विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में पीजी छात्रों के लिए बड़ा बदलाव, 43 विषयों का सिलेबस बदलेगा, जुलाई के पहले सप्ताह में मिलेगी मंजूरी

Published: Mon, 29 Jun 2026 09:47 PM (IST)

बिहार के विश्वविद्यालयों में पीजी के 43 विषयों का पाठ्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत बदला जाएगा, जिसका अनुमोदन जुलाई के पहले सप्ताह में होगा। पहले चरण में फर्स्ट और सेकंड सेमेस्टर के लिए समान पाठ्यक्रम तैयार किया जा रहा है, साथ ही नए डिग्री कॉलेजों में सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति भी होगी।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. पीजी के 43 विषयों का पाठ्यक्रम राष्ट्रीय मानकों पर बदलेगा।

  2. जुलाई के पहले सप्ताह में नए पाठ्यक्रम को मंजूरी मिलेगी।

  3. राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत पाठ्यक्रम तैयार हो रहा है।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। बीआरएबीयू समेत प्रदेश के विश्वविद्यालयों में पीजी का पाठ्यक्रम बदलेगा। 43 विषयों को राष्ट्रीय मानकों के अनुसार तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है। लोकभवन की ओर से इसे जुलाई के पहले सप्ताह में इसका अनुमोदन करते हुए जारी कर दिया जाएगा।

पिछले दिनों सभी विश्वविद्यालयों के कुलपति के साथ हुई बैठक में इस पर चर्चा हुई है। प्रथम चरण में फिलहाल पीजी के फर्स्ट और सेकंड सेमेस्टर के लिए पाठ्यक्रम तैयार होगा।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के आधार पर पीजी कार्यक्रमों के लिए यूजीसी पाठ्यक्रम और क्रेडिट फ्रेमवर्क के अनुसार फर्स्ट और सेकंड सेमेस्टर के लिए एकसमान पाठ्यक्रम तैयार हो रहा है। इसके लिए विभिन्न विश्वविद्यालयों से एक्सपर्ट शिक्षकों को जिम्मेदारी दी गई थी।

लोकभवन की ओर से विभिन्न विषयों के लिए अलग - अलग विश्वविद्यालयों से विशेषज्ञ शिक्षकों को बुलाकर उन्हें पाठ्यक्रम तैयार करने के लिए प्रतिनियुक्ति किया गया। कई विषयों के लिए विशेषज्ञों ने नए पाठ्यक्रम का मसौदा तैयार कर सौंप दिया है। बीआरएबीयू से भी कई शिक्षकों को इसके लिए चुना गया था।

दूसरी ओर प्रदेश में 211 नए डिग्री कालेजों में केंद्रीयकृत व्यवस्था के तहत सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति प्रक्रिया होगी। लोकभवन की ओर से निर्देश जारी किया गया है कि प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों में 31 दिसंबर तक समर्थ पोर्टल के लेखा एवं वित्त, कर्मचारी सेवाएं और अकादमिक पैकेज के सभी 26 माड्यूल्स को पूरी तरह लागू किया जाएगा।

बीआरएबीयू का एमएमटीटीसी होगा अपडेट

बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के मदन मोहन मालवीय टीचर्स ट्रेनिंग सेंटर को पहले के मुकाबले और अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाया जाएगा। इसको लेकर लोकभवन की ओर से निर्देश जारी किया गया है। कहा गया है कि पटना एवं मुजफ्फरपुर विश्वविद्यालय में स्थित मदन मोहन मालवीय शिक्षक प्रशिक्षण केन्द्रों को और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाया जा रहा है।

पिछले दिनों लोकभवन में हुई बैठक में यह भी निर्देश जारी किया गया है कि प्रत्येक उच्च शिक्षण संस्थान प्रतिवर्ष कम से कम एक कार्यक्रम का आयोजन अनिवार्य रूप से करेगा जिससे प्राध्यापकों की अध्ययन-अध्यापन क्षमता का सतत विकास सुनिश्चित हो सके।

बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति, 2020 के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए बताया गया कि सभी शैक्षणिक कार्यक्रमों को राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है तथा स्नातकोत्तर के 43 विषयों के पाठ्यक्रम का अनुमोदन जुलाई के प्रथम सप्ताह तक दी जायेगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।