विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में GRAP-I लागू होते ही DMRC ने बढ़ाए फेरे, 22 अक्टूबर से मेट्रो लगाएगी 20 एक्स्ट्रा ट्रिप

Published: Wed, 21 Oct 2026 07:54 PM (IST)

दिल्ली में GRAP-I लागू होने के बाद दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने प्रदूषण कम करने के लिए 22 अक्टूबर से 20 अतिरिक्त ट्रिप चलाने का फैसला किया है।

प्रदूषण बढ़ने पर दिल्ली एनसीआर में मेट्रो के फेरे बढ़े। फोटो: सांकेतिक

प्रदूषण बढ़ने पर दिल्ली एनसीआर में मेट्रो के फेरे बढ़े। फोटो: सांकेतिक

HighLights

  1. 22 अक्टूबर से मेट्रो की 20 अतिरिक्त ट्रिप।

  2. निर्माण स्थलों पर एंटी-पॉल्यूशन ड्राइव तेज होगी।

  3. 250 से अधिक एंटी-स्मॉग गन लगाई गईं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में GRAP-I लागू होने के बाद दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने प्रदूषण कम करने के लिए ट्रेन सेवाएं बढ़ाने और निर्माण स्थलों पर एंटी-पॉल्यूशन ड्राइव तेज करने का फैसला लिया है।

22 अक्टूबर से सप्ताह के कार्यदिवसों (सोमवार से शुक्रवार) में मेट्रो नेटवर्क पर 20 अतिरिक्त ट्रिप चलाई जाएंगी, ताकि अधिक से अधिक लोग निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें।

22 अक्टूबर से 20 अतिरिक्त ट्रिप

DMRC के मुताबिक, 22 अक्टूबर से कार्यदिवसों में मेट्रो की 20 अतिरिक्त ट्रिप शुरू की जाएंगी। इसका उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देना और लोगों को निजी वाहनों के इस्तेमाल नहीं करने की अपील की गई है।

निर्माण स्थलों पर बढ़ेगी निगरानी

DMRC राजधानी में अपने निर्माण स्थलों और आसपास के इलाकों में प्रदूषण रोधी अभियान भी तेज करेगा। निर्माण स्थलों के भीतर धूल का स्तर कम करने, आसपास की सड़कों से रोड डस्ट हटाने और फुटपाथ व सड़क के डिवाइडर से कचरा हटाने जैसी गतिविधियां की जाएंगी।

DMRC के इंजीनियर निर्माण स्थलों और आसपास की सड़कों का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी निर्माण सामग्री सही तरीके से ढकी हो और निर्माण स्थलों से बाहर निकलने वाले वाहनों के लिए व्हील वॉश की व्यवस्था सही तरीके से काम कर रही हो।

31 किलोमीटर सड़क DMRC के पास

DMRC के मुताबिक, फिलहाल शहर की करीब 31 किलोमीटर सड़कें अस्थायी रूप से उसके अधिकार क्षेत्र में हैं। इन सड़कों को आसपास चल रहे मेट्रो निर्माण कार्य के लिए DMRC ने अपने अधीन लिया है। इनमें से अधिकांश सड़कों की मरम्मत पहले ही की जा चुकी है, ताकि वे शहर में प्रदूषण बढ़ाने का कारण न बनें।

250 एंटी-स्मॉग और मिस्ट गन लगाईं

प्रदूषण और धूल के स्तर को कम करने के लिए निर्माण स्थलों, स्टेशनों और कार्यालय भवनों पर 250 से अधिक एंटी-स्मॉग गन और मिस्ट गन लगाई गई हैं।

DMRC का पर्यावरण विभाग रोजाना निरीक्षण कर रहा है, ताकि पर्यावरण संबंधी सभी मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके। प्रदूषण से निपटने के लिए शुरू किए जा रहे ये अभियान DMRC की ओर से पहले से किए जा रहे उपायों के अतिरिक्त होंगे।

यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR में AQI 300 पार, GRAP-1 लागू; किन-किन चीजों पर बैन?