दिल्ली में गंदे पानी की सप्लाई से गहराया संकट, अशोक नगर समेत कई इलाकों में नलों से निकल रहा काला पानी
यमुना पार के शास्त्री पार्क, ज्योति नगर सहित कई इलाकों में नलों से काला और बदबूदार पानी आने से लोग ...और पढ़ें
-1794458270638_m.webp)
नलों से निकल रहा काला पानी। जागरण
HighLights
यमुना पार के कई इलाकों में नलों से काला पानी।
दूषित पानी से पेट संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ा।
जल बोर्ड पर लापरवाही का आरोप, तत्काल कार्रवाई की मांग।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। यमुना पार के कई इलाकों में गुरुवार सुबह नलों से काला और बदबूदार पानी आने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शास्त्री पार्क, ज्योति नगर, अशोक नगर, सुंदर नगरी और दिलशाद गार्डन समेत कई कॉलोनियों में गंदे पानी की आपूर्ति होने की शिकायतें सामने आईं।
सुबह से ही लोग जल बोर्ड के अधिकारियों और कर्मचारियों को फोन कर शिकायत करते रहे, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। लोगों को पीने और खाना बनाने के लिए पानी की व्यवस्था करने में भी परेशानी हुई। कई परिवारों को बोतलबंद पानी खरीदना पड़ा तो कुछ लोग आसपास के घरों से पानी लेने को मजबूर हुए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नलों से आ रहे पानी का रंग इतना काला है कि उसे देखकर ही इस्तेमाल करने की हिम्मत नहीं हो रही। पानी से नाली जैसी दुर्गंध भी आ रही है।
लोगों को आशंका है कि सीवर का पानी पेयजल की पाइपलाइन में मिल रहा है। ऐसे में दूषित पानी के इस्तेमाल से पेट संबंधी बीमारियां फैलने का खतरा भी बना हुआ है।
गुणवत्ता पर पड़ रहा असर
वेस्ट ज्योति नगर आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष मनमोहन सारस्वत ने बताया कि उनकी कॉलोनी की सभी सीवर लाइनें जाम हैं। कई जगह सीवर ओवरफ्लो हो रहा है। लोनी रोड पर बड़े नाले के निर्माण के दौरान उसका पानी कॉलोनी की सीवर लाइन में डाल दिया गया है। इससे सीवर व्यवस्था प्रभावित हुई है और अब पेयजल की गुणवत्ता पर भी असर पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जल बोर्ड के जेई और एई को कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। अधिकारी किसी बड़ी बीमारी के फैलने का इंतजार कर रहे हैं।
काला और बदबूदार पानी आया
वहीं, अशोक नगर निवासी अनिल कुमार ने बताया कि सुबह नल खोलने पर काला और बदबूदार पानी आया। पानी को देखकर साफ लग रहा था कि इसे पीने या खाना बनाने में इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। लोगों ने जल बोर्ड से तत्काल पाइपलाइनों की जांच कराने और स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि जब तक पानी की गुणवत्ता की जांच नहीं हो जाती, तब तक उसे पीने के लिए इस्तेमाल करना खतरे से खाली नहीं है।
यह भी पढ़ें- 1 करोड़ का बजट, फिर भी पार्कों में दूषित पानी और बदबू; नगर परिषद के सफाई के दावों की निकली हवा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।