दिल्ली-NCR में 20 नवंबर तक निर्माण कार्यों पर लगी रोक, मोदी मिल फ्लाईओवर समेत कई प्रोजेक्ट अटके
दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए 5 से 20 नवंबर तक निर्माण और तोड़फोड़ कार्यों पर रोक लगा दी ...और पढ़ें

मोदी मिल फ्लाईओवर पर चल रहा कंस्ट्रक्शन वर्क अब बंद होगा। फोटो: विपिन कुमार
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए पांच नवंबर से 20 नवंबर तक निर्माण और तोड़फोड़ से जुड़े कार्यों पर रोक रहेगी। इसका असर राजधानी में चल रही विकास परियोजनाओं पर पड़ सकता है।
अस्पतालों से जुड़े निर्माण कार्यों को छूट दी गई है। यह रोक सभी तरह के विकास कार्यों पर नहीं, बल्कि धूल और प्रदूषण पैदा करने वाले निर्माण कार्यों पर लागू है।
मेट्रो, रेलवे, हवाई अड्डे, अंतरराज्यीय बस अड्डे, जलापूर्ति, स्वच्छता और राष्ट्रीय महत्व की कुछ परियोजनाओं को भी निर्धारित छूट दी गई है।
पीडब्ल्यूडी की बड़ी परियोजनाएं होंगी प्रभावित
इस आदेश के चलते लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की कई बड़ी परियोजनाओं में निर्माण गतिविधियां प्रभावित होने की आशंका है। राजधानी में सड़क, फ्लाईओवर और अंडरपास से जुड़ी कई परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं।
दरअसल, इस साल सड़कों का निर्माण कार्य पहले ही कई कारणों से प्रभावित रहा है। पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण बिटुमिन की कीमतों में बढ़ोतरी से सड़क निर्माण की योजनाएं समय पर शुरू नहीं हो सकीं।
इसके बाद मानसून के कारण भी लंबे समय तक निर्माण कार्य प्रभावित रहा। मानसून समाप्त होने के बाद उम्मीद थी कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) बड़े स्तर पर सड़कों का निर्माण और मरम्मत शुरू करेगा, लेकिन प्रदूषण के चलते अब एक बार फिर इन कार्यों पर ब्रेक लग गया है।
पीडब्ल्यूडी ने 30 नवंबर तक सड़कों की मरम्मत और नई सतह बिछाने का लक्ष्य रखा था। इस पर काम भी शुरू हो चुका था।
फरवरी के अंत तक गति पकड़ सकता है काम
विशेषज्ञों का मानना है कि 20 नवंबर के बाद भी प्रदूषण की स्थिति में तत्काल सुधार की संभावना कम है। ऐसे में निर्माण कार्यों पर लगी रोक आगे भी जारी रह सकती है।
यदि ऐसा हुआ तो सड़कों का बड़े स्तर पर निर्माण कार्य फरवरी के अंत तक ही गति पकड़ पाएगा। इससे परियोजनाओं की समयसीमा बढ़ने के साथ आम लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ सकती है।
आज से बंद होंगे इन परियोजनाओं के काम
- मोदी मिल फ्लाईओवर: मोदी मिल के पास फ्लाईओवर के विस्तार का काम।
- यमुना विहार-भजनपुरा डबलडेकर फ्लाईओवर: पूर्वी दिल्ली में दोनों क्षेत्रों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण परियोजना।
- भैरों मार्ग अंडरपास: इस परियोजना का काम चल रहा है और इसके फरवरी 2027 तक पूरा होने की संभावना जताई गई है।
- मेहरौली-बदरपुर रोड: इस मार्ग पर फ्लाईओवर विस्तार और सड़क से जुड़ी निर्माण गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं।
- कड़कड़ी मोड़ से शाहदरा के बीच जल निकासी से जुड़े कार्य भी आज से बंद होंगे।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में ITO और रिंग रोड समेत कई मार्ग आज रहेंगे बंद, घर से निकलने से पहले देख लें ट्रैफिक एडवाइजरी