विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'जब लगता है कि हम उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पा रहे हैं...', बच्चों में यहीं से शुरू होता है मानसिक दबाव का सफर

Published: Fri, 20 Nov 2026 04:52 AM (GMT+05:30)

बच्चों पर पढ़ाई, दोस्तों, माता-पिता की अपेक्षाओं और सोशल मीडिया का बढ़ता दबाव मानसिक स्वास्थ्य चुनौती बन रहा है। दिल्ली में छात्रों की आत्महत्या की घटनाओं और अध्ययनों ने इस समस्या की गंभीरता को उजागर किया है, जिसमें समय पर पहचान महत्वपूर्ण है।  

News Article Hero Image

HighLights

  1. बच्चों पर पढ़ाई, अपेक्षाओं, सोशल मीडिया का बढ़ता मानसिक दबाव।

  2. दिल्ली में छात्रों की आत्महत्या की घटनाओं ने समस्या की गंभीरता बढ़ाई।

  3. उम्र के अनुसार बच्चों की मानसिक परेशानियां बदलती हैं, पहचान आवश्यक।

रीतिका मिश्रा, नई दिल्ली। बच्चों की परेशानी अब केवल परीक्षा में कम अंक आने या पढ़ाई में कमजोर होने तक सीमित नहीं है।

कम उम्र में ही वे दोस्तों के बीच स्वीकार्यता, माता-पिता की अपेक्षाओं, शारीरिक बदलाव, इंटरनेट मीडिया पर तुलना और भविष्य की चिंता से जूझ रहे हैं।

कई बार यह तनाव उनके व्यवहार, पढ़ाई और रिश्तों में दिखाई देता है, लेकिन परिवार और स्कूल इसे जिद या उम्र का सामान्य बदलाव समझकर नजरअंदाज कर देते हैं।

बच्चों में बढ़ रहा तनाव

दिल्ली में विद्यार्थियों से जुड़ी हालिया घटनाओं ने इस चुनौती को और गंभीर बना दिया है। इसी वर्ष अक्टूबर में पूर्वी दिल्ली के कृष्णा नगर स्थित राजकीय सर्वोदय कन्या विद्यालय में 17 वर्षीय छात्रा ने आत्महत्या कर ली थी।

पुलिस को छात्रा के बैग से तीन पन्नों का सुसाइड नोट मिला था। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, उसमें निजी संबंधों और माता-पिता की अपेक्षाओं का जिक्र था।

नवंबर 2025 में सेंट कोलंबस स्कूल के 10वीं के 16 वर्षीय छात्र की आत्महत्या के बाद परिवार ने शिक्षकों पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। छात्र के नोट में भी शिक्षकों के व्यवहार को लेकर शिकायतें थीं। मामले में चार कर्मचारियों को निलंबित किया गया था। उच्च शिक्षा संस्थानों में भी स्थिति चिंताजनक है।

आईआईटी दिल्ली में विद्यार्थियों की आत्महत्या की घटनाओं ने अकादमिक दबाव, अकेलेपन और मानसिक स्वास्थ्य सहायता की उपलब्धता पर सवाल खड़े किए हैं।

संस्थान में 2023 से अब तक आठ विद्यार्थियों की आत्महत्या से मौत की जानकारियां सामने आई हैं ये घटनाएं बताती हैं कि बच्चों की भावनात्मक परेशानी को समय रहते पहचानना कितना जरूरी है।

अध्ययन भी दिखा रहे समस्या की गंभीरता 

दिल्ली एससीईआरटी की 2025-26 की स्टडी में सरकारी स्कूलों के परामर्श संबंधी मामलों में 34 प्रतिशत विद्यार्थियों में चिंता और पढ़ाई का तनाव दर्ज किया गया। 21 प्रतिशत मामलों में साथियों से विवाद और आक्रामक व्यवहार, 16 प्रतिशत में पढ़ाई व एकाग्रता की परेशानी और 14 प्रतिशत में करियर की अनिश्चितता और अभिभावकों का दबाव सामने आया।

निजी और सरकारी स्कूलों को शामिल करने वाले दक्षिण दिल्ली के 679 विद्यार्थियों पर 2025 में प्रकाशित अध्ययन में 25.92 प्रतिशत में अवसाद और 13.70 प्रतिशत में चिंता के लक्षण पाए गए।

वहीं, सेंट्रल दिल्ली के 1,521 विद्यार्थियों पर 2026 में प्रकाशित अध्ययन में 22.5 प्रतिशत में नींद की कमी और करीब 60 प्रतिशत में अवसाद के लक्षण दर्ज हुए थे।

कक्षा के साथ बदलती जाती हैं बच्चों की परेशानियां

  • नर्सरी से दूसरी (3-7 वर्ष): माता-पिता से अलग होने का डर, स्कूल में एडजस्ट न कर पाना, नींद की परेशानी, बार-बार पेट या सिर दर्द की शिकायत और गुस्से के दौरे।
  • तीसरी से पांचवीं (8-10 वर्ष): दोस्तों से विवाद, बुलिंग, पढ़ाई में ध्यान न लगना, आत्मविश्वास की कमी और परीक्षा या शिक्षक से डर।
  • छठवीं से आठवीं (11-14 वर्ष): किशोरावस्था के शारीरिक बदलाव, शरीर और रंग-रूप को लेकर असुरक्षा, साथियों का दबाव, सोशल मीडिया पर तुलना, साइबर बुलिंग और सामाजिक चिंता।
  • नौवीं - दसवीं (14-16 वर्ष): बोर्ड परीक्षा, अंकों की प्रतिस्पर्धा, असफलता का डर, परफेक्शन की चाह, नींद की कमी और अवसाद के लक्षण।
  • 11वीं-12वीं (16-18 वर्ष): प्रतियोगी परीक्षाओं, करियर और भविष्य की चिंता, रिश्तों में तनाव, अकेलापन, भावनात्मक थकान और लगातार प्रदर्शन का दबाव।


परीक्षा का दबाव, प्रतिस्पर्धा, अभिभावकों की अपेक्षाएं और करियर की चिंता बच्चों में तनाव बढ़ाने वाले प्रमुख कारक हैं। कई बार चिंता और अवसाद जैसी परेशानियां समय पर पहचान में नहीं आतीं। छोटी उम्र के बच्चों में अलगाव की चिंता, नींद की समस्या और शारीरिक शिकायतें तनाव के संकेत हो सकते हैं। किशोरों में सामाजिक चिंता, अवसाद के लक्षण, पढ़ाई का दबाव, आनलाइन व्यवहार और साथियों से तुलना अधिक देखने को मिलती है। बच्चों में अचानक व्यवहार बदलने, चिड़चिड़ापन, अकेले रहने, पढ़ाई में गिरावट और बिना स्पष्ट कारण शारीरिक शिकायतों को गंभीरता से लेना चाहिए और ऐसे व्यवहार की शीघ्र पहचान करना जरूरी है।- हिमांशु कुमार सिंह, लेक्चरर, इहबास

यह भी पढ़ें- नोएडा को तंबाकू मुक्त बनाने की मुहीम तेज, स्वास्थ्यकर्मियों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण



देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।