बैंक हड़ताल से दिल्ली में ठप रहा कामकाज, तीन दिन बढ़ा इंतजार; बिना जानकारी पहुंचे ग्राहक लौटे
बैंककर्मियों की देशव्यापी हड़ताल के कारण शुक्रवार को उपभोक्ताओं को काफी परेशानी हुई, जिससे नकद जमा-निकासी और चेक क्लियरेंस जैसे ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।
HighLights
बैंक हड़ताल से शुक्रवार को बैंकिंग सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं।
शनिवार-रविवार अवकाश के कारण बैंक अब सोमवार को खुलेंगे।
नकद जमा-निकासी, चेक क्लियरेंस जैसे काम तीन दिन ठप रहे।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को बैंककर्मियों की देशव्यापी हड़ताल के कारण उपभोक्ताओं को अधिक परेशान होना पड़ा। शनिवार और रविवार को अवकाश होने के कारण बैंक अब सोमवार को खुलेंगे। ऐसे में शुक्रवार को बैंक से जुड़े जरूरी काम कराने पहुंचे लोगों को अब इंतजार करना होगा। कई उपभोक्ताओं को हड़ताल की जानकारी नहीं थी, इसलिए उन्हें बैंक शाखाओं से मायूस होकर लौटना पड़ा।
कनाट प्लेस, करोल बाग, पहाड़गंज और चांदनी चौक में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआइ), पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) और बैंक आफ बड़ौदा समेत कई बैंकों की शाखाओं में शाखा स्तर का कामकाज बंद रहा। नकद जमा-निकासी, चेक भुगतान, चेक क्लियरेंस और पासबुक अपडेट कराने पहुंचे उपभोक्ताओं को वापस लौटना पड़ा।
बिना जानकारी पहुंचे कई लोग
दक्षिणी दिल्ली के ओखला फेज-3 स्थित एसबीआइ शाखा में भी कई लोग बिना जानकारी के पहुंचे। यहां कैश डिपाजिट मशीन भर जाने से लोग उसमें पैसे जमा नहीं करा सके। मनमोहन ने बताया कि उन्हें हड़ताल की जानकारी नहीं थी। बैंक के बाहर सुरक्षाकर्मी ने शाखा बंद होने की जानकारी दी। अब सोमवार को ही काम हो सकेगा।
यह भी पढ़ें- बिहार में बैंक की हड़ताल का ₹50000 करोड़ के कारोबार पर असर, 4000 ब्रांच में ठप रहा काम
यह भी पढ़ें- सप्ताह में सिर्फ पांच दिन काम के लिए हड़ताल, बैंक बंद होने से सोनभद्र में 250 करोड़ का लेनदेन प्रभावित
बाहरी दिल्ली की एसबीआइ, बैंक आफ बड़ौदा और पीएनबी शाखाओं में भी कामकाज प्रभावित रहा। बादली निवासी अनिल यादव पेंशन संबंधी काम से बैंक पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि बैंक पहुंचने पर हड़ताल की जानकारी मिली। प्रशांत विहार निवासी जितेंद्र नया खाता खुलवाने के बाद पासबुक लेने पहुंचे थे। उनका कहना था कि पहले जानकारी होती तो बैंक नहीं आते।
उपभोक्ताओं से बातचीत
दफ्तर से अवकाश लेकर पैसे जमा कराने आए थे, लेकिन बैंक बंद होने और मशीन फुल होने के कारण काम नहीं हो सका।
- नवीन कुमार, ओखला निवासी।
बाजार में नकद लेनदेन प्रभावित हुआ है। एक दिन की हड़ताल से इंतजार तीन दिन का हो गया है। हालांकि, इंटरनेट बैंकिंग और यूपीआइ से काफी काम हो जाने से परेशानी कुछ कम रही।
-राजेंद्र शर्मा, महासचिव, फेडरेशन आफ सदर बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन।
यहां इंटरनेट की समस्या है। इस वजह से अधिक दिक्कत हुई है। चेक क्लियरेंस और विदेशी मुद्रा की अदला- बदली पर भी असर पड़ा है।
- श्रीभगवान बंसल, व्यापारी , चांदनी चौक।
