इतना बड़ा गैंगस्टर हो तो धनबाद आकर कानून का सामना करो... बड़े भाई बंटी ने भगोड़ा प्रिंस खान को दी चुनौती
Gangs of Wasseypur: दुबई से रंगदारी का गैंग चला रहे प्रिंस खान के भाई बंटी खान ने एक सनसनीखेज वीडियो जारी कर उससे संबंध तोड़ने की घोषणा की है।
HighLights
गैंगस्टर प्रिंस खान से किनारा, बंटी ने जारी किया वीडियो
बोला- प्रिंस आत्मसमर्पण कर कानून का सामना करे
पुलिस कस्टडी में वीडियो बनाने पर उठे सवाल
जागरण संवाददाता, धनबाद। Bunty Khan Video: दुबई से रंगदारी का गैंग चला रहे वासेपुर के बदमाश प्रिंस खान के बड़े भाई बंटी खान ने एक सनसनीखेज वीडियो जारी किया है। वीडियो में बंटी ने कहा है कि प्रिंस उसका भाई है, लेकिन अब उससे किसी तरह का कोई संबंध नहीं है। प्रिंस की गतिविधियों के कारण पूरा परिवार संकट में है। उसे आत्मसमर्पण कर पुलिस की कार्रवाई का सामना करना चाहिए।
रविवार को पुलिस ने किया था गिरफ्तार
धनबाद पुलिस ने रविवार को बंटी खान को कोलकाता से गिरफ्तार किया था। पुलिस ने सोमवार को उसे धनबाद लाकर वासेपुर में परेड कराई। कमर में रस्सी बांध कर उसे वासेपुर में घुमाया गया। इस दौरान प्रिंस खान के प्रतिद्वंद्वी गैंगस्टर फहीम खान के बेटे और उसके समर्थकों ने बंटी पर हमला कर दिया। एक समर्थक ने पुलिस की घेराबंदी के बीच बंटी के साथ मारपीट भी की।
पुलिस एनकाउंटर करे, हम लोग प्रिंस के मिट्टी में नहीं जाएंगे
इस घटना के बाद बंटी का एक वीडियो सामने आया। वीडियो पुलिस कस्टडी का ही प्रतीत हो रहा है। हालांकि, यह जांच का विषय है कि वीडियो में बंटी ने जो बातें कही हैं, वे उसकी अपनी इच्छा से कही गई हैं या किसी दबाव में। बंटी ने एक तरह से छोटे भाई प्रिंस खान को चुनाैती दी है।
बंटी ने कहा है-इतना बड़ा गैंगस्टर हो तो धनबाद में आ कर कानून का सामना करो..हम धनबाद पुलिस से अनुरोध करते है, उसका एनकाउंटर करें, हम लोग इसके मिट्टी में भी नहीं जायेंगे।
बंटी खान ने पूछताछ के दौरान भी पुलिस के सामने प्रिंस खान से पूरी तरह किनारा करने की बात कही। उसने कहा कि प्रिंस से उसका कोई संबंध नहीं है और उसकी गतिविधियों के कारण परिवार के अन्य सदस्यों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उसने पुलिस से कहा कि यदि प्रिंस गलत काम कर रहा है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
बंटी ने यहां तक कहा कि पुलिस प्रिंस का एनकाउंटर कर दे, परिवार का उससे कोई लेना-देना नहीं है। प्रिंस की मौत होने पर परिवार का कोई सदस्य उसके अंतिम संस्कार में भी शामिल नहीं होगा।
पुलिस बयानों को पूरी तरह नहीं मान रही सच
बंटी का यह बयान उसके माता-पिता की ओर से पहले प्रिंस से दूरी बनाए जाने संबंधी बयानों से भी मिलता-जुलता है। परिवार की ओर से लगातार यह संदेश दिया जा रहा है कि प्रिंस की गतिविधियों से उनका कोई लेना-देना नहीं है और उसकी वजह से परिवार के अन्य सदस्यों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
हालांकि, पुलिस बंटी के इन बयानों को पूरी तरह सच नहीं मान रही है। पुलिस को आशंका है कि परिवार के सदस्यों का प्रिंस से अंदरखाने संपर्क हो सकता है और कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए उससे दूरी बनाने की बात कही जा रही है। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि विदेश में रहने के बावजूद प्रिंस का परिवार के सदस्यों से संपर्क है या नहीं।
