दिल्ली में सड़क हादसों पर लगेगा ब्रेक, पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए बनेंगे दो स्काईवॉक और 3 फुट ओवरब्रिज
दिल्ली सरकार सड़क हादसों को कम करने और पैदल यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए दो स्काईवॉक और तीन फुट ओवरब्रिज का निर्माण करने वाली है।
-1792840129844_m.webp)
दिल्ली में बनेंगे दो स्काईवाक और तीन फुट ओवरब्रिज, प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड।
HighLights
दिल्ली सरकार बनाएगी दो स्काईवॉक और तीन एफओबी।
परियोजना पर लगभग 20 करोड़ रुपये खर्च होंगे, सुरक्षा बढ़ेगी।
लिफ्ट, एस्केलेटर, एलईडी लाइटिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी में सड़क हादसों का खतरा कम करने और पैदल यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली सरकार दो स्काईवाक और तीन फुट ओवरब्रिज (एफओबी) बनाएगी।
व्यस्त सड़कों को पार करते समय पैदल यात्रियों को दुर्घटना का खतरा रहता है। ऐसे में उन्हें सड़क के बीच से गुजरने के बजाय सुरक्षित विकल्प उपलब्ध कराने की दिशा में यह पहल की जा रही है। इस कार्य पर करीब 20 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
कंसल्टेंसी कंपनी तैयार करेगी डिजाइन
इसके तहत नंद नगरी में रोड नंबर 68 और 69 के जंक्शन पर स्काईवााक बनाया जाएगा। वहीं, निर्माण विहार मेट्रो रेड लाइट पर विश्वस्तरीय स्काईवाक बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने कंसल्टेंसी का टेंडर जारी किया है। कंसल्टेंसी कंपनी इसके निर्माण को लेकर डिजाइन तैयार करेगी।
निर्माण कार्य के लिए जारी होगा टेंडर
इसके बाद निर्माण के लिए टेंडर जारी होगा। इसके साथ ही शाहबाद डेयरी, जीवन पार्क बस स्टैंड, जनकपुरी, उत्तर-पश्चिम दिल्ली में मधुबन चौक, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के पास बेर सराय मार्केट और ओखला सब्जी मंडी के पास मुख्य मार्ग के लिए टेेंडर जारी किया गया है।
इन पर यात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट, एस्केलेटर और एलईडी लाइटिंग की व्यवस्था होगी। काम शुरू होने के बाद एफओबी निर्माण पूरा करने के लिए छह महीने की समय सीमा तय की गई है।
यात्रियों के लिए आसान होगी आवाजाही
पीडब्ल्यूडी के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार शाहदरा में रोड नंबर 68 और रोड नंबर 69 के जंक्शन पर बनने वाले स्काईवाक से पैदल यात्रियों की आवाजाही आसान होगी। पूर्वी दिल्ली इलाके में नंद नगरी में डीसी कार्यालय के पास दो सड़कों के गोलचक्कर पर इसे बनाया जाएगा।
यहां पर पैदल यात्रियों की अत्यधिक भीड़ रहने से जाम की स्थिति बन जाती है। पैदल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी चुनौती बढ़ती है।
आठ महीने में पूरा होगा काम
स्काईवाक परियोजना पर काम शुरू होने पर इसे आठ महीने में पूरा किया जाएगा। रानी झांसी रोड पर झंडेवालान मंदिर के पास मौजूदा फुट ओवरब्रिज (एफओबी) का पुनर्विकास भी होगा, जिस पर एक करोड़ रुपये खर्च होंगे। इन स्थानों पर पैदल यात्रियों की आवाजाही अधिक होने के कारण सड़क पार करना चुनौतीपूर्ण रहता है।
