दिल्ली में छठ पूजा की तैयारी तेज, मुनक नहर क्षेत्र पहुंचीं सीएम रेखा गुप्ता; घाटों के विकास कार्यों का लिया जायजा
दिल्ली में छठ महापर्व की तैयारी शुरू हो गई है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छठ से पहले ...और पढ़ें
-1792844619520_m.webp)
मुनक नहर क्षेत्र का हुआ निरीक्षण, फोटो- सीएम रेखा गुप्ता एक्स अकाउंट
HighLights
छठ महापर्व से पहले विकास कार्यों का निरीक्षण किया गया।
गुणवत्ता और समय-सीमा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश।
घाटों पर लाइटिंग, स्वच्छता व सुविधाओं की समीक्षा की।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। छठ महापर्व के मद्देनजर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को सिंगलपुर स्थित प्रेमबाड़ी पुल के मुनक नहर क्षेत्र में चल रहे विकास, सौंदर्यीकरण और छठ घाटों के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।
विभिन्न कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
छठ महापर्व से पहले तैयारी तेज
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में केवल औपचारिकता पूरी करने के बजाय उनकी गुणवत्ता, उपयोगिता और सुंदरता पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। साथ ही, छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी गंदगी और अव्यवस्थाओं के लिए पहचाने जाने वाले मुनक नहर क्षेत्र को अब स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित स्वरूप दिया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और जहां भी कोई कमी दिखाई दे, उसे तत्काल दूर किया जाए।
पौधरोपण के कार्याें का लिया जायजा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने निरीक्षण के दौरान हरित क्षेत्र के विकास और पौधरोपण के कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि पौधरोपण बिना किसी सुविचारित योजना के न किया जाए। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को बेहतर डिजाइन तैयार कर उसके अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए।
लाइट्स और झालरों से सजाए जाएंगे घाट
मुख्यमंत्री ने छठ घाटों के निर्माण और उनके आसपास की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि घाटों की दीवारों, आसपास के रास्तों और संबंधित स्थलों की फिनिशिंग समय पर पूरी की जाए।
घाटों के आसपास आकर्षक लाइटिंग और झालरों की व्यवस्था की जाए। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों, सीढ़ियों, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं की भी जांच करने के निर्देश देते हुए कहा कि इसमें लापरवाही स्वीकार नहीं होगी।
सड़क, फुटपाथ का भी हो व्यवस्थित विकास
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सड़क, फुटपाथ, पुल के आसपास के हिस्सों और यातायात व्यवस्था से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सड़क और फुटपाथ का निर्माण स्थानीय जरूरतों तथा उपलब्ध स्थान के अनुरूप किया जाए। अनावश्यक निर्माण से बचते हुए ट्रैफिक के सुचारू संचालन और पैदल यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता दी जाए।
सड़क, हरित क्षेत्र, पुल और घाटों का विकास एक समग्र योजना के तहत होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में कचरा प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश दिए हैं कि सड़कों और फुटपाथों पर कचरा जमा होने, दुर्गंध फैलने या अव्यवस्थित कचरा संग्रहण की स्थिति किसी भी हालत में नहीं होनी चाहिए।
