दिल्ली के छठ घाटों पर उमड़ी आस्था, डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य; पूर्वांचल की अनुभूति में डूबे श्रद्धालु
दिल्ली-एनसीआर के छठ घाटों पर महापर्व छठ पूजा की भव्यता और दिव्यता ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। अब कल व्रति उगते सूर्य को अर्घ्य देंगे।

दिल्ली में मनाया जा रहा छठ महापर्व। फोटो-चंद्र प्रकाश मिश्रा
HighLights
दिल्ली के छठ घाटों पर भव्यता और दिव्यता का संगम.
श्रद्धालुओं ने पूर्वांचल जैसी अनुभूति का अनुभव किया.
लाखों भक्तों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया.
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की भव्यता, दिव्यता की अद्भूत और विहंगम छंटा दिल्ली के छठ घाटों पर ऐसी उमड़ी कि आंखें ठहर गई। हर ओर भक्ति की ज्वार और भावनाएं भावुकता से भरी थी। जैसे, घाट किनारे न सिर्फ समूचा पूर्वांचल उमड़ा हो बल्कि उस माटी की सुंगध भी छा गई हो।
विशेष कि आइटीओ घाट पर रंग बिरंगी बिजली की सजावट, दीवारों में छठ पूजा की उकेरी तस्वीर और अन्य व्यवस्थाओं से श्रद्धालु गदगद दिखे। वह खुद कहते मिले कि यह दिल्ली नहीं बल्कि गंगा किनारे का पटना स्थित दीघा घाट आकार ले लिया हो।वैसे, ही छठ गीतों की गूंज के साथ भोजपुरी और मैथिली में उद्घोषणा अहसास करा रही थी।
भक्तिभाव में दिखें श्रद्धालु
सुरक्षा व सुविधा व्यवस्था उन्हें खास सम्मान का एहसास करा रही थी। स्थिति यह कि रविवार को यमुना तट ही नहीं दिल्लीभर के कृत्रिम घाटों पर भी श्रद्धा और भक्ति का अद्भूत संगम नजर आया। लाखों श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव व पूरी आस्था से अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। पूरी रात सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से घाट भक्ति में ओतप्रोत रहे।

इसके पूर्व पारंपरिक वेशभूषा व श्रृंगार में व्रती महिलाओं के साथ परिवार के पुरुष व बच्चे हाथों में सुपली और प्रसाद से भरे दउरा लेकर सूर्य उपासना के लिए जब निकले तो सड़कों पर भी मानो श्रद्धा की धार बह निकली हो।
कोई नंगे पैर बढ़े चले आ रहा था तो कोई मनोकामना के साथ दंडवत प्रमाण करते बढ़े चले आ रहे थे। जिन्हें देखकर आस्था और गहरी होती जा रही थी,लोग पैर छूकर आर्शीवाद ले रहे थे।
लोगों ने बताया दिल्ली के घाटों का एक्सपीरियंस
दरभंगा के युवा राहुल चौधरी ने कहा कि ऐसी व्यवस्था तो उन्होंने बिहार में भी नहीं देखी। जबकि, नेपाल के नीरेंद्र कुमार लाइटिंग देख अभिभूत थे। गणेश नगर के संतराज ने कहा कि वह 1982 से घाट आ रहे हैं। दो वर्ष में जो बदलाव और व्यवस्था देखी वह पहले नहीं था। हालांकि, मंडावली की सुनीता देवी पुलिस द्वारा रोके जाने पर नाराज दिखीं तो उत्तम नगर की नीतू ने कहा कि लग नहीं रहा कि यह दिल्ली है।
आइटीओ के साथ ही वासुदेव घाट, कुदेसिया, मयूर विहार और कालिंदी कुंज जैसे घाटों पर पिछले वर्षों की तुलना में कहीं अधिक भक्त व श्रद्धालु पहुंचे। इसी तरह, करोलबाग स्थित अजमल खां पार्क, देवनगर सीपीडब्ल्यूडी क्वार्टर और आरामबाग सरकारी क्वार्टर समेत अन्य क्षेत्रोें में बनाए गए कृत्रिम घाटों में भी श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की।
आंसुओं में छलकी आस्था
घाटों पर ऐसा भावनात्मक माहौल देखने को मिला कि कई भक्तों की आंखों से आंसू तक छलक पड़े। महिलाएं छठ गीत गा रही थीं, बच्चे दीप लेकर पानी में खेलते हुए भक्ति में डूबे थे। अमीर-गरीब, शिक्षित-अशिक्षित, सभी भेदभाव मिटाकर सभी आस्था की एक ही डोर में पगे नजर आए। गाजियाबाद, उत्तम नगर, पटेल नगर, पूर्वी दिल्ली और करोलबाग जैसे इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग यमुना किनारे पहुंचे।

प्रशासन ने की सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा के लिए शासन-प्रशासन तथा पुलिस के साथ पूजा समितियों द्वारा भी घाटों पर सुरक्षा, सफाई, सुविधा व सहायता के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। दिल्ली पुलिस, यातायात पुलिस व अर्द्धसैनिक बल के जवान मुस्तैद रहे। साथ ही मचान तथा सीसीटीवी से भी व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है।
छठ गीतों की प्रस्तुति
जोड़े-जोड़े फलवा सुरुज देव घटवा पे तिवई चढ़ावेले हो...जल बीच खड़ा होई दर्शन ला आसरा लगावेले हो... हो और केलवा के पात पर उगेलन सुरुजमल... जैसी गीतों की प्रस्तुति ने भक्तों को आस्था से ओतप्रोत कर दिया। आंखों में आंसू थे तो लब पर गीत के बोल थे। आइटीओ घाट से लेकर विभिन्न पूजा घाट पर रातभर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति हुई।
सेल्फी प्वाइंट ने किया आकर्षित
छठ की शाम दिल्ली का नजारा अद्भुत था एक ओर महिलाएं अर्घ्य अर्पित कर सूर्य देव को नमन कर रही थीं, दूसरी ओर बच्चे और बुजुर्ग इस क्षण को अपने कैमरों में कैद करने में व्यस्त थे। विशेष कि इस बार घाटों पर सेल्फी प्वाइंट लगाए गए थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।