शाहदरा में भवन निर्माण के अधिकारियों ने मांगी 12 लाख रिश्वत, घर तोड़ने की दी धमकी
पूर्वी दिल्ली के शाहदरा दक्षिणी जोन में भवन निर्माण विभाग के अधिकारियों पर 100 गज के प्लॉट पर लेंटर डालने ...और पढ़ें

दक्षिणी जोन के भवन निर्माण विभाग के अधिकारियों पर 12 लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप।
HighLights
भवन अधिकारियों ने 100 गज प्लाट पर मांगी 12 लाख रिश्वत।
रिश्वत न देने पर मकान तोड़ने, सीलिंग की धमकी।
चेयरमैन रामकिशोर शर्मा ने अधिकारियों को लगाई फटकार।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। पिछले दिनों नगर निगम के शाहदरा उत्तरी और दक्षिणी जोन में रिश्वतखोरी के मामलों में हुई गिरफ्तारी के बीच भी अधिकारी सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। अब दक्षिणी जोन के भवन निर्माण विभाग के अधिकारियों पर 12 लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप लगा है। इस मामले की पीड़ित ने जोनल चेयरमैन रामकिशोर शर्मा से शिकायत की तो उन्होंने अधिकारियों को लताड़ लगाई।
मंगलवार को निगम कार्यालय में जोनल चेयरमैन फरियादियों की शिकायतें सुन रहे थे। इसी दौरान जगतपुरी निवासी एक व्यक्ति ने आरोप लगाया कि भवन निर्माण विभाग के एई और जेई ने 100 गज के प्लॉट पर लेंटर डालने के एवज में 12 लाख रुपये की रिश्वत मांगी है।
पीड़ित ने कहा कि रकम नहीं देने पर अधिकारी मकान तोड़ने और सीलिंग की धमकी दे रहे हैं। शिकायत मिलते ही चेयरमैन ने जेई और एई को मौके पर बुलाकर पीड़ित के सामने ही फटकार लगाई। उन्होंने रिश्वत लेते पकड़े गए निगम अधिकारियों का हवाला देते हुए चेतावनी दी कि गलत कार्यों का अंजाम भुगतना पड़ेगा।
लगातार मिल रहीं हैं शिकायतें
चेयरमैन ने कहा कि कुछ दिन पहले ही एक डीसी और एओ रिश्वत लेते हुए पकड़े गए हैं। ऐसे में अधिकारियों को भ्रष्टाचार से दूर रहना चाहिए, तभी उनका भविष्य सुरक्षित रहेगा। भवन विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही हैं। भ्रष्टाचार में लिप्त पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों की शिकायत निगम आयुक्त, एलजी और मुख्यमंत्री तक की जाएगी।
