विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Chhath Puja 2026: दिल्ली में छठ महापर्व के लिए सज गए घाट, आज खरना के बाद शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला उपवास

Published: Sat, 14 Nov 2026 06:30 AM (IST)

राजधानी दिल्ली में लोक आस्था का महापर्व छठ धूमधाम से मनाया जा रहा है। नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान ...और पढ़ें

छठ महापर्व के लिए सजाया गया यमुना घाट। फोटो-जागरण

छठ महापर्व के लिए सजाया गया यमुना घाट। फोटो-जागरण

HighLights

  1. घाटों पर सूर्यदेव को अर्घ्य देने की तैयारियां तेज।

  2. खरना के साथ शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत।

  3. दिल्ली में घरों से घाटों तक दिखने लगी आस्था की रौनक।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। लोक आस्था के महापर्व छठ का उल्लास राजधानी में छाने लगा है। सूर्यदेव और प्रकृति की अधिष्ठात्री देवी षष्ठी की आराधना के चार दिवसीय अनुष्ठान की शुरुआत शुक्रवार को नहाय- खाय के साथ हो गई। पूर्वांचल की संस्कृति और परंपराओं से जुड़े इस महापर्व को लेकर दिल्ली के अलग- अलग इलाकों में भक्ति और उत्साह का माहौल दिखा।

घरों में छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंजने लगे हैं। वहीं, दूसरी ओर संतान की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना के साथ व्रती पूरी श्रद्धा और नियम-निष्ठा से इस कठिन व्रत का संकल्प ले रहे हैं।

छठ महापर्व का पहला दिन

छठ के पहले दिन नहाय- खाय पर व्रतियों ने घरों की साफ- सफाई करने के बाद कई श्रद्धालु यमुना नदी में स्नान करने पहुंचे तो अधिकतर श्रद्धालुओं ने घर पर ही स्नान किया। इसके बाद पूरी शुद्धता और सात्विकता के साथ प्रसाद तैयार किया गया। इसमें सेंधा नमक से बनी लौकी की सब्जी, चावल और चने की दाल प्रमुख रही। कई घरों में लौकी की पकौड़ी भी बनाई गई।

व्रतियों ने सबसे पहले भगवान सूर्य और छठी मैया को भोग लगाया और फिर परिवार के सदस्यों के साथ प्रसाद ग्रहण किया। नहाय-खाय के साथ ही व्रतियों का खानपान और दिनचर्या पूरी तरह बदल गई है। अब वे जमीन पर सोकर और सात्विक भोजन करते हुए अगले अनुष्ठानों की तैयारी में जुट गए है।

घाटों पर सजने लगीं पूजा की वेदियां

दिल्ली में यमुना किनारे बने घाटों से लेकर विभिन्न कॉलोनियों और आवासीय क्षेत्रों में बनाए जा रहे कृत्रिम घाटों तक छठ की तैयारियां तेज हो गई हैं। पूजा समितियों और स्थानीय लोगों की ओर से घाटों की सफाई, रंग- रोगन और सजावट की जा रही है। कई जगह बांस-बल्लियों से अस्थायी ढांचे तैयार किए जा रहे हैं।

वहीं, व्रतियों के बैठने के लिए दरी बिछाने, टेंट लगाने और रोशनी की व्यवस्था की जा रही है। मिट्टी की वेदियां बनाकर उन्हें सजाया जा रहा है, ताकि श्रद्धालु विधि-विधान से सूर्यदेव को अर्घ्य दे सकें। घाटों पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पूजा समितियां भी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी हैं।

आज खरना से शुरू होगा निर्जला व्रत

छठ के दूसरे दिन यानी शनिवार को खरना का अनुष्ठान होगा। व्रती दिनभर उपवास रखेंगे और शाम को स्नान के बाद भगवान सूर्य की पूजा करेंगे। इसके बाद गुड़ और चावल से बनी खीर तथा रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगे। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा।

खरना के बाद क्या होगा?

कल अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य रविवार को छठ का मुख्य अनुष्ठान होगा। इस दिन घरों में पारंपरिक तरीके से ठेकुआ और अन्य प्रसाद तैयार किए जाएंगे। बांस के सूप और दउरा में मौसमी फल, गन्ना, नारियल, ठेकुआ और पूजन सामग्री सजाई जाएगी। शाम को व्रती परिवार के साथ घाटों पर पहुंचकर डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य देंगे।

इसके बाद सोमवार की सुबह व्रती घाटों पर पहुंचकर उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य देंगे। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा। अर्घ्य देने के बाद व्रती पारण कर 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का समापन करेंगे।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के ITO में बनेगा अत्याधुनिक छठ घाट, पांच एकड़ में बनेगा पर्यटन केंद्र; एक साल में तैयार होगी योजना

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।