दिल्ली-एनसीआर के लोगों को राहत, हवा साफ होते ही हटी ग्रेप-3 की पाबंदियां
वायु गुणवत्ता में सुधार के बाद सीएक्यूएम ने दिल्ली-एनसीआर से ग्रेप-3 की पाबंदियां तत्काल प्रभाव से हटा दी हैं। हालांकि, ...और पढ़ें

दिल्ली-एनसीआर में ग्रेप-3 की पाबंदियां हटीं ( फोटो स्रोत : जागरण)
HighLights
सीएक्यूएम ने दिल्ली-एनसीआर से ग्रेप-3 की पाबंदियां हटाईं।
बीएस-3 पेट्रोल, बीएस-4 डीजल वाहनों पर रोक हटी।
ग्रेप-1 और ग्रेप-2 के उपाय अभी भी लागू।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता में सुधार के बाद वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) के तीसरे चरण की पाबंदियां तत्काल प्रभाव से हटा दी हैं।मंगलवार को हुई समीक्षा बैठक में आयोग की उप समिति ने यह फैसला लिया।
हालांकि, प्रदूषण का स्तर अभी भी खराब श्रेणी में है, इसलिए ग्रेप के पहले और दूसरे चरण के उपाय जारी रहेंगे। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली का एक्यूआई 204 दर्ज किया गया। एनसीआर के शहरों के एक्यूआई में भी कमी दर्ज हुई।
30 नवंबर तक जारी रहेगी पाबंदी..
प्रदूषण के स्तर में आई गिरावट को देखते हुए सीएक्यूएम ने ग्रेप-3 हटाने का निर्णय लिया। इससे दिल्ली में बीएस-3 पेट्रोल और बीएस-4 डीजल वाहनों पर लगी रोक हटेगी, ये ऐसे वाहनों के लिए है, जो दिल्ली में पंजीकृत हैं। साथ ही पांचवीं तक की कक्षाओं के लिए हाइब्रिड पढ़ाई जैसे प्रतिबंधों से राहत मिलेगी।
हालांकि 30 अक्टूबर को जारी आदेश के तहत पांच से 20 नवंबर तक लागू विशेष पाबंदियां भी जारी रहेंगी। इसके तहत छूट
प्राप्त परियोजनाओं को छोड़कर निर्माण और तोड़फोड़ की गतिविधियों पर रोक रहेगी। दिल्ली और आसपास के जिलों में सरकारी और निजी कार्यालयों में अधिकतम 50 प्रतिशत कर्मचारियों की भौतिक उपस्थिति का निर्देश भी लागू रहेगा। दिल्ली सरकार की ओर से बीएस-6 से नीचे के बाहरी वाहनों की दिल्ली में एंट्री पर लगाई गई रोक सहित अन्य अतिरिक्त प्रतिबंध भी जारी रहेंगे।
इस माह पहली बार दिल्ली का एक्यूआई 204 पर आया
दिल्ली और एनसीआर में प्रदूषण से जूझ रहे लोगों को मंगलवार को कुछ राहत मिली। अनुकूल मौसमी परिस्थितियों के चलते दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) नवंबर में पहली बार घटकर 204 पर पहुंच गया। यह इस माह का अब तक का सबसे कम प्रदूषण स्तर है।
हालांकि, राहत ज्यादा दिन टिकने की उम्मीद नहीं है। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली ने बुधवार और बृहस्पतिवार को हवा फिर बहुत खराब श्रेणी में पहुंचने का अनुमान जताया है। मंगलवार को उत्तर-पश्चिम दिशा से 15 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से चली हवाओं ने प्रदूषकों को फैलाने में मदद की।
शाम चार बजे तक आंकड़े देने वाले दिल्ली के 58 निगरानी केंद्रों में 31 पर हवा खराब, 26 पर मध्यम और एक केंद्र पर बहुत खराब श्रेणी में रही। सुबह आठ बजे सीपीसीबी के आंकड़ों में दिल्ली का औसत एक्यूआई 238 था।
उस समय 58 केंद्रों में 32 पर खराब, 16 पर मध्यम और 10 पर बेहद खराब श्रेणी की हवा दर्ज की गई थी। दिन चढ़ने के साथ प्रदूषण में सुधार दर्ज किया गया और शाम चार बजे औसत एक्यूआइ 204 पर पहुंच गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।