दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने शुरू किया 'मिशन ग्रीन दिल्ली', लोगों से की 70 लाख पौधरोपण के लक्ष्य से जुड़ने की अपील
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी में 70 लाख पौधे लगाने का 'मिशन ग्रीन दिल्ली' अभियान शुरू किया। इसका उद्देश्य दिल्ली को हरा-भरा और पर्यावरण जागरूकता फैलाना है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को राजधानी में 70 लाख पौधे लगाने का व्यापक अभियान शुरू किया। वीडियो ग्रैब
HighLights
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 'मिशन ग्रीन दिल्ली' किया शुरू।
राजधानी में 70 लाख पौधे लगाने का रखा गया लक्ष्य।
'एक पेड़ मां के नाम' थीम पर आधारित यह अभियान।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को राजधानी में 70 लाख पौधे लगाने का व्यापक अभियान शुरू किया। इस जनांदोलन के रूप में शुरू की गई मुहिम का लक्ष्य दिल्ली को हरा-भरा और स्वच्छ बनाना है।
सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट में सीएम रेखा गुप्ता ने अभियान में शामिल सभी दिल्लीवासियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, 'ग्रीन दिल्ली के संकल्प को जनआंदोलन बनाने के लिए 70 लाख पौधारोपण अभियान से जुड़ रहे सभी दिल्लीवासियों का हृदय से आभार। आपके हाथों लगाया गया हर पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, हरियाली और स्वस्थ भविष्य की मजबूत नींव बनेगा।'
बता दें कि अभियान 'एक पेड़ मां के नाम' थीम के साथ चलाया जा रहा है, जिसमें नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपनी मां के नाम पर पौधा लगाएं। वीडियो में मुख्यमंत्री पौधरोपण करते हुए दिख रही हैं। इस अभियान को बढ़ावा देने वाले वीडियो में 'Mission Green Delhi Begins' और 'Planting Trees, Protecting the Future' जैसे संदेश प्रदर्शित किए गए हैं।
दिल्ली लंबे समय से गंभीर वायु प्रदूषण की समस्या से जूझ रही है। यह बड़े पैमाने का वृक्षारोपण अभियान वायु गुणवत्ता सुधारने, हरे क्षेत्र बढ़ाने और पर्यावरण जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सरकार ने एनजीओ, स्कूलों, आरडब्ल्यूए और आम नागरिकों से सक्रिय भागीदारी की अपील की है।
