विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीवाली से पहले जहरीली हुई दिल्ली की हवा, 400 के पार पहुंच सकता है AQI

Published: Sat, 07 Nov 2026 11:34 PM (GMT+05:30)

दीवाली की पूर्व संध्या से ही दिल्ली की हवा 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंच गई है। जिसके रविवार और सोमवार को 'गंभीर' श्रेणी में पहुंचने की आशंका है।

दिल्ली में बढ़ सकता है प्रदूषण का स्तर। फोटो-जागरण आर्काइव

दिल्ली में बढ़ सकता है प्रदूषण का स्तर। फोटो-जागरण आर्काइव

HighLights

  1. दिल्ली का एक्यूआई दीपावली पर 400 के पार जा सकता है।

  2. परिवहन क्षेत्र दिल्ली के प्रदूषण में 21.4% का योगदान देता है।

  3. गिरता तापमान और धीमी हवा प्रदूषण को और बढ़ाएगी।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दीवाली की पूर्व संध्या पर भी राजधानी दिल्ली की हवा जहरीली बनी रही। शुक्रवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआ) 381 यानी बहुत खराब श्रेणी में दर्ज किया गया था, जो शनिवार को थोड़ा सुधरकर 369 पर पहुंच गया।

दिल्ली के लिए वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के अनुसार, रविवार और सोमवार को एक्यूआइ 400 के पार यानी 'गंभीर' श्रेणी में जाने की पूरी संभावना है।

कैसा रहेगा मौसम का हाल?

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार सुबह शहर के अधिकांश हिस्सों में हल्का कोहरा छाया रहा, लेकिन दिन चढ़ने के साथ धूप निकल आई। अगले दो दिनों तक ऐसा ही मौसम रहने की उम्मीद है। इसके बाद नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से सुबह के समय कोहरे के साथ-साथ आंशिक रूप से बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है।

दिल्ली के 16 स्टेशनों पर गंभीर श्रेणी में एक्यूआई

दिल्ली के प्रदूषण निगरानी केंद्रों में शनिवार को 16 स्टेशनों पर हवा का स्तर गंभीर और 29 पर बहुत खराब दर्ज किया गया। सबसे खराब स्थिति आईआईटी दिल्ली क्षेत्र में रही, जहां एक्यूआई 452 दर्ज किया गया। इस दौरान वातावरण में पीएम-10 मुख्य प्रदूषक तत्व रहा।

परिवहन से बढ़ रहा प्रदूषण

डिसिजन सपोर्ट सिस्टम (डीएसएस) के आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली के प्रदूषण में 21.4 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ परिवहन क्षेत्र सबसे बड़ा योगदानकर्ता रहा, जबकि पराली जलाने का योगदान केवल 1.7 प्रतिशत रहा।

सड़कों पर जगह-जगह लग रहे यातायात जाम के कारण वाहनों से होने वाला धुआं और उत्सर्जन बढ़ रहा है, जिससे हवा लगातार और जहरीली हो रही है।

विशेषज्ञों का कहना है कि गिरते तापमान, हवा की धीमी गति, वाहनों से होने वाले उत्सर्जन, दीपावली पर पटाखों और पड़ोसी राज्यों में जलती पराली के संयुक्त प्रभाव से आगामी दिनों में वायु गुणवत्ता चिंताजनक स्तर पर बनी रहेगी।

यह भी पढ़ें- दिल्ली चावड़ी बाजार हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 6 हुई, घायलों का इलाज जारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।