खाड़ी देशों पर हमले से इंटरनेशनल उड़ानें प्रभावित, दिल्ली से 80 फ्लाइट्स कैंसिल; यात्रियों की चिंता बढ़ी
खाड़ी क्षेत्र में ईरान के हमलों के कारण दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हवाई यातायात प्रभावित हुआ ...और पढ़ें
HighLights
दिल्ली एयरपोर्ट पर 80 उड़ानें रद या प्रभावित हुईं
ईरान के हमलों के कारण हवाई यातायात बाधित
यात्रियों को असुविधा, एयरलाइंस ने एडवाइजरी जारी की
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। खाड़ी क्षेत्र ईरान द्वारा किए गए हमलों के बाद हवाई यातायात पर व्यापक असर देखने को मिल रहा है। राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार को 80 उड़ानें प्रभावित हुई हैं, जिनमें 36 प्रस्थान (Departures) और 44 आगमन (Arrivals) की उड़ानें कैंसल कर दी गईं।
इजराइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष के चलते कई खाड़ी देशों के एयरस्पेस पर प्रतिबंध या आंशिक बंदी लागू की गई है। सुरक्षा कारणों से कई अंतरराष्ट्रीय एयरलाइनों ने अपने रूट बदल दिए हैं, जबकि कुछ ने एहतियातन उड़ानें रद कर दी हैं। इसका सीधा असर दिल्ली से खाड़ी देशों और यूरोप जाने वाली फ्लाइट्स पर पड़ा है।
यात्रियों को हो रही परेशानी
अचानक रद हुई उड़ानों के कारण एयरपोर्ट पर यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई यात्री बिना पूर्व सूचना के एयरपोर्ट पहुंचे, जहां उन्हें उड़ान रद होने की जानकारी मिली। एयरलाइंस री-शेड्यूलिंग और रिफंड की प्रक्रिया शुरू कर सकती हैं, लेकिन लंबी कतारों और अनिश्चितता ने स्थिति को तनावपूर्ण बना दिया है।
एयरलाइंस ने जारी की एडवाइजरी
कई प्रमुख एयरलाइनों ने यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की जांच करने की सलाह दी है। साथ ही, जिन यात्रियों की कनेक्टिंग फ्लाइट्स खाड़ी देशों के जरिए थीं, उन्हें वैकल्पिक मार्गों की पेशकश की जा रही है।
आगे क्या?
एविएशन विशेषज्ञों का मानना है कि यदि खाड़ी क्षेत्र में तनाव और बढ़ता है, तो आने वाले दिनों में और अधिक उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। एयरस्पेस बंद रहने या सीमित संचालन की स्थिति में अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर व्यापक असर पड़ सकता है।
फिलहाल एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे आधिकारिक वेबसाइट या एयरलाइन से संपर्क कर ताजा जानकारी प्राप्त करें और अनावश्यक रूप से एयरपोर्ट पहुंचने से बचें।
यह भी पढ़ें- ईरान-इजरायल युद्ध के बीच दुबई में डर के साये में रह रहे दिल्ली से गए लोग, परिजन हो रहे परेशान
यह भी पढ़ें- मध्यपूर्व तनाव के बीच अबू धाबी से दिल्ली पहुंचा विमान, 87 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें हुई रद
