निहाल विहार सड़क हादसा: कानून हाथ में लेने वालों पर कसा शिकंजा, बस में आग लगाने वाला समेत तीन गिरफ्तार
निहाल विहार बस हादसे के बाद हुई तोड़फोड़ और आगजनी के मामले में पुलिस ने तीन उपद्रवियों को गिरफ्तार किया ...और पढ़ें
-1773181339905_m.webp)
पुलिस ने बस में आग लगाने वाले मुख्य आरोपित समेत तीन उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया।
HighLights
बस में आग लगाने वाला मुख्य आरोपी नवलेश गिरफ्तार।
निहाल विहार हादसे के बाद तीन उपद्रवी पकड़े गए।
पुलिस ने चार अन्य आरोपियों की पहचान कर ली है।
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। निहाल विहार थाना क्षेत्र में नजफगढ़-नांगलोई रोड पर हुए भीषण बस हादसे के बाद बसों में तोड़फोड़ और आगजनी करने वालों पर अब पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस ने बस में आग लगाने वाले मुख्य आरोपित समेत तीन उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चार अन्य की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
बाहरी जिला के उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि घटना के बाद मौके से मिले सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो का विश्लेषण किया गया, जिसके आधार पर सात उपद्रवियों की पहचान की गई है।
इनमें से बस में आग लगाने वाले मुख्य आरोपित और पत्थरबाजी करने वाले दो अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष चार आरोपितों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और उन्हें जल्द गिरफ्तार किए जाने की संभावना है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान 45 वर्षीय नवलेश के रूप में हुई है, जिसने पेट्रोल में भीगा कपड़ा डालकर बस में आग लगा दी थी।
वह निहाल विहार के शिवराम पार्क का निवासी है और मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। इसके अलावा 19 वर्षीय अनुराग राय, निवासी नांगलोई और सीपू, निवासी नजफगढ़ को भी गिरफ्तार किया गया है। तीनों आरोपित आसपास की कंपनियों में काम करते हैं।
गौरतलब है कि सोमवार सुबह करीब 9:45 बजे एक तेज रफ्तार क्लस्टर बस बेकाबू हो गई और पीछे से स्कूटी व मोटरसाइकिल को टक्कर मारते हुए कई वाहनों को रौंदती चली गई। हादसे में निहाल विहार निवासी रविकांत शर्मा (32) और शिवराम पार्क निवासी कमलजीत (39) की मौत हो गई थी।
रविकांत स्कूटी पर जबकि कमलजीत मोटरसाइकिल पर सवार थे। घायलों में अमन (23) और रूबी (20) शामिल हैं, जो शिवराम पार्क, नांगलोई के रहने वाले हैं और मोटर पार्ट्स कंपनी के सेल्स विभाग में काम करते हैं। दोनों सोमवार सुबह मोटरसाइकिल से कार्यालय जा रहे थे, तभी बस की चपेट में आ गए। हादसे में रूबी के सिर और आंख के पास चोट लगी है।
हादसे के बाद मौके पर करीब 500 लोगों की भीड़ जमा हो गई और आक्रोशित लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसी भीड़ में आरोपित भी थे, जिन्होंने इसका फायदा उठाकर पहले बसों में तोड़फोड़ की और इसी दौरान मुख्य आरोपित नवलेश अपने साथ पेट्रोल से भींगा हुआ कपड़ा ले आया और बस में डालकर उसमें आग लगा दी थी। गनीमत रही थी कि आग के फैलने से पहले ही फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया था।
इस मामले में पुलिस ने हादसे के जिम्मेदार बस के चालक दीपक को प्राथमिकी दर्ज करने के साथ ही उपद्रव करने वालों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की थी। उपायुक्त ने हादसे के बाद लोगों का गुस्सा समझा जा सकता था, लेकिन किसी को भी कानून हाथ में लेने या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का अधिकार नहीं है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
