दिल्ली में जनगणना-2027 का दूसरा चरण 10 जनवरी से, खुद ऑनलाइन भर सकेंगे फॉर्म; पूछे जाएंगे 40 सवाल
दिल्ली में जनगणना 2027 का दूसरा चरण 10 जनवरी से शुरू होगा, जिसमें लोग 15 दिन तक अपनी जानकारी ऑनलाइन ...और पढ़ें

दिल्ली में जनगणना का दूसरा चरण 10 जनवरी से। फोटो: सांकेतिक
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की शुरुआत 10 जनवरी 2027 से होने की संभावना है। इस चरण में लोगों को अपनी जानकारी खुद ऑनलाइन भरने की सुविधा मिलेगी।
इसके लिए 10 से 24 जनवरी तक 15 दिन का समय दिया जाएगा। इसके बाद 25 जनवरी से गणनाकर्मी घर-घर जाकर लोगों की जानकारी जुटाएंगे। यह काम 28 फरवरी तक चलेगा।
एक से पांच मार्च तक जानकारी में संशोधन का दौर निर्धारित किया गया है। इस संबंध में दिल्ली के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में अधिकारियों की बैठक भी होनी है।
जनगणना का पहला चरण 14 जून को पूरा हुआ था। इसमें मकानों और परिवारों से जुड़ी जानकारी जुटाई गई। अधिकारियों के अनुसार, इस दौरान करीब 76 लाख मकानों और 55 लाख परिवारों को शामिल किया गया। दर्ज आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में दो करोड़ 30 लाख से अधिक लोग सामान्य रूप से रह रहे थे।
जाति समेत 40 सवाल पूछे जाएंगे
जनगणना के दूसरे चरण में लोगों से कुल 40 सवाल पूछे जाएंगे। इनमें नाम, उम्र, लिंग, वैवाहिक स्थिति, परिवार के मुखिया से संबंध, धर्म, शिक्षा, रोजगार और व्यवसाय से जुड़ी जानकारी शामिल होगी।
इसके अलावा लोगों से जाति, मातृभाषा, दिव्यांगता और प्रवास के बारे में भी पूछा जाएगा। जाति संबंधी जानकारी 1931 के बाद पहली बार जनगणना में दर्ज की जाएगी।
प्रश्नावली में माता-पिता का विवरण, जन्मस्थान, पहले कहां रहते थे और मौजूदा जगह पर कब से रह रहे हैं, जैसे सवाल भी शामिल हैं। परिवार में बच्चों की संख्या और बैंक खातों के बारे में भी जानकारी मांगी जाएगी।
आधार देना अनिवार्य नहीं
जनगणना के दौरान मोबाइल नंबर, आधार, मतदाता पहचान पत्र और पासपोर्ट से जुड़ी जानकारी भी मांगी जा सकती है। हालांकि, अधिकारियों के अनुसार, आधार की जानकारी देना स्वैच्छिक होगा। ये विवरण उपलब्ध होने पर ही दिए जा सकेंगे।
जनगणना की जानकारी का इस्तेमाल देश की आबादी, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक स्थिति को समझने तथा भविष्य की योजनाएं बनाने में किया जाता है। लोगों की ओर से दी गई जानकारी की गोपनीयता बनाए रखने का भी प्रावधान है।
यह भी पढ़ें- 500 रुपये में कीजिए दिल्ली के 6 ऐतिहासिक स्थलों की सैर, 12 हेरिटेज एवं नेचर वॉक भी; 24 अक्टूबर से शुरुआत
