दिल्ली की सड़कों पर ई-बसों की रफ्तार तेज, पर चुनौती बरकरार; 2030 तक 14000 बसों का बड़ा लक्ष्य
दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन की बसों की कमी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है, हालांकि इलेक्ट्रिक बसों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। जनवरी 2022 से अब तक 5000 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर आ चुकी हैं।

दिल्ली में सड़कों पर उतरीं इलेक्ट्रिक बसें। जागरण फोटो
HighLights
दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन की बसों की उपलब्धता अभी भी बड़ी चुनौती।
जनवरी 2022 से अब तक 5000 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें शामिल।
वर्ष 2030 तक 14,000 बसों का लक्ष्य हासिल करना मुश्किल।
वी के शुक्ला, नई दिल्ली। दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन की जरूरत के मुताबिक बसें उपलब्ध कराना सरकार के लिए अब भी बड़ी चुनौती है। हालांकि, इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ाने की रफ्तार तेज हुई है।
जनवरी 2022 से जनवरी 2025 तक आम आदमी पार्टी सरकार के 3 साल के कार्यकाल में करीब 2000 इलेक्ट्रिक बसें दिल्ली की सड़कों पर उतरीं।
14000 बसें उपलब्ध कराने का लक्ष्य
वहीं, भाजपा सरकार के पौने दो साल के कार्यकाल में 3338 बसें सड़कों पर आ चुकी हैं। इसके बावजूद वर्ष 2030 तक दिल्ली में 14 हजार बसें उपलब्ध कराने का लक्ष्य हासिल करना सरकार के सामने बड़ी चुनौती बना हुआ है।
विशेषज्ञों की मानें तो सरकार को केवल ज्यादा बसें सड़कों पर उतार देने से ही खुश होना काफी नहीं है, सरकार को लगातार अपने 14000 के लक्ष्य का पीछा करना होगा, तभी सरकार का जरूरत के हिसाब से बेड़ा मजबूत हो सकेगा।
संख्या 7088 पर पहुंच गई
दिल्ली की बात करें तो अब डिम्ट्स की बसें भी सरकार के अंतर्गत आ गई हैं। इन्हें मिलाकर बसों की कुल संख्या 7088 पर पहुंच गई है मगर अभी भी जरूरत के हिसाब से आधी बसें मौजूद हैं।
इलेक्ट्रिक बसों की बात करें तो इनकी शुरुआत जनवरी 2022 में हुई थी। उस सरकार के तीन साल के कार्यकाल में 2000 बसें आईं, वहीं वर्तमान सरकार के 21 माह के कार्यकाल में 3338 बसें आ चुकी हैं।
यह भी पढ़ें- दिल्ली ही नहीं हापुड़ तक दौड़ेंगी नई इलेक्ट्रिक बसें, शुक्रवार को DTC की 100 बसों को हरी झंडी दिखाएंगी CM
जनवरी 2022 से जनवरी 2025 तक आईं बसें
| माह / वर्ष | बसों की संख्या |
|---|---|
| जनवरी 2022 | 2 |
| मई 2022 | 150 |
| अगस्त 2022 | 97 |
| जनवरी 2023 | 50 |
| सितंबर 2023 | 400 |
| दिसंबर 2023 | 500 |
| फरवरी 2024 | 350 |
| सितंबर 2024 | 350 |
| जनवरी 2025 | 101 |
| कुल | 2000 |
फरवरी 2025 से नवंबर 2026 तक आईं बसें
| माह / वर्ष | बसों की संख्या |
|---|---|
| 2025 (कुल) | 1600 |
| फरवरी 2026 | 500 |
| मार्च 2026 | 300 |
| अप्रैल 2026 | 350 |
| मई 2026 | 200 |
| सितंबर 2026 | 300 |
| अक्टूबर 2026 | 150 |
| नवंबर 2026 | 100 |
| कुल | 3338 |