ली जिम्मेदारी।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। आया नगर गांव में जिम ट्रेनर विजय कुमार की हत्या के मामले में अब सुपारी किलिंग और गैंग कनेक्शन भी सामने आ रहा है। पुलिस को शक है कि हत्या के लिए शूटर हरियाणा व पश्चिमी उत्तर प्रदेश से बुलाए गए थे, जो कुख्यात गैंग्सटर नीरज फरीदपुरिया और रणदीप भाटी गैंग से जुड़े हो सकते हैं। दिल्ली पुलिस की कई टीमें हरियाणा में छापेमारी कर रही हैं।
उधर, विदेश में बैठे गैंग्सटर हिमांशु भाऊ ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट कर विजय कुमार की हत्या की जिम्मेदारी ली है। वारदात के बाद गांव के भी कई युवक फरार बताए जा रहे हैं। आशंका है कि इनमें से कुछ ने हमलावरों को रेकी, ठिकाना या वारदात के बाद फरार होने में मदद की।
अब तक 6 गिरफ्तार, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
अब तक छह से अधिक संदिग्ध हिरासत में लिए गए हैं। पूछताछ के साथ इनके मोबाइल फोन, काल डिटेल और इंटरनेट मीडिया गतिविधियों को खंगाला जा रहा है। पुलिस यह यह पता लगाने में जुटी है कि विजय की रेकी किसने की, शूटरों को वारदात की जानकारी किसने दी और हत्या के लिए उन्हें किसने बुलाया था।
विजय के स्वजन ने दूसरे पक्ष के फरीदाबाद निवासी रिश्तेदार कमल (अरुण लोहिया का मामा) और आया नगर निवासी रोहित पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस इन आरोपों को जांच में शामिल कर दोनों के संपर्कों और गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।
दोनों का किसी शूटर या गैंग से सीधा संपर्क था या नहीं यह भी जांच की जा रही है। वहीं, गैंग्सटर हिमांशु भाऊ की पोस्ट की तकनीकी जांच करने के साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि क्या पोस्ट वास्तव में उसके नेटवर्क से की गई या किसी ने गैंग्सटर के नाम का इस्तेमाल किया है।
बता दें कि आया नगर गांव में हंसा चौक के पास जिम ट्रेनर विजय कुमार की सोमवार को गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने घटनास्थल से 18 खोखे और एक कारतूस बरामद किया था। शुरुआती जांच में व्यक्तिगत रंजिश की आशंका जताई गई थी, पर अब सुपारी देकर हत्या कराने और गैंग कनेक्शन के एंगल से भी जांच की जा रही है।
‘नीरज फरीदपुरिया की मदद से अरुण का मामा करा रहा हत्याएं’
15 मई 2025 को रतनलाल के बेटे दीपक ने लेनदेन की रंजिश में आया नगर के रहने वाले अरुण लोहिया की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने दीपक के साथ ही योगेश और अजय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अरुण का मामा कमल गैंग्सटर नीरज फरिदपुरिया का करीबी है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक कमल ने नीरज फरिदपुरिया से भांजे की मौत का बदला लेने के लिए शूटरों का इंतजाम करने को कहा था। उनकी योजना दीपक की हत्या करने की थी, पर वह जेल में था।
कमल के कहने पर ही नीरज फरिदपुरिया ने रणदीप भाटी से संपर्क कर तीन शूटरों को सुपारी देकर दीपक के पिता रतनलाल की 30 नवंबर 2025 को हत्या कराई। उन लोगों को यह भी शक था कि अरुण की हत्या में सिर्फ अजय ही नहीं, उसका बड़ा भाई विजय भी शामिल था।
इसके चलते अरुण के परिवार के लोग विजय को कई बार धमकियां भी दे चुके थे।
यह भी पढ़ें- इतना बड़ा गैंगस्टर हो तो धनबाद आकर कानून का सामना करो... बड़े भाई बंटी ने भगोड़ा प्रिंस खान को दी चुनौती
यह भी पढ़ें- '200 करोड़ दो वरना मार देंगे', दिल्ली की महिला से गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम पर मांगी गई रंगदारी
