दिल्ली में EV चार्जिंग स्टेशनों की बदहाली, 34 हजार की जरूरत पर सिर्फ 10 हजार; ज्यादातर खराब या स्लो
दिल्ली में इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने के प्रयासों के बावजूद, चार्जिंग स्टेशनों की भारी कमी और खराब स्थिति एक बड़ी चुनौती बनी हुई है।

बंगला साहिब लेन स्थित काली मंदिर के सामने खराब पड़े ई कार चार्जिंग स्टेशन पर लटका बैग और रखे कपड़े के गटठर। चंद्र प्रकाश मिश्र

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
निहाल सिंह, नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के बीच पेट्रोलियम पदार्थों की बचत की अपील के साथ लोगों से इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) के भी उपयोग की सलाह दी जा रही है लेकिन, दिल्ली में ईवी चार्जिंग स्टेशनों का भरोसेमंद और इनकी कमी की वजह से ईवी के उपयोग को बढ़ावा नहीं मिल पा रहा है। यह तब है कि दिल्ली सरकार नई ईवी पालिसी को जल्द लागू कर जमीन पर उतारने की बात कह रही है।
संख्या अभी 10 हजार के पास ही पहुंची
दिल्ली सरकार की ही 2022 की एक रिपोर्ट में दिल्ली में ईवी चार्जिंग स्टेशन की स्थिति और भविष्य की जरूरत के आंकलन के अनुसार अब तक 34 हजार चार्जिंग प्वाइंट होने चाहिए थे लेकिन उसकी संख्या अभी 10 हजार के पास ही पहुंची है।
वैसे तो सरकार ने अप्रैल 2026 में इसे रिकाॅर्ड बताया था लेकिन दिल्ली के चार्जिंग स्टेशनों की खराब स्थिति भी किसी से छिपी नहीं है। कहीं चार्जिंग स्टेशन खराब पड़े हैं तो कहीं फुटपाथ पर तो कहीं बस स्टैंड के पास लगे चार्जिंग स्टेशन के उपयोगिता हमेशा सवालों के घेरे में रहती है।
दैनिक जागरण की पड़ताल में खुलासा
दैनिक जागरण की भी पड़ताल इसको पुख्ता करती है। पूर्वी दिल्ली में बात करें तो विकास मार्ग पर फुटपाथ पर चार्जिंग स्टेशन बना दिए हैं लेकिन जाम और लोगों को आवाजाही में दिक्कत की वजह से लोग इसे जितना होना चाहिए उतना उपयोग नहीं कर पाते हैं।
इसी प्रकार पूर्वी दिल्ली के ही शाहदरा में श्याम लाल काॅलेज के पास बने कुछ चार्जिंग स्टेशन पर तीन में से एक प्वाइंट खराब है। बाकि दो जो शेष हैं वह कभी कबार ही काम करते हैं। मध्य दिल्ली में ही रफी मार्ग पर बने चार्जिंग स्टेशन का एक भी एक प्वाइंट खराब पड़ा हुआ।
बंगला साहिब मार्ग पर काली मंदिर के पास बना चार्जिंग स्टेशन जर्जर हालत में पड़ा है। यहां पर बेघर लोग सोते हुए भी पाए गए।

सिर्फ 20 प्रतिशत ही चार्जिंग स्टेशन हैं फास्ट
आज के समय में तकनीक का युग है। समय की कमी के कारण नागरिक स्मार्ट तकनीक का उपयोग करतेे हैं लेकिन चार्जिंग स्टेशनों में तकनीक पुरानी ही चल रही है। 20 प्रतिशत ही चार्जिंग स्टेशन तेज गति से वाहन चार्ज करते हैं।
लोकसभा में दिसंबर 2025 में दिए गए एक जवाब में बताया गया था कि बीते पांच वर्षों में दिल्ली में 1957 चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए गए। इसमें मात्र 399 चार्जिंग स्टेशन ही फास्ट चार्जर हैं। जबकि 1558 चार्जिंग स्टेशन स्लो हैं। जिससे लोग इन चार्जिंग स्टेशनों को लोग पसंद नहीं करते हैं।
चार्जिंग स्टेशन पर चल रही पंचर की दुकान
राजधानी दिल्ली में ईवी चार्जिंग कई जगह पर तो अच्छी हालत में हैं तो कई जगह पर उनकी हालत खराब है। क्योंकि चार्जिंग स्टेशन को केवल औपचारिकता के लिए लगा दिया गया है। इसलिए दिल्ली में सड़कों के किनारे चार्जिंग स्टेशन फुटपाथ या बस स्टैंड के पास मिल जाएंगे।
ऐसे में इससे फुटपाथ पर पैदल चलने वालों को तो दिक्कत होती ही है बल्कि वाहन खड़ा करके चार्जिंग करने वाले को भी दिक्कत होती है। क्योंकि कई बार वाहनों के चार्जिंग से जाम की भी स्थिति उत्पन्न होती है। वहीं, कई स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन की ओट लेकर पंचर और दूसरी दुकानें चलाई जा रही हैं।
एनडीएमसी के चार्जिंग स्टेशन भी खराब
लुटियंस दिल्ली में चार्जिंग स्टेशन को माडल के तौर पर स्थापित करना था। 2019 में ही 100 चार्जिंग स्टेशन स्थापित हो गए थे लेकिन इसके बाद से इसकी संख्या नहीं बढ़ी है।
चार्जिंग स्टेशन का उपयोग लोग करें इसके लिए यहां पर काफी स्टेशन और जनसुविधाएं जोड़ने की बात कहीं गई थी लेकिन वह जमीन पर नहीं उतर सकी। एनडीएमसी चार्जिंग स्टेशन की संख्या154 तक बढ़ाने पर काम कर रही है।
अभी उसके 90 ही चार्जिंग स्टेशन चालू हैं। जबकि 10 चार्जिंग स्टेशन खराब पड़े हैं। जबकि शेष चार्जिंग स्टेशन को लगाने का काम कछुआ चाल से चल रहा है। एनडीेएमसी ने 2023 में काउंसिल से 350 नए ई चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की घोषणा की थी लेकिन वह जमीन पर नहीं उतरी है।
"मैं अक्सर श्याम लाल काॅलेज के पास अपनी गाड़ी को चार्ज करने के लिए आता हूं लेकिन कई बार यह खराब मिलता है तो कभी सही मिलता है। चार्जिंग स्टेशन की संख्या बढ़ानी चाहिए और इनकी स्थिति भी ठीक करनी चाहिए।"
-ललित मलिक, ईवी चालक
कितने चार्जिंग प्वाइंट की हैं दिल्ली में जरूरत
| वर्ष | प्वाइंट की जरूरत |
| 2026 | 34151 |
| 2027 | 44299 |
| 2028 | 56002 |
| 2029 | 69359 |
| 2030 | 84434 |
नोटः अनुमानित आंकड़े दिल्ली सरकार की 2022 की एक रिपोर्ट के अनुसार हैं।
यह भी पढ़ें- दिल्ली सरकार जल्द लागू करेगी नई EV Policy, मिल सकता है 100% रोड टैक्स व रजिस्ट्रेशन फीस माफी का तोहफा
