दिल्ली में BRICS Summit का ग्लोबल इफेक्ट, होटल हुए फुल; पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को मिला बूस्ट
दिल्ली में हो रहे ब्रिक्स शिखर सम्मेलन ने देश की वैश्विक ब्रांडिंग को नई ऊँचाई दी है, जिससे पर्यटन और ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।
HighLights
ब्रिक्स सम्मेलन से दिल्ली के पर्यटन को नई ऊँचाई मिली।
राजधानी के सभी प्रमुख होटल पूरी तरह से पैक हो गए।
टैक्सी, हस्तशिल्प, खान-पान उद्योगों को सीधा लाभ।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली में हो रहे ब्रिक्स शिखर सम्मेलन ने देश की वैश्विक ब्रांडिंग को एक नई ऊंचाई दी है। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश की बढ़ती साख और इस भव्य आयोजन के चलते देश के पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र में उछाल देखा जा रहा है।
सम्मेलन के चलते दिल्ली के होटलों में बढ़िया बुकिंग दर्ज की गई है, जिससे आने वाले दिनों में पर्यटन उद्योग को बड़े पैमाने पर गति मिलने की उम्मीद है।
होटल फुल, कमरों की लगातार बढ़ रही मांग
स्थिति यह कि ब्रिक्स सम्मेलन के केंद्र में होने के कारण राजधानी दिल्ली के सभी प्रमुख होटल पूरी तरह से पैक हो चुके हैं। विदेशी प्रतिनिधियों, द्विपक्षीय व्यापार मंडलों और अंतरराष्ट्रीय मीडियाकर्मियों के बड़े जमावड़े ने शहर के आतिथ्य कारोबार को नई ऊर्जा दी है।
लुटियंस दिल्ली के पंचतारा होटलों से लेकर मध्य दिल्ली के व्यापारिक हब तक कमरों की मांग खूब है।
दिल्ली होटल महासंघ के अध्यक्ष अजय अग्रवाल ने इसे सकारात्मक बताते हुए कहा कि ब्रिक्स जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजन देश की विश्व स्तर पर एक मजबूत ब्रांडिंग करते हैं। इससे निश्चित रूप से भारत के पर्यटन उद्योग को दीर्घकालिक गति मिलेगी।
की उद्योगों को सीधा फायदा
उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के भव्य और बड़े आयोजन न केवल अल्पकालिक व्यापार प्रदान करते हैं, बल्कि सम्मेलन, अंतरराष्ट्रीय बैठकों जैसे मामलों में देश को एक वैश्विक गंतव्य के रूप में स्थापित करते हैं। ब्रिक्स प्रतिनिधियों के आगमन से टैक्सी सेवाओं, स्थानीय हस्तशिल्प बाजारों, गाइडों और खान-पान उद्योग को भी सीधा लाभ पहुंच रहा है।
व्यापारिक संगठनों का कहना है कि सम्मेलन के दौरान दिल्ली और आसपास के ऐतिहासिक धरोहरों, शिल्प संग्रहालयों और सांस्कृतिक केंद्रों की जो सकारात्मक तस्वीर दुनिया के सामने जा रही है, उससे आगामी पर्यटन सीजन में विदेशी पर्यटकों की संख्या में रिकार्ड बढ़ोतरी की पूरी संभावना है।
