विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

BRICS Summit की सुरक्षा में दिल्ली की ऊंची इमारतों पर कमांडो का पहरा, सड़कों पर 100 से अधिक स्निफर डॉग्स तैनात

Published: Fri, 11 Sep 2026 09:51 PM (IST)

दिल्ली में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के भव्य आगाज के साथ ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। भारत मंडपम, ...और पढ़ें

मुख्य आयोजन स्थल 'भारत मंडपम', विदेशी मेहमानों के ठहरने वाले होटलों और उनके आवागमन वाले सभी मार्गों को बहुस्तरीय सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है।

मुख्य आयोजन स्थल 'भारत मंडपम', विदेशी मेहमानों के ठहरने वाले होटलों और उनके आवागमन वाले सभी मार्गों को बहुस्तरीय सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है।

HighLights

  1. ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम।

  2. ऊंची इमारतों पर कमांडो, सड़कों पर 100 से अधिक स्निफर डॉग्स।

  3. ड्रोन उड़ान पर प्रतिबंध, सीसीटीवी से लगातार निगरानी जारी।

राकेश कुमार सिंह, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का भव्य आगाज हो गया। वैश्विक नेताओं और उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडलों की मौजूदगी को देखते हुए पूरी दिल्ली में सुरक्षा के अभूतपूर्व और कड़े इंतजाम किए गए हैं। मुख्य आयोजन स्थल 'भारत मंडपम', विदेशी मेहमानों के ठहरने वाले होटलों और उनके आवागमन वाले सभी मार्गों को बहुस्तरीय सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है।

भारत मंडपम और संवेदनशील रूटों पर अचूक सुरक्षा

आयोजन स्थल की सुरक्षा और विदेशी प्रतिनिधिमंडलों की अभेद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली पुलिस के साथ-साथ अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया गया है। रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्थानों, खासकर उन रास्तों पर जहां से वीवीआईपी काफिले गुजर रहे हैं, जवानों की भारी तैनाती की गई है।

स्निफर डॉग्स और कमांडो तैनात

सुरक्षा व्यवस्था के तहत 100 से अधिक प्रशिक्षित स्निफर डॉग्स (के-9 स्क्वॉड) की तैनाती की गई है। ये श्वान दस्ता भारत मंडपम, होटलों, यात्रा मार्गों और ऐतिहासिक स्थलों की लगातार जांच कर रहा है। इसके अलावा, नई दिल्ली इलाके की ऊंची इमारतों पर अत्याधुनिक हथियारों और दूरबीन से लैस कमांडो तैनात किए गए हैं, जो दूरबीन के जरिए जमीन से लेकर आसमान तक हर हलचल पर पैनी नजर रख रहे हैं।

ड्रोन उड़ान पर रोक और सीसीटीवी से निगरानी

शिखर सम्मेलन के दौरान निर्धारित क्षेत्रों में ड्रोन या किसी भी अनधिकृत हवाई वस्तु के उड़ाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। पूरे वीवीआईपी रूट और भारत मंडपम की रियल-टाइम निगरानी के लिए एक अस्थायी कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से पुलिस अधिकारी सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड के जरिए हर गतिविधि पर नजर रख रहे हैं। बम पहचान एवं निरोधक दस्ता भी लगातार चेकिंग अभियान चला रहा है।

हवाई अड्डे पर सांस्कृतिक स्वागत और विशेष व्यवस्था

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विदेशी मेहमानों की सुगम और त्वरित आव्रजन (इमिग्रेशन) प्रक्रिया के लिए समर्पित काउंटर बनाए गए हैं। टर्मिनल और सेरेमोनियल लाउंज में राष्ट्राध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों का पारंपरिक नृत्य और लोक संगीत के साथ भव्य सांस्कृतिक स्वागत किया गया।

राजघाट पर जानवरों से बचाव के लिए विशेष टीमें

यदि विदेशी प्रतिनिधिमंडल राजघाट जैसे ऐतिहासिक स्थलों का दौरा करते हैं, तो वहां आवारा पशुओं, बंदरों या सांपों से किसी प्रकार का व्यवधान न हो, इसके लिए मंकी कैचर्स, स्नेक कैचर्स और कैटल कैचर्स की विशेष टीमें तैनात की गई हैं, ताकि मेहमानों की आवाजाही पूरी तरह सुरक्षित और निर्बाध रहे।

यह भी पढ़ें- BRICS Summit में दिल्ली के 300 किमी दायरे में चार्टर उड़ानों पर रोक, VVIP विमानों के लिए खास स्लॉट मैनेजमेंट प्लान

यह भी पढ़ें- दिल्ली में BRICS Summit का ग्लोबल इफेक्ट, होटल हुए फुल; पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को मिला बूस्ट