Delhi EV Policy: लाखों इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए क्या तैयार है दिल्ली? चार्जिंग और बिजली पर बड़ा सवाल
दिल्ली सरकार की नई ईवी नीति का लक्ष्य प्रदूषण कम करना है, लेकिन इसे लागू करने में चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और बिजली आपूर्ति जैसी बड़ी चुनौतियां हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि केवल समयसीमा तय करना पर्याप्त नहीं, बल्कि आधारभूत सुविधाओं का विकास और वित्तीय सहायता भी आवश्यक है।

दिल्ली ईवी नीति के लक्ष्य को जमीन पर लाना बड़ी चुनौती। (AI Generated Image)
HighLights
ईवी नीति का लक्ष्य प्रदूषण कम करना, स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा।
चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और बिजली आपूर्ति सबसे बड़ी चुनौती।
दोपहिया वाहनों से प्रदूषण में बड़ी हिस्सेदारी, ईवी बदलाव जरूरी।
वी के शुक्ला, नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने नई इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) नीति के तहत दुपहिया, तिपहिया और छोटे मालवाहक वाहनों (छोटा हाथी श्रेणी) के नए पंजीकरण के लिए चरणबद्ध समयसीमा तय करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
इसका उद्देश्य राजधानी में प्रदूषण कम करना और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देना है। हालांकि, नीति का लक्ष्य जितना महत्वाकांक्षी है, उसे जमीन पर उतारना उतना ही चुनौतीपूर्ण भी माना जा रहा है।
चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर सबसे बड़ी चुनौती
सबसे बड़ी चुनौती पर्याप्त चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने की होगी। यदि लाखों नए वाहन इलेक्ट्रिक होंगे, तो उनके लिए सार्वजनिक और निजी दोनों स्तरों पर बड़ी संख्या में चार्जिंग स्टेशन उपलब्ध कराने होंगे। दूसरी बड़ी समस्या बिजली आपूर्ति और वितरण नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने की रहेगी।
बड़ी संख्या में ईवी चार्ज होने से बिजली की मांग बढ़ेगी। ऐसे में डिस्कॉम को ट्रांसफार्मर, फीडर और स्थानीय बिजली नेटवर्क को भी मजबूत करना पड़ेगा, ताकि अतिरिक्त भार के कारण बिजली व्यवस्था प्रभावित न हो।
बिजली मास्टर प्लान पर काम जारी
हालांकि उर्जा मंत्री अाशीष सूद इस समस्या को लेकर जागरुक होने के साथ इसके लिए कदम आगे बढाने की बात करते हैं। उनकी मानें तो बिजली की संभावित मांग को देखते हुए 2030 को ध्यान में रखकर बिजली मास्टर प्लान पर काम किया जा रहा है।
व्यावसायिक वाहन चालकों के सामने शुरुआती लागत भी एक अहम मुद्दा होगी। तिपहिया और छोटे मालवाहक वाहन चलाने वाले अधिकांश लोग सीमित आय वर्ग से आते हैं।
यह भी पढ़ें- दिल्ली EV पॉलिसी को लेकर क्यों बढ़ी CNG ऑटो ड्राइवरों की टेंशन? CM को चिट्ठी लिखकर बताई डिमांड
यह भी पढ़ें- दिल्ली EV Policy 2.0: अब पुरानी पेट्रोल बाइक और लोकल मैकेनिकों का क्या होगा? इस बड़े बदलाव को समझिए
यदि पर्याप्त सब्सिडी, आसान ऋण और स्क्रैपेज प्रोत्साहन नहीं मिले, तो उनके लिए इलेक्ट्रिक वाहन खरीदना आसान नहीं होगा। इसके साथ ही बैटरी बदलने की लागत और वाहन की पुनर्विक्रय कीमत को लेकर भी चिंताएं बनी रह सकती हैं।

नीति के तहत आने वाले किन वाहनों की कितनी है संख्या
दिल्ली में पेट्रोल सीएनजी से चलने वाली दोपहिया की संख्या 59 लाख है। सीएनजी से चलने वाले ऑटो की संख्या 95000 है, छोटा हाथी की संख्या डेढ लाख से अधिक। माल ढोने वाले तिपहिया यानी चैंपियन सहित अन्य की संख्या लगभग तीन लाख के करीब है।
क्या कहते हैं परिवहन विशेषज्ञ
परिवहन विशेषज्ञ अनिल छिकारा कहते हैं कि सरकार को नीति लागू करने के साथ-साथ चार्जिंग नेटवर्क, बिजली ढांचे, वित्तीय सहायता और जनजागरूकता पर समानांतर निवेश करना होगा। तभी समयसीमा का पालन व्यावहारिक रूप से संभव हो सकेगा।
स्पष्ट है कि केवल पंजीकरण की समयसीमा तय कर देना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि उसके अनुरूप आधारभूत सुविधाओं का विकास ही इस बदलाव की वास्तविक सफलता तय करेगा।
चार पहिया की तुलना में अधिक हाइड्रोकार्बन छोड़ते हैं कई दोपहिया- डॉ एस के त्यागी
वहीं केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के पूर्व अपर निदेशक डा एस के त्यागी कहते हैं कि किसी भी नए कार्य में चुनौतियां आती हैं। मगर बेहतर रणनीति के तहत उनसे निपटा जा सकता है। वह ऐसी नीतियों को प्रदूषण के लिहाज से जरूरी बताते हैं।
उनकी मानें तो दिल्ली और एनसीआर में वाहनों से होने वाले वायु प्रदूषण में दोपहिया वाहन, फोर-व्हीलर की तुलना में अधिक हिस्सेदारी रखते हैं।
टेरी और आईआईटी कानपुर के प्रामाणिक अध्ययनों के अनुसार, दिल्ली के कुल वाहन बेड़े में लगभग 67% संख्या दोपहिया वाहनों की है। इसी विशाल संख्या के कारण परिवहन क्षेत्र से निकलने वाले पार्टिकुलेट मैटर (PM_{2.5}) और कार्बन मोनोऑक्साइड (CO) के उत्सर्जन में दोपहिया वाहनों का योगदान लगभग 31% से 33% है।

तथ्य यह है कि अधिकांश दोपहिया वाहन पेट्रोल चालित हैं और प्रति किलोमीटर के हिसाब से ये फोर-व्हीलर (जिसमें सीएनजी और क्लीनर फ्यूल का अनुपात बढ़ा है) की तुलना में अधिक हाइड्रोकार्बन और विषैली गैसें छोड़ते हैं।
यह भी पढ़ें- EV खरीद पर 100% रोड टैक्स माफ, टू-व्हीलर पर 30,000 रुपये का लाभ; दिल्ली ईवी पॉलिसी में क्या है खास?
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।