विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मध्यपूर्व तनाव के बीच अबू धाबी से दिल्ली पहुंचा विमान, 87 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें हुई रद

Published: Mon, 02 Mar 2026 09:49 PM (IST)

मध्यपूर्व में बढ़ते तनाव के बीच सोमवार को अबू धाबी से एतिहाद एयरवेज की उड़ान दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर ...और पढ़ें

उड़ानें रद होने से दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्री परेशान नजर आए। (फाइल फोटो)

उड़ानें रद होने से दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्री परेशान नजर आए। (फाइल फोटो)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। मध्यपूर्व में बढ़ते तनाव बीच सोमवार को अबू धाबी से यात्रियों को लेकर एतिहाद एयरवेज की उड़ान दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) एयरपोर्ट पहुंची। आईजीआई एयरपोर्ट पर उड़ान संख्या इवाय 216 ने साढ़े आठ बजे लैंडिंग की। आवाजाही बंद होने के बाद अबू धाबी से यह पहला विमान पहुंचा है। एतिहाद की कई उड़ानें आज भारत के विभिन्न शहरों में पहुंच रही हैं।

उड़ानें रद होने से IGI एयरपोर्ट पर नजर आ रही यात्रियों की परेशानी

मध्यपूर्व में बढ़ते तनाव और वहां हवाई क्षेत्र बंद किए जाने के कारण अंतरराष्ट्रीय विमानन सेवाओं में भारी व्यवधान के बीच आईजीआई एयरपोर्ट पर उड़ानों के रद होने का सिलसिला सोमवार को भी जारी रहा। सोमवार को आईजीआई एयरपोर्ट पर करीब 87 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद की गईं, जिनमें 37 प्रस्थान और 50 आगमन की हैं।

कई यात्री फंसे

ईरान-इजराइल संघर्ष के चलते न केवल भारतीय एयरलाइंस (एअर इंडिया, इंडिगो, एअर इंडिया एक्सप्रेस व अन्य) ने मध्यपूर्व की अपनी सभी उड़ानें रद कर दी हैं। उधर मध्यपूर्व से ताल्लुक रखने वाली अंतररष्ट्रीय एयरलाइंस जैसे एमिरेट्स, कतर एयरवेज और एतिहाद, एयर अरबिया, गल्फ एयर ने भी दिल्ली सहित दुनिया भर के विभिन्न हिस्सों के लिए अपनी उड़ानें या तो रद कर दी हैं या उनके मार्ग बदल दिए हैं।

इस स्थिति का सबसे गंभीर असर उन यात्रियों पर पड़ा है, जिन्हें दिल्ली से खाड़ी देशों के माध्यम से यूरोप, अमेरिका या अन्य देशों की यात्रा करनी थी। दुबई, दोहा और अबू धाबी जैसे बड़े ट्रांजिट हब बंद होने या सीमित परिचालन के कारण हजारों यात्री अब फंसे हैं। ऐसे यात्रियों के पास अपने देश जाने के बेहद सीमित विकल्प हैं।

स्पेनिश दूतावास से मदद मांग रहे यात्री

स्पेन के यात्रियों का एक दल सोमवार को आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल 3 पर परेशान नजर आया। इनका कहना था कि एतिहाद एयरवेज की उड़ान संख्या ईवाय 219 से अबू धाबी होते हुए इन्हें वापस मैड्रिड जाना था। सुबह चार बजे इनकी उड़ान थी, लेकिन एयरपोर्ट पर आकर पता चला कि एतिहाद एयरवेज ने फिलहाल अपनी उड़ानों को रद कर दिया है।

ऐसे में अब क्या करें, यह एक बड़ी परेशानी है। स्पेन की मारिया बताती हैं कि फिलहाल एतिहाद से कोई मदद नहीं मिलता देख अब अपने खर्च पर होटल बुक करना पड़ेगा, बचे पैसे खत्म हो रहे हैं। मजबूरी में हम लोगों को स्पेनिश दूतावास से मदद मांगनी पड़ रही है। क्या होगा पता नहीं।

मारिया ही नहीं कई यूरोपीय यात्रियों को टर्मिनल 3 पर परेशान देखा जा सकता है। इसी तरह अबू धाबी के ओमर बताते हैं कि एतिहाद की उड़ान रद है, यह तो पता है, लेकिन इस उम्मीद से कि शायद एकाएक पता चले कि उड़ानें शुुरु हो गई है, वे लगातार दो दिनों से रोजाना एयरपोर्ट आ रहे हैं, लेकिन रोज उन्हें निराशा ही हाथ लग रही है।

उमरा यात्रियों की बढ़ी परेशानी

रमजान के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमरा के लिए सऊदी अरब जाने की तैयारी में थे। भारतीय यात्री आमतौर पर एअर इंडिया या अन्य भारतीय एयरलाइंस की उड़ानों का इस्तेमाल करते थे, लेकिन वर्तमान संकट में तमाम भारतीय एयरलाइंस ने मध्यपूर्व की अपनी तमाम उड़ानें रद कर दी हैं। इससे उमरा यात्री परेशान हैं।

जो सोशल मीडिया या इससे जुड़े साधनों से दूर रहते हैं, वे एयरपोर्ट जब पहुंचते हैं, तो उन्हें निराशा हाथ लग रही है, लेकिन संकट की इस घड़ी में सऊदी अरब की प्रमुख एयरलाइंस सउदिया की उड़ानें एकमात्र मुख्य सहारा बनकर उभरी हैं।

उमरा के लिए मक्का जा रहे अपने पिता को छोड़ने आई तैय्यबा बताती हैं कि तमाम एयरलाइंस की उड़ानें रद होने से सउदिया पर दबाव बढ़ गया है और टिकटों की उपलब्धता एक बड़ी चुनौती बन गई है, लेकिन जब आपने निश्चय कर लिया है कि आपको जाना ही है तो टिकटों की कीमत मायने नहीं रखती। लेकिन ऐसा सभी सोचें और कर लें, यह मुमकिन नहीं है। कई लोगों को अपनी उतरा की यात्रा टालनी पड़ रही है।