IGI एयरपोर्ट पर देश का पहला रोबोटिक कैफे, रोबोट ही बनाएगा और परोसेगा आपकी कॉफी, खाली समय में डांस कर करेगा एंटरटेन
दिल्ली के आइजीआइ एयरपोर्ट पर एक नया रोबोटिक कैफे शुरू हुआ है। इस कैफे की खासियत यही है कि यहां ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
HighLights
आइजीआइ एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर रोबोटिक कैफे शुरू।
रोबोट स्वचालित रूप से कॉफी, चाय और स्नैक्स तैयार करता है।
खाली समय में रोबोट संगीत पर थिरककर यात्रियों का मनोरंजन करता है।
गौतम कुमार मिश्रा, नई दिल्ली। आइजीआइ एयरपोर्ट पर कॉफी पीने का अंदाज बदलने जा रहा है। अब यहां कॉफी बनाने और ग्राहक तक पहुंचाने के लिए किसी कर्मचारी की जरूरत नहीं होगी।
टर्मिनल-3 के गेट नंबर 42 के पास शुरू किए गए रोबोटिक कैफे में मशीन ही आर्डर लेगी, कॉफी तैयार करेगी और उसे ग्राहक तक पहुंचाएगी।आइजीआइ एयरपोर्ट ने अपने एक्स पर वीडियो साझा कर इस नई सुविधा को प्रदर्शित किया है।
रोबोट चलाते हैं पूरा कैफे
इस कैफे की खासियत यह है कि यहां आर्डर लेने, कॉफी तैयार करने और उसे निर्धारित जगह तक पहुंचाने की प्रक्रिया स्वचालित है। यात्री स्क्रीन पर उपलब्ध विकल्पों में से अपनी पसंद का पेय चुनते हैं।
इसके बाद रोबोटिक आर्म कप उठाकर उसे कॉफी मशीन के नीचे रखता है। पेय तैयार होने के बाद रोबोट कप को पिकअप विंडो तक पहुंचा देता है, जहां से यात्री अपना आर्डर ले सकते हैं। एक आर्डर तैयार होने में करीब दो से तीन मिनट लगते हैं।
कॉफी ही नहीं, चाय और आइसक्रीम का भी विकल्प
रोबोटिक कैफे में यात्रियों को केवल कॉफी ही नहीं, बल्कि कई दूसरे विकल्प भी मिलेंगे। इनमें चाय, फ्लेवर्ड मिल्क, साफ्ट-सर्व आइसक्रीम और कुछ स्नैक्स शामिल हैं। अलग-अलग उत्पादों को तैयार करने और परोसने के लिए रोबोटिक आर्म मशीनों के साथ काम करता है। इससे कैफे में पेय तैयार करने की प्रक्रिया को एक अलग और आधुनिक रूप दिया गया है।
आइसक्रीम परोसने के दौरान भी रोबोट कप को मशीन के नीचे रखता है और तैयार उत्पाद को ग्राहक के लिए तय स्थान तक पहुंचाता है। इस पूरी प्रक्रिया को देखकर यात्रियों को यह समझने का मौका मिलता है कि रोजमर्रा के खानपान से जुड़ी सेवाओं में भी रोबोटिक तकनीक का इस्तेमाल किस तरह किया जा रहा है।
खाली समय में संगीत पर थिरकता है रोबोट
इस कैफे का एक और दिलचस्प पहलू इसका रोबोटिक आर्म है। जब कोई आर्डर नहीं होता, तब यह संगीत की धुन पर हाथ हिलाता और थिरकता नजर आता है। यही वजह है कि यह कैफे केवल पेय उपलब्ध कराने वाली जगह तक सीमित नहीं रहता, बल्कि यात्रियों के लिए कौतूहल का विषय भी है।
एयरपोर्ट पर उड़ान के इंतजार में बैठे यात्रियों, खासकर बच्चों और तकनीक में दिलचस्पी रखने वाले लोगों के लिए यह अनुभव नया हो सकता है।
यह भी पढ़ें- बिजनौर से दिल्ली-एनसीआर में चोरी-छिपे अवैध पटाखों की सप्लाई जारी
