विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में 30 लाख हड़पने के लिए रची लूट की झूठी कहानी, सीने पर रेजर से खुद किया घाव; दोस्त के घर से कैश बरामद

Published: Sat, 03 Oct 2026 08:28 PM (IST)

एक कैश कलेक्शन कर्मचारी ने मालिक के 30 लाख रुपये हड़पने के लिए लूट की झूठी कहानी रची और खुद ...और पढ़ें

कमीज पर कट का निशान नहीं मिलने और सीसीटीवी फुटेज में घटना की पुष्टि नहीं होने से उसकी पोल खुल गई।

कमीज पर कट का निशान नहीं मिलने और सीसीटीवी फुटेज में घटना की पुष्टि नहीं होने से उसकी पोल खुल गई।

HighLights

  1. कर्मचारी ने 30 लाख रुपये हड़पने को झूठी लूट रची।

  2. सीने पर रेजर से खुद घाव कर कहानी को सच दिखाया।

  3. पुलिस ने कर्मचारी और दोस्त को गिरफ्तार कर रकम बरामद की।

जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। मालिक की 30 लाख रुपये की रकम हड़पने के लिए कैश कलेक्शन कर्मचारी ने तीन बदमाशों द्वारा लूट की झूठी कहानी रच दी। कहानी को सच साबित करने के लिए अपने सीने पर रेजर से घाव भी लगा लिया, लेकिन कमीज पर कट का निशान नहीं मिलने और सीसीटीवी फुटेज में घटना की पुष्टि नहीं होने से उसकी पोल खुल गई।

वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद

मोती नगर थाना पुलिस ने शिकायतकर्ता पश्चिम विहार निवासी परवीन मल्होत्रा (24) और उसके दोस्त बहादुरगढ़ निवासी परवीन उर्फ प्रेम (23) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से पूरी 30 लाख रुपये की रकम, नकदी रखने वाला बैग और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।

तीन स्थानों से 30 लाख रुपये जुटाए

पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि दो अक्टूबर को मोती नगर थाने में जखीरा फ्लाईओवर के पास लूट की पीसीआर कॉल मिली थी। सूचना पर एसआइ अंकुर पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। वहां मदन लाल प्लास्टिक, टिकरी कलां में कैश कलेक्शन कर्मचारी परवीन मल्होत्रा मिला। उसने बताया कि एक अक्टूबर को मालिक के निर्देश पर उसने तीन स्थानों से 30 लाख रुपये एकत्र किए थे।

विरोधाभास मिलने पर उससे पूछताछ की

मोटरसाइकिल से लौटने के दौरान जखीरा फ्लाईओवर के पास काली मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने उसे रोककर नकदी से भरा बैग छीन लिया और सीने पर ब्लेड से वार किया। जांच के दौरान पुलिस टीम को शिकायतकर्ता के बयान पर संदेह हुआ।

सीने पर चोट होने के बावजूद उसकी कमीज पर कट का कोई निशान नहीं था। घटनास्थल और बताए गए समय के सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर भी उसकी कहानी की पुष्टि नहीं हुई। पुलिस ने उसके पूरे रास्ते की जांच की और बयानों में विरोधाभास मिलने पर उससे पूछताछ की।

मोबाइल फोन क्षतिग्रस्त कर फेंका

पूछताछ में परवीन ने पुलिस को बताया कि उसने मालिक की 30 लाख रुपये की रकम अपने पास रखने के लिए झूठी लूट की कहानी रची थी। उसने नकदी से भरा बैग अपने दोस्त परवीन उर्फ प्रेम को केशवपुरम मेट्रो स्टेशन पर सौंप दिया।

इसके बाद खुद को लूट का शिकार दिखाने के लिए रेजर से सीने पर घाव लगाया और पीरागढ़ी मेट्रो स्टेशन के पास अपना मोबाइल फोन क्षतिग्रस्त कर फेंक दिया। पुलिस टीम ने हरियाणा के बहादुरगढ़ स्थित उसके साथी के घर पर छापा मारा, जहां से 30 लाख रुपयों से भरा बैग मिला। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

यह भी पढ़ें- YouTube पर वीडियो देखकर सीखी नकली नोटों की छपाई, किराये के कमरे में छापी 500 और 100 की गड्डी