ऑपरेशन सिंदूर के 6 शहीदों को अमर सम्मान, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर अंकित हुआ बिहार के वीर बेटे हवलदार सुनील का नाम
हवलदार सुनील सिंह यादव का नाम दिल्ली के राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर अंकित किया गया है, जो उनके सर्वोच्च बलिदान और अदम्य वीरता का सम्मान है। उन्होंने राजौरी में ड्रोन हमले के दौरान साथियों की जान बचाई और मरणोपरांत 'सेना मेडल (वीरता)' से सम्मानित हुए।

ड्रोन हमले के बीच साथियों की बचाई जान
HighLights
राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर हवलदार सुनील सिंह का नाम अंकित।
राजौरी में ड्रोन हमले के दौरान साथियों की जान बचाई।
मरणोपरांत 'सेना मेडल (वीरता)' से सम्मानित हुए।
जागरण संवाददाता, बक्सर। देश की राजधानी दिल्ली स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर अब ऑपरेशन सिंदूर के वीर बलिदानियों के नाम भी अंकित कर दिए गए हैं। इनमें बक्सर जिले के चौसा प्रखंड के नरबतपुर गांव निवासी हवलदार सुनील सिंह यादव का नाम भी शामिल है। यह सम्मान उनके सर्वोच्च बलिदान और अदम्य वीरता की याद में दिया गया है।
ड्रोन हमले के बीच साथियों की बचाई जान
9 मई 2025 की रात जम्मू-कश्मीर के राजौरी सेक्टर में तैनात हवलदार सुनील सिंह ने पाकिस्तानी ड्रोन हमले का डटकर सामना किया।
उन्होंने छह दुश्मन ड्रोनों को अपनी पोस्ट की ओर बढ़ते देखा और तुरंत साथियों को सतर्क किया। इसके बाद खुले में आकर राइफल से जवाबी फायरिंग शुरू कर दी।
गंभीर घायल होने के बाद भी निभाया फर्ज
दुश्मन के गोले के विस्फोट में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद हवलदार सुनील अंतिम सांस तक साथियों को ड्रोन की सटीक जानकारी देते रहे।
उनकी सूझबूझ और साहस से कई जवानों की जान बच सकी। बाद में उन्हें एयरलिफ्ट कर उधमपुर सेना अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने वीरगति प्राप्त की।
'सेना मेडल (वीरता)' से हो चुके हैं सम्मानित
साल 2002 में भारतीय सेना की ईएमई यूनिट से सेवा शुरू करने वाले सुनील सिंह को 2023 में हवलदार बनाया गया था।
उनके अद्वितीय साहस के लिए उन्हें मरणोपरांत 'सेना मेडल (वीरता)' से सम्मानित किया गया। उनकी वीरता को अब राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर स्थायी स्थान भी मिल गया है।
परिवार को मिला सम्मान, गांव में बनेगा स्मृति द्वार
हवलदार सुनील के बलिदान के बाद उनकी पत्नी सुजाता देवी ने गर्व के साथ कहा था कि यदि जरूरत पड़ी तो वह अपने दोनों बेटों को भी देश सेवा के लिए समर्पित कर देंगी।
राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री वीरता सहायता योजना के तहत परिवार को 50 लाख रुपये की सहायता दी है। वहीं, चौसा में उनके नाम पर बलिदानी स्मृति द्वार बनाने की तैयारी भी चल रही है।