विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'ABCD बोलने पर कान पकड़ने लगता है, मां को छूने नहीं दे रहा'; दिल्ली प्ले स्कूल कांड पर छलका पिता का दर्द

Published: Mon, 31 Aug 2026 06:45 PM (GMT+05:30)

दिल्ली के मौजपुर स्थित एक डे-केयर सेंटर में 3 साल के बच्चे के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है, जिससे बच्चा गहरे सदमे में है।

बच्चे को पिटती हुई शिक्षिका सीसीटीवी कैमरे में हुई कैद : सौजन्य स्वजन

बच्चे को पिटती हुई शिक्षिका सीसीटीवी कैमरे में हुई कैद : सौजन्य स्वजन

HighLights

  1. 3 साल का बच्चा गहरे सदमे में, स्कूल से डरा

  2. सीसीटीवी में शिक्षिका और केयरटेकर की मारपीट दिखी

  3. पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज, एक केयरटेकर गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। दिल्ली के मौजपुर इलाके में एक डे-केयर सेंटर में 3 साल के बच्चे के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है।

पिता का दावा है कि घटना के बाद बच्चा गहरे सदमे में है, सुबह उठते ही रोने लगता है और स्कूल का नाम सुनते ही डर जाता है। परिवार का कहना है कि बच्चा अब अपनी मां को भी छूने नहीं दे रहा है।

CCTV फुटेज से पता चली बच्चे से हिंसा 

मामला उत्तर-पूर्वी दिल्ली के मौजपुर इलाके के एक बच्चों के डे-केयर सेंटर का है। आरोप है कि बच्चे के साथ कई दिनों तक मारपीट की गई। परिजनों को जब क्लासरूम की CCTV फुटेज देखने का मौका मिला तो बच्चे के साथ हुई हिंसा का मामला सामने आया।

एक वीडियो में एक शिक्षिका बच्चे को छोटी पीली प्लास्टिक की कुर्सी पर बैठाकर अपने पैरों से फर्श पर धकेलती नजर आती है। इसके बाद कोने में ले जाकर उसे थप्पड़ मारने का आरोप है। एक अन्य वीडियो में एक महिला, जिसे संभवतः केयरटेकर बताया गया है, बच्चे को जोर से झकझोरती दिखाई देती है।

पिता बोले-सुबह उठते ही रोने लगता है बेटा

बच्चे के पिता का कहना है कि उनका बेटा अब बेहद डरा हुआ है। वह सुबह उठते ही रोने लगता है, क्योंकि उसे लगता है कि उसे फिर स्कूल भेज दिया जाएगा। पिता के अनुसार, बच्चा लगातार चिंता और डर में रहता है और रोता रहता है।

पिता का कहना है कि सदमा इतना गहरा है कि बच्चा अपने माता-पिता से भी डरने लगा है। परिवार के अनुसार, वह अपनी मां को भी छूने तक नहीं दे रहा है।

‘1, 2, 3 या ABCD से भी सहम जाता है’

पिता ने बताया कि बच्चा इतना डरा हुआ है कि यदि उससे ‘1, 2, 3’ या ‘ABCD’ सुनाने को कहा जाए और वह कुछ भूल जाए तो तुरंत अपने हाथ आगे कर देता है और कान पकड़ने लगता है। पिता के मुताबिक, बच्चे को डर रहता है कि गलती करने पर उसकी पिटाई होगी।

उन्होंने कहा कि बच्चा यह मानकर डरने लगा है कि कोई भी गलती करने पर उसे मारा जाएगा और वह गहरे सदमे में है।

कानों में सूजन, CT स्कैन से डर रहा बच्चा

पिता के अनुसार, 18 तारीख को स्कूल से घर लौटने के बाद बच्चे को उल्टी हुई और चक्कर आने लगे। डॉक्टर को दिखाने के बाद ENT विशेषज्ञ से जांच कराई गई। पिता का कहना है कि बच्चे के दोनों कानों के पर्दों में सूजन बताई गई थी और डॉक्टर ने उसकी हालत को गंभीर बताया।

उन्होंने बताया कि दोबारा जांच में भी कानों के पर्दों की सूजन बनी हुई है। बच्चे को CT स्कैन कराने के लिए भी ले जाया गया, लेकिन मशीन की आवाज से वह इतना डर गया कि जांच नहीं हो सकी।

‘ पौने 3 घंटे तक एप्रन से बांधकर पीटा’

पिता ने CCTV फुटेज का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि उनके बच्चे को सुबह करीब 9:45 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक एप्रन से बांधकर रखा गया और बार-बार पीटा गया। उनका आरोप है कि बच्चे के कान खींचे गए और कुर्सी से आगे बढ़ने की कोशिश करने पर उसे मारा गया।

पिता के मुताबिक, बच्चा जब खुद को खोलने की कोशिश करता था तो उसे दोबारा बांध दिया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि एक समय बच्चे को अकेले बांधकर छोड़ दिया गया और बाद में केयरटेकर के लौटने पर उसके साथ फिर मारपीट की गई।

POCSO एक्ट में केस दर्ज किया

दिल्ली पुलिस ने इस मामले में POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। मामले में स्कूल की निदेशक सुनीता बंसल, प्रिंसिपल नीलम और शिक्षिकाओं सिमरन व पूजा को आरोपी बनाया गया है। पुलिस के अनुसार, एक केयरटेकर को गिरफ्तार किया गया है।

पिता का आरोप है कि स्कूल ने इस मामले में कोई जिम्मेदारी नहीं ली। उनका कहना है कि स्कूल प्रबंधन ने उल्टा बच्चे को ही गलत बताया। पिता के मुताबिक, CCTV फुटेज में उनका बच्चा कहीं भी गलत व्यवहार करता नहीं दिखा।

पिता बोले- बच्चा हर दिन रोता है

पिता का कहना है कि उनका बेटा रोज रोता है, लेकिन अपनी उम्र के कारण वह यह नहीं बता पाता कि उसके साथ क्या हुआ। परिवार का कहना है कि घटना के बाद बच्चे के व्यवहार में बड़ा बदलाव आया है और वह स्कूल जाने के नाम से ही कांपने लगता है।

पिता के मुताबिक, उनका सबसे बड़ा डर यह है कि बेटे को इस सदमे से बाहर आने में कितना समय लगेगा। उन्होंने कहा कि बच्चा अभी भी इतना सहमा हुआ है कि अपने ही माता-पिता के पास भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहा है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के प्ले स्कूल में मासूम बच्चे से मारपीट, निदेशक समेत चार के खिलाफ केस दर्ज

यह भी पढ़ें- मौजपुर प्ले स्कूल कांडः बच्चे से हैवानियत करने वाले स्कूल को CM रेखा गुप्ता ने सील करने के दिए आदेश