'200 करोड़ दो वरना मार देंगे', दिल्ली की महिला से गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम पर मांगी गई रंगदारी
दिल्ली के सिविल लाइंस में एक 50 वर्षीय महिला को विदेशी नंबर से वाट्सऐप कॉल पर गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम पर 200 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई।

दिल्ली की महिला से 200 करोड़ की रंगदारी मांगी गई। फोटो: आर्काइव
HighLights
दिल्ली में महिला को गोल्डी बराड़ के नाम पर धमकी मिली
विदेशी वाट्सऐप कॉल से 200 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई
पुलिस जांच कर रही, नाम के दुरुपयोग की भी संभावना
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली के सिविल लाइंस इलाके में रहने वाली करीब 50 वर्षीय महिला को विदेशी नंबर से वाट्सऐप कॉल कर 200 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, कॉल करने वाले ने खुद को गैंगस्टर गोल्डी बराड़ बताया था। पुलिस अभी यह पता लगा रही है कि धमकी वास्तव में बराड़ की ओर से दी गई थी या किसी ने निजी अथवा संपत्ति विवाद में उसके नाम का इस्तेमाल किया।
विदेशी नंबर से आया धमकी भरा कॉल
महिला के पास 7 सितंबर की रात करीब 10:44 बजे विदेशी नंबर से वाट्सऐप कॉल आया। कॉल करने वाले ने कथित तौर पर खुद को गोल्डी बराड़ बताया और महिला से कहा कि उसके बारे में उसे पूरी जानकारी है।
200 करोड़ रुपये की मांगी रंगदारी
आरोप है कि कॉल करने वाले ने महिला से 200 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। रकम नहीं देने पर महिला और उसके पति की हत्या करने की धमकी दी गई। महिला सिविल लाइंस इलाके में रहती हैं और वहां उनकी पैतृक संपत्ति भी है।
पुलिस ने तीन धाराओं में केस दर्ज
प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने 10 सितंबर को मामला दर्ज किया। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(4), 308(4) और 61(2) के तहत केस दर्ज किया गया है।
गोल्डी बराड़ का नाम जांच में शामिल
दिल्ली पुलिस के अनुसार, मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। अभी यह स्थापित नहीं हुआ है कि धमकी वास्तव में गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने दी थी या किसी व्यक्ति ने निजी अथवा संपत्ति संबंधी विवाद में उसके नाम का इस्तेमाल किया।
(समाचार एजेंसी एएनआई के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- NCR में ‘पार्किंग की जंग’ ले रही जान, गाड़ी खड़ी करने को लेकर रोज टकराव; गुरुग्राम-दिल्ली में बढ़े विवाद
