दिल्ली सरकार ने गोशालाओं के लिए जारी किए 20.26 करोड़ रुपये, लाइसेंस नवीनीकृत
दिल्ली सरकार ने राजधानी के चार गोशालाओं के लाइसेंस और लीज समझौते का नवीनीकरण किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 20.26 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की।

दिल्ली सरकार ने राजधानी के चार गोशालाओं के लाइसेंस और लीज समझौते का नवीनीकरण किया है। इमेज एआई
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने राजधानी के चार गोशालाओं के लंबे समय से लंबित लाइसेंस और लीज समझौते को नवीनीकृत कर दिया है। मुख्यमंत्री जन सेवा सदन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गोशालाओं के प्रतिनिधियों को लीज एक्सटेंशन समझौते के प्रमाणपत्र प्रदान किए।
गोशालाओं के बकाया भुगतान के साथ ही आधुनिक बायोगैस का आधारभूत ढांचा स्थापित करने के लिए आर्थिक सहायता भी दी गई।
मुख्यमंत्री ने दिल्ली सरकार की पशुपालन इकाई के अंतर्गत चल रही चार गोशालाओं सुल्तानपुर डबास, रेवला खानपुर, हरेवली और सुरहेड़ा के प्रतिनिधियों को चारा भुगतान और बकाया राशि के 20.26 करोड़ रुपये दिए। इसमें 7.64 करोड़ रुपये जून 2024 से मार्च 2025 तक के बकाया भुगतान के लिए और 12.62 करोड़ रुपये अप्रैल 2025 से जनवरी 2026 तक के चारे के खर्च के लिए दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य शीघ्र ही 40 गोशालाओं में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। प्रथम चरण में 10 आधुनिक गोशालाओं के विकास पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है। गोवंश की सेवा में किसी भी वित्तीय या प्रशासनिक बाधा को आड़े नहीं आने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि गोशालाओं का उचित प्रबंधन केवल सरकारी बजट से नहीं, बल्कि सरकार और समाज के बीच निरंतर सहयोग और मानवीय संवेदनाओं के मेल से ही संभव है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली जल बोर्ड का नया AI सिस्टम, पानी की शिकायतें अब 3 दिन में होंगी हल
