विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली की नई EV नीति से हाइब्रिड कारों को झटका, 30000 चार्जिंग प्वाइंट्स के साथ बढ़ेगी डीलरों की जिम्मेदारी

Published: Mon, 29 Jun 2026 09:55 PM (GMT+05:30)

दिल्ली सरकार ने नई इलेक्ट्रिक वाहन नीति 2026 की घोषणा की है, जिसका लक्ष्य 2030 तक 30,000 से अधिक चार्जिंग पॉइंट स्थापित करना है। यह नीति प्रदूषण कम करने, ईवी अपनाने को बढ़ावा देने और वाहन डीलरों की जवाबदेही तय करने पर केंद्रित है।

दिल्ली में लगाए जाएंगे 30000 ईवी चार्जिंग स्टेशन। फोटो: एआई जनरेटेड

दिल्ली में लगाए जाएंगे 30000 ईवी चार्जिंग स्टेशन। फोटो: एआई जनरेटेड

HighLights

  1. 2030 तक 30,000 से अधिक नए चार्जिंग पॉइंट बनेंगे

  2. निजी तौर पर चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने की अनुमति होगी

  3. वाहन डीलरों की जवाबदेही तय, स्कूल बसों होगी इलेक्ट्रिक

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली सरकार की नई इलेक्ट्रिक वाहन नीति 2026 के तहत राजधानी में स्वच्छ और शून्य-उत्सर्जन परिवहन को बढ़ावा देने के लिए बड़े स्तर पर चार्जिंग अवसंरचना विकसित की जाएगी।

नीति के तहत 2030 तक पूरे दिल्ली में 30,000 से अधिक सार्वजनिक और अर्द्ध-सार्वजनिक ईवी चार्जिंग प्वाइंट स्थापित किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। इस पर 1,000 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

इसका उद्देश्य इलेक्ट्रिक वाहन उपयोगकर्ताओं को घर, कार्यालय, बाजार, मेट्रो स्टेशन, पार्किंग स्थल और प्रमुख सड़कों के आसपास आसानी से चार्जिंग सुविधा उपलब्ध कराना है। इससे बैटरी खत्म होने की चिंता कम होगी और अधिक लोग इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने के लिए प्रोत्साहित होंगे।

प्रेसवार्ता के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि सरकार का लक्ष्य केवल चार्जिंग नेटवर्क का विस्तार करना ही नहीं, बल्कि उसे तेज, सुरक्षित और सुलभ बनाना भी है। इसके लिए निजी कंपनियों, आवासीय सोसायटियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की भागीदारी को भी बढ़ावा दिया जाएगा।

लोग निजी तौर पर चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित कर सकेंगे

पहले चरण में चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर मुख्य मार्गों पर विकसित किया जाएगा। लोग निजी तौर पर चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित कर सकें, इस पर काम करने के लिए डिस्कॉम से कहा गया है।

जो ईवी पर सब्सिडी ली जाएगी उसे तीन साल तक दूसरे राज्य में पंजीकृत नहीं कराया जा सकेगा। इसका मकसद यह है कि नीति के तहत खरीदा गया ईवी कम से कम तीन साल तक दिल्ली में रहे।

प्रेसवार्ता में शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने कहा कि दिल्ली के लिए यह नीति प्रदूषण कम करने में बहुत योगदान देगी। परिवहन मंत्री डा पंकज और पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी अपनी बात रखी।

प्रदूषण पर 2018 में हुए अध्ययन के आधार पर बनी नीति

परिवहन आयुक्त निहारिका राय ने बताया कि वाहनों से हाेने वाले प्रदूषण पर 2018 में हुए अध्ययन में यह बात सामने आई कि वाहनों से हाेने वाले कुल प्रदूषण में व्यवसायिक वाहनों से 33 प्रतिशत प्रदूषण होता है, इनमें 80 प्रतिशत प्रदूषण एन-एक यानी छोटा हाथी से हो रहा है।

वहीं दो पहिया और तिपहिया से 46 प्रतिशत प्रदूषण होता है। उन्होंने कहा कि इसी को ध्यान में रखते हुए ईवी नीति में वाहनों की तीन श्रेणियों पर ही मुख्यरूप से फोकस किया गया है कि इन वाहनों को तेजी के साथ ईवी में बदला जा सके।

नई नीति में वाहन डीलरों की जवाबदेही भी तय

नई नीति में वाहन डीलरों की जवाबदेही भी तय की गई है। अब प्रत्येक अधिकृत ईवी डीलर को वाहन की बुकिंग के समय ग्राहक को स्पष्ट रूप से बताना होगा कि संबंधित इलेक्ट्रिक वाहन मॉडल के लिए पात्र है या नहीं।

इससे ग्राहकों को खरीदारी के समय ही सरकारी प्रोत्साहन योजनाओं की सही जानकारी मिल सकेगी और बाद में किसी प्रकार का भ्रम या विवाद नहीं होगा। सभी प्रोत्साहन राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के खाते में भेजी जाएगी।

स्कूल बसों के लिए भी इलेक्ट्रिफिकेशन लक्ष्य

दिल्ली सरकार ने स्कूल बसों के बेड़े में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी बढ़ाने का लक्ष्य तय किया है।

  • नीति के अनुसार अधिसूचना के दो वर्ष पूरे होने तक: कम से कम 10 प्रतिशत
  • तीन वर्ष पूरे होने तक: कम से कम 20 प्रतिशत
  • 31 मार्च 2030 तक: कम से कम 30 प्रतिशत बसें इलेक्ट्रिक में बदलनी होंगी

इस नीति के तहत सरकार ने विभिन्न मदों के लिए बड़े स्तर पर राशि निर्धारित की है जो कुल मिलाकर 7 हजार करोड बैठती है।

  • ईवी खरीद प्रोत्साहन: 1,500 करोड़ रुपये से अधिक
  • पुराने वाहन स्क्रैपिंग प्रोत्साहन: 1,500 करोड़ रुपये से अधिक
  • चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर: 1,000 करोड़ रुपये
  • रोड टैक्स व रजिस्ट्रेशन शुल्क में छूट: 3,000 करोड़ रुपये से अधिक के राजस्व की छूट

हाइब्रिड कारों को दिल्ली सरकार का झटका 

दिल्ली सरकार ने इस इलेक्ट्रिक वाहन नीति के मसौदे में स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड कारों के लिए रोड टैक्स और पंजीकरण शुल्क में 50% की छूट का प्रस्ताव रखा था। यह छूट 30 लाख (एक्स-शोरूम) तक की कीमत वाली हाइब्रिड कारों पर लागू की गई थी।

मगर नीति को लेकर सरकार के पास विभिन्न प्रकार के आए सुझाव के बाद इसे वापस ले लिया गया है। दरअसल विशेषज्ञों ने हाइब्रिड कारों को छूट देने के प्रस्ताव को उचित नहीं माना है।

सूत्रों ने कहा कि पिछले साल तक उत्तर प्रदेश सरकार इन कारों पर रोड टैक्स और पंजीकरण शुल्क में छूट दे रही थी। मगर कुछ माह पहले इसे वापस ले लिया गया है। अब फिलहाल कोई भी राज्य इन कारों पर छूट नहीं दे रहा है।

यह भी पढ़ें- बिहार में पीजी छात्रों के लिए बड़ा बदलाव, 43 विषयों का सिलेबस बदलेगा, जुलाई के पहले सप्ताह में मिलेगी मंजूरी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।