विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली विधानसभा के बजट सत्र में विपक्ष के बहिष्कार को स्पीकर विजेंद्र गुप्ता ने बताया दुर्भाग्यपूर्ण

Published: Tue, 31 Mar 2026 12:12 AM (IST)

दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने बजट सत्र में विपक्ष के बहिष्कार को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि विपक्ष को सदन में बात रखने का मौका दिया गया था, लेकिन वे नहीं आए। गुप्ता ने इसे देश के विधायी इतिहास में अभूतपूर्व स्थिति बताया। सत्र में कैग की सभी लंबित रिपोर्टें सदन में रखी गईं और कई महत्वपूर्ण विधेयक पारित हुए। 

दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने बजट सत्र में विपक्ष के बहिष्कार को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने बजट सत्र में विपक्ष के बहिष्कार को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

HighLights

  1. विजेंद्र गुप्ता ने विपक्ष के बजट सत्र बहिष्कार को दुर्भाग्यपूर्ण कहा।

  2. सत्र में कैग की सभी सात लंबित रिपोर्टें सदन में रखी गईं।

  3. दिल्ली विधानसभा में 'विकसित भारत' युवा संसद का आयोजन हुआ।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने बजट सत्र में विपक्ष के बहिष्कार को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। बजट समापन के बाद सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में गुप्ता ने कहा कि विपक्ष को सदन में बात रखने के लिए बुलाया भी गया था और यह भी कहा गया था कि उनके चार विधायकों के निष्कासन का फैसला भी सदन में ही होगा। मगर विपक्ष सदन में आने को तैयार नहीं हुआ और पूरे विपक्ष ने सदन का बहिष्कार किया जो अनुचित था।

गुप्ता ने कहा कि यह चिंता का विषय है कि इस सत्र के दौरान विपक्ष ने पूरी तरह से नकारात्मक दृष्टिकोण अपनाया है। उन्होंने कहा कि देश के विधायी इतिहास में ऐसी स्थिति अभूतपूर्व है, जहां विपक्षी सदस्यों ने बिना किसी स्पष्ट कारण के सदन से दूरी बना ली।

कैग की सभी सात लंबित रिपोर्टों को सदन के पटल पर रखा गया

विधानसभा अध्यक्ष ने आठवीं विधान सभा के चौथे सत्र के दूसरे भाग के समापन पर जानकारी देते हुए कहा कि कैग की सभी सात लंबित रिपोर्टों को सदन के पटल पर रख दिया गया है और अब कोई भी रिपोर्ट लंबित नहीं है। इन रिपोर्टों को लोक लेखा समिति (पैग) को सौंप दिया गया है। राज्य वित्त, राजस्व, आर्थिक, सामाजिक और सामान्य क्षेत्रों के साथ-साथ दिल्ली जल बोर्ड और विश्वविद्यालयों से संबंधित ऑडिट रिपोर्ट 23 मार्च को पेश करने के बाद उन पर चर्चा हुइग्। गुप्ता ने कहा कि 15 वर्षों में पहली बार लोक लेखा समिति की तीन रिपोर्टों ने पूर्ण प्रक्रियात्मक चक्र पूरा किया है, जिससे अब सरकार पर उन पर कार्रवाई करने की जिम्मेदारी तय हुई है।

सत्र के दौरान हुए विधायी कार्यों का विवरण देते हुए अध्यक्ष ने बताया कि 23 मार्च 2026 को दिल्ली का आर्थिक सर्वेक्षण (2025-26) प्रस्तुत किया गया। 24 मार्च 2026 को वर्ष 2026-27 का वार्षिक बजट पेश किया गया और 27 मार्च 2026 को बजट को सदन में हुई चर्चा के बाद अपनाया गया। साथ ही, दिल्ली विनियोग (संख्या 2) विधेयक 2026, सोसाइटी पंजीकरण (दिल्ली संशोधन) विधेयक 2026 और दिल्ली विनियोग (संख्या 3) विधेयक 2026 जैसे महत्वपूर्ण विधेयक पारित किए गए।

युवा संसद का आयोजन

दिल्ली विधानसभा और युवा मामले एवं खेल मंत्रालय (मेरा युवा भारत, दिल्ली) के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को दिल्ली विधानसभा परिसर में राज्य स्तरीय 'विकसित भारत' युवा संसद का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस राज्य स्तरीय युवा संसद में दिल्ली के विभिन्न जिलों से चुनकर आए 50 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। जिसमें अभिनव बोरगोहेन ने प्रथम, सुजल शर्मा ने द्वितीय तथा रिया पांडेय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

यह भी पढ़ें- पानी की कमी पर AAP का कटाक्ष, सौरभ भारद्वाज ने कहा- पूर्व एलजी से सलाह लें BJP

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।