दिल्ली के 75 ऐतिहासिक स्मारकों को गोद ले सकेंगी प्राइवेट कंपनियां, कैबिनेट ने नई योजना को दी मंजूरी
दिल्ली सरकार ने ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और विकास के लिए दो नई योजनाएं, 'स्मारक अभिग्रहण' और 'विरासत नवोत्थान', मंजूर की हैं। इन योजनाओं के तहत निजी संस्थाएं स्मारक गोद ले सकेंगी और संरक्षण कार्यों के लिए 2 करोड़ तक का अनुदान मिलेगा, जिससे पर्यटन व रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।

संस्थाओं को गोद मिल सकेंगे स्मारक। (AI Generated Image)
HighLights
दिल्ली सरकार ने दो नई संरक्षण योजनाओं को मंजूरी दी।
संस्थाएं 75 ऐतिहासिक स्मारकों को पांच साल के लिए गोद ले सकेंगी।
संरक्षण कार्यों हेतु पात्र संस्थाओं को 2 करोड़ तक अनुदान मिलेगा।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने राजधानी की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और विकास के लिए दो महत्वाकांक्षी योजनाओं को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में कैबिनेट ने ''''दिल्ली मुख्यमंत्री स्मारक अभिग्रहण योजना'''' और ''''दिल्ली मुख्यमंत्री विरासत नवोत्थान योजना'''' को स्वीकृति दी है।
इन योजनाओं के माध्यम से पहली बार सरकार, निजी क्षेत्र और सामाजिक संस्थाओं की साझेदारी से स्थानीय महत्व के ऐतिहासिक स्मारकों का संरक्षण किया जाएगा।
''''दिल्ली मुख्यमंत्री स्मारक अभिग्रहण योजना'''' के तहत दिल्ली सरकार के पुरातत्व विभाग के संरक्षण में मौजूद 75 ऐतिहासिक स्मारकों को सार्वजनिक उपक्रमों (पीएसयू), निजी कंपनियों, पंजीकृत एनजीओ, ट्रस्ट और अन्य संस्थाओं द्वारा पांच वर्ष के लिए गोद लिया जा सकेगा।
4.5 लाख तक की होगी बचत
इन्हें ''''स्मारक मित्र'''' का दर्जा मिलेगा। ये संस्थाएं अपने संसाधनों से साफ-सफाई, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, लाइट एंड साउंड शो तथा अन्य पर्यटक सुविधाओं का विकास और रखरखाव करेंगी। इससे सरकार को प्रत्येक गोद लिए गए स्मारक पर औसतन 4.5 लाख रुपये प्रतिवर्ष की बचत होने का अनुमान है।
पूरी प्रक्रिया त्रिपक्षीय एमओयू, नियमित निगरानी और विजन डॉक्यूमेंट के आधार पर संचालित होगी। दूसरी योजना ''''दिल्ली मुख्यमंत्री विरासत नवोत्थान योजना'''' के तहत स्मारकों के मूल संरक्षण, जीर्णोद्धार और तकनीकी संरक्षण कार्यों के लिए पात्र संस्थाओं को अधिकतम 2 करोड़ रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा।
दिल्ली की हर पीढ़ी ने इस शहर को अपनी तरह से जिया है। किसी ने इन स्मारकों को किताबों में पढ़ा, किसी ने उन्हें करीब से देखा। अब समय है कि इस विरासत को और संवारकर अगली पीढ़ी को सौंपा जाए।
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) June 30, 2026
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के ‘विकास भी, विरासत भी’ के विज़न को आगे बढ़ाते हुए…
इसका लाभ पंजीकृत एनजीओ, ट्रस्ट, फाउंडेशन, विश्वविद्यालय, डीम्ड विश्वविद्यालय तथा केंद्र एवं राज्य सरकार के स्वायत्त संस्थान उठा सकेंगे। स्वैच्छिक संस्थाओं के लिए दर्पण पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य होगा।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इन योजनाओं से दिल्ली की ऐतिहासिक विरासत को नया जीवन मिलेगा, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, पारंपरिक शिल्प और स्थानीय रोजगार को प्रोत्साहन मिलेगा तथा जनभागीदारी के माध्यम से स्मारकों को जीवंत सांस्कृतिक और पर्यटन केंद्रों के रूप में विकसित किया जाएगा।
लाल किला समेत 20 स्मारकों का होगा संरक्षण
राजधानी दिल्ली की ऐतिहासिक धरोहरों को उनके मूल स्वरूप में संरक्षित करने के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने बड़े स्तर पर संरक्षण एवं पुनर्स्थापन अभियान शुरू करने जा रहा है।
इस अभियान के तहत दिल्ली के लगभग 170 संरक्षित स्मारकों में से करीब 20 स्मारकों में संरक्षण कार्य किया जाएगा। इनमें लाल किला, हुमायूं का मकबरा, कुतुब मीनार, पुराना किला, बेगमपुर मस्जिद, हौज खास परिसर, सिटी वॉल और कोटला मकबरा जैसे प्रमुख ऐतिहासिक स्थल शामिल हैं।
एएसआइ के एक अधिकारी के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य केवल स्मारकों की सुंदरता बढ़ाना नहीं, बल्कि समय, प्रदूषण और मौसम से हुए नुकसान की वैज्ञानिक तरीके से मरम्मत कर उनकी ऐतिहासिक प्रामाणिकता को सुरक्षित रखना है।
यह भी पढ़ें- भरत तिवारी के स्मारक पर भोजपुर प्रशासन ने क्यों लगाई रोक? इस नियम का दिया हवाला
यह भी पढ़ें- ऑपरेशन सिंदूर के 6 शहीदों को अमर सम्मान, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर अंकित हुआ बिहार के वीर बेटे हवलदार सुनील का नाम
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।