दिल्ली सामूहिक दुष्कर्म-हत्या केस में पुलिस का एक्शन, बालिग आरोपी तिहाड़ और तीन नाबालिग बाल सुधार गृह भेजे
बाहरी दिल्ली में नाबालिग किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के मामले में पकड़े गए बालिग आरोपित को तिहाड़ जेल ...और पढ़ें

दिल्ली में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का मामला। फाइल फोटो
HighLights
सामूहिक दुष्कर्म के बालिग आरोपित को तिहाड़ जेल भेजा गया।
तीन नाबालिग आरोपितों को बाल सुधार गृह में रखा गया है।
मृतका की आयु निर्धारण और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। नाबालिग किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के मामले में पकड़े गए चार आरोपितों में से एक बालिग को न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल व तीन नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेज दिया है।
मृतका की एक आरोपित से दोस्ती भी बताई जा रही है। जिस पर वह शादी का दबाव बना रही थी। पुलिस अब पोस्टमार्टम, फोरेंसिक व विसरा रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। साथ ही मृतका के आयु के संशय को दूर करने के लिए बोन आसिफिकेशन टेस्ट भी कराया जा रहा है।
स्वरूप नगर इलाके में खेत के पास मिले शव की पहचान होने के बाद भी उसकी आयु को लेकर संशय बना है। शव की पहचान में टैटू सहायक बना। हालांकि आयु का संदेह फोरेंसिक मेडिसिन विभाग की टीम करेगी। क्योंकि लड़की के पिता सामने नहीं आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि वह अकेली रहती थी। इस घटना की शिकायत भी परिवार की ओर से नहीं दी गई है। पुलिस की ओर से पिता को उनकी बेटी की मौत की सूचना दी गई थी। वहीं पुलिस पूछताछ में सामने आया कि उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की गई थी।
घटना में तीन नाबालिग समेत चार आरोपितों को पकड़ा गया था। एक आरोपित खड्डा कालोनी निवासी बालिग भी था, अन्य तीन की उम्र 16 से 17 वर्ष के बीच है। इसमें से एक लड़की का परिचित भी था। लड़की शादी का दबाव बना रही थी।
दुष्कर्म के बाद आरोपितों को डर था कि घटनाक्रम व उनकी पहचान उजागर हो जाएगी। इसी आशंका में आरोपितों ने पहले शराब पी फिर सामूहिक दुष्कर्म किया और चाकू मारकर हत्या कर दी थी।
खुले मैदान में क्षत-विक्षत हालत में मिला था शव
13 सितंबर की सुबह स्वरूप नगर थाना पुलिस को कुशक रोड स्थित लाल बाउंड्री के पास जयपाल राणा के खेत के समीप खुले मैदान में क्षत-विक्षत शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। इसे कुत्ते या किसी जानवर ने काट खाया था।
इस वजह से शव की पहचान नहीं हो पा रही थी। क्राइम और फोरेंसिक टीम ने जरूरी साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तब शव की पहचान महिला के तौर पर हुई थी। उसके हाथ में टैटू भी बना हुआ था, जो पहचान का मुख्य बिंदू बना।
50 से अधिक सीसीटीवी खंगाले तो टाटा एस वाले वाहन में एसी देख गहराया शक
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे 50 से अधिक सीसीटीवी खंगाले तो एक संदिग्ध टेंपो की आवाजाही दिखाई दी। अंधेरे के कारण शुरुआत में उसका नंबर स्पष्ट नहीं हुआ।
पुलिस ने अलग-अलग कैमरों की फुटेज जोड़ कर टेंपो के रूट देखा तो पाया कि 15 सितंबर की रात टेंपो टाटा एस खड्डा कालोनी में खड़ा है। इसमें एसी लगा था। इससे शक और गहरा गया तो चालक की पहचान कर पूछताछ की गई।
इसके बाद पुलिस ने चार आरोपितों को पकड़ लिया। पुलिस ने दावा किया है एक आरोपित नाबालिग का कथित प्रेमी था।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में तैयारी कर रही बस्ती की छात्रा से दुष्कर्म, मुख्य आरोपी समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज
यह भी पढ़ें- नाबालिग लड़की को घर से उठाकर ले गए युवकों ने किया सामूहिक दुष्कर्म, चाईबासा पुलिस ने 10 घंटे में 4 को दबोचा
