विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जब खत्म हो गईं दो जिंदगियां, तब नींद से जागा नगर निगम; दिल्ली शाहदरा हादसे से कटघरे में अफसर

By Saurabh PandeyEdited By: Kapil Kumar
Published: Tue, 17 Nov 2026 03:22 PM (IST)

शाहदरा के ज्वाला नगर में एक जर्जर मकान ढहने से दो लोगों की मौत हो गई, जिसमें एक तीन साल ...और पढ़ें

घटनास्थल पर राहत-बचाव कार्य करती टीम और मृतक बच्ची का फाइल फोटो। जागरण

घटनास्थल पर राहत-बचाव कार्य करती टीम और मृतक बच्ची का फाइल फोटो। जागरण

HighLights

  1. शाहदरा में जर्जर मकान ढहने से दो लोगों की मौत।

  2. प्रशासन ने पहले की शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया।

  3. हादसे के बाद जर्जर इमारतों की जांच के आदेश।

सौरभ पांडेय, पूर्वी दिल्ली। अक्सर प्रशासन की नींद तब टूटती है, जब किसी हादसे में लोगों की जान चली जाती है। खतरे के संकेत पहले से दिखाई देते रहते हैं, लोग शिकायतें भी करते हैं, लेकिन कार्रवाई तब शुरू होती है, जब किसी परिवार की खुशियां हमेशा के लिए उजड़ जाती हैं।

शाहदरा के ज्वाला नगर में मंगलवार को ऐसा ही हुआ। एक जर्जर मकान भर-भराकर ढह गया और मलबे में दबकर तीन साल की बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई। अब हादसे के बाद नगर निगम और जिला प्रशासन को क्षेत्र की जर्जर इमारतों की याद आई है।

सवाल यह है कि जिन मकानों को समय रहते चिह्नित कर लोगों को सुरक्षित किया जा सकता था, उनके लिए दो लोगों की जान जाने का इंतजार क्यों किया गया?

हैरानी की बात यह है कि जिस मकान के ढहने से दो लोगों की जान गई, उसे नगर निगम ने पहले जर्जर घोषित ही नहीं किया था। जिलाधिकारी अजय कुमार के अनुसार, यह मकान करीब 40 से 50 साल पुराना था और बेहद जर्जर हालत में था। आसपास भी कई मकान ऐसे हैं, जिनकी स्थिति काफी खराब है। इसके बावजूद इनकी सुरक्षा को लेकर पहले कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।

रेलवे लाइन किनारे 20 से 25 मकानों पर खतरा

स्थानीय लोगों के अनुसार, रेलवे लाइन के किनारे करीब 20 से 25 मकान बने हुए हैं। इनमें से ज्यादातर की हालत जर्जर है। लोगों का कहना है कि जब भी ट्रेन गुजरती है तो मकानों में कंपन होता है और कई मकान हिलने लगते हैं।

लंबे समय से इस स्थिति को लेकर चिंता जताई जा रही थी, लेकिन नगर निगम ने इन मकानों को खतरनाक इमारतों के रूप में चिह्नित करने की पहल नहीं की।

जमीन रेलवे की या निजी

डीएम अजय कुमार ने राजस्व विभाग को रेलवे लाइन के किनारे बने मकानों की जमीन के मालिकाना हक की जांच करने के निर्देश दिए हैं। कुछ लोगों का कहना है कि ये मकान रेलवे की जमीन पर बने हैं, जबकि स्थानीय लोगों का दावा है कि जमीन निजी है।

राजस्व विभाग यह पता लगाएगा कि जमीन रेलवे की है या निजी। यदि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सभी जर्जर मकान चिह्नित करने के निर्देश

डीएम ने नगर निगम को क्षेत्र की सभी जर्जर इमारतों को चिह्नित करने और उनकी स्थिति की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। खतरनाक पाए जाने वाले मकानों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। हादसे में छह लोग मलबे में दब गए थे। सभी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां बच्ची समेत दो लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।

अब देखना यह है कि प्रशासन की यह कार्रवाई कितनी गंभीरता से आगे बढ़ती है और क्या बाकी परिवारों को किसी दूसरे हादसे का शिकार होने से पहले सुरक्षित किया जा सकेगा।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के ज्वाला नगर में चार मंजिला मकान ढहा, बच्ची समेत दो की मौत; कई लोगों के दबे होने की आशंका

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।