सड़कों पर अचानक बंद हो रहे हैं ई-रिक्शा, एप के दुरुपयोग से चालक परेशान; सवारियों को खतरा
दिल्ली में ई-रिक्शा चालक चीनी ऐप के दुरुपयोग से परेशान हैं, जिससे उनकी लिथियम बैटरी अचानक बंद हो जाती है। यह समस्या सड़कों पर आम हो गई है, जिससे चालकों को आर्थिक नुकसान और यात्रियों को असुविधा हो रही है।

चीन के लोन एप के जाल में फंसकर दिल्ली के कई लोगों ने खुदकुशी की।
HighLights
चीनी ऐप से दिल्ली के ई-रिक्शा अचानक बंद हो रहे हैं।
लिथियम बैटरी के बीएमएस का दुरुपयोग कर रहे शरारती तत्व।
चालकों को बैटरी पासवर्ड बदलने की सलाह दी गई।
शुजाउद्दीन, पूर्वी दिल्ली। चीन के लोन एप के जाल में फंसकर दिल्ली के कई लोगों ने खुदकुशी की। किसी तरह से सरकार ने यह एप प्रतिबंध किए। पिछले कुछ दिनों से लिथियम बैटरी कंट्रोल करने वाले चीन के कई एप ने ई-रिक्शा व स्कूटी जैसे ईवी चालकों की जिंदगी को मुश्किल में डाला हुआ है। राजधानी की सड़कों पर चलते-चलते ई-रिक्शा अचानक बंद हो रहे हैं।
रिक्शा ही नहीं, स्कूटी और अन्य ईवी के बंद होने के वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं। दरअसल, शरारती तत्व गूगल प्ले स्टोर से चीन के विभिन्न एप की मदद से लिथियम बैटरी रिक्शों को बंद कर रहे हैं। यह देश की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा साबित हो सकता है। दिल्ली पुलिस व सरकार इस मामले को देख रही है। लेकिन शरारती तत्वों पर शिकंजा नहीं कस पा रही है।
दिल्ली में चल रहे अधिकतर ई-रिक्शा में लिथियम की बैटरी लगी हुई है। इस बैटरी में बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (बीएमएस) होता है, जो ब्लूटूथ के जरिए मोबाइल फोन से कनेक्ट होकर बैटरी डिस्चार्ज होने, हीट होने जैसे खतरों आदि की जानकारी देता है। खतरे की स्थिति में की बैटरी को बैट-बीएमएस या अन्य कई एप से बंद कर सकते हैं। लेकिन शरारती तत्व इन एप का दुरुपयोग कर रहे हैं।
जहां देखो ई-रिक्शा सड़कों पर बंद हो रहे हैं। रिक्शा चालक धक्का लगवा रहे हैं। वे समझ नहीं पा रहे उनके साथ हो क्या रहा है। बैटरी पावर बंद होने पर यह दोबारा स्टार्ट नहीं होता, न ही बैटरी चार्ज होती। एप से अनलाक होने के बाद ही बैटरी काम करना शुरू करती है।
ज्यादातर चीनी एप का उपयोग कर रहे शरारती तत्व
यह चीन निर्मित एप इतने खतरनाक है, फोन में डाउनलोड करने से पहले इसपर कोई आइडी नहीं बनानी होती है। डाउनलोड करके किसी भी लिथियम बैटरी को कंट्रोल कर सकते हैं। किसी व्यक्ति को लिथियम बैटरी का पासवर्ड पता है तो एप के जरिये दुनिया के किसी भी जगह से उसे कंट्रोल कर सकता है।
शरारती तत्व ऐसे उठा रहे फायदा, जान लीजिए कैसे बचें
दरअसल, एप को आन करते हुए दस-पंद्रह मीटर की रेंज में जितने भी ई-रिक्शा होंगे उनकी डिटेल एप पर दिखने लगती है। एक क्लिक करते हुए एप से ई-रिक्शा कनेक्ट हो जाता है। दरअसल, ई-रिक्शा खरीदने के दौरान उसकी बैटरी पर पासवर्ड होता ही नहीं, या फिर डिफाल्ट पासवर्ड होता है, जो 12345 जैसा होता है। जिसका फायदा शरारती तत्व उठाते हैं। अगर इससे बचना है तो ईवी डीलर के पास जाकर अपना पासवर्ड बदलवा लें। इससे बिना पासवर्ड के एप से आपकी बैटरी कनेक्ट नहीं होगी।
प्रतिक्रिया
तीन दिन में चार बार मेरे ई-रिक्शा को किसी ने एप के जरिये बंद कर दिया। रिक्शा न तो चल रहा था न ही उसमें चार्जिंग हो रही थी। रिक्शे में धक्का लगवाकर एक किलोमीटर दूर रिक्शा सेंटर पर गया, सौ रुपये में बैटरी का लाक खुलवाया। लाक खुलवाने में चार सौ रुपये खर्च हो चुके हैं। - शाहिद, ई-रिक्शा चालक
किराये पर रिक्शा चलाकर परिवार का पेट पालता हूं। किसी ने एप के जरिये रिक्शे की बैटरी बंद कर दी, उससे रिक्शे में करंट ही नहीं आया। छह घंटे में लाक खुलवाया। पूरा दिन मेरा खराब हुआ, रिक्शे की बैटरी बंद होने से सवारी भी बैठा नहीं सका।
प्रदीप, ई-रिक्शा चालक
यह भी पढ़ें- मालवीय नगर अग्निकांड: एक माह बाद भी जांच के नाम पर फाइलें बंद, बड़े अधिकारी बेदाग
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।